scriptराजनीति में हमारी लड़ाई प्रतिनिधित्व के लिए हैं, सत्ता के लिए नहीं-राहुल | Patrika News
नई दिल्ली

राजनीति में हमारी लड़ाई प्रतिनिधित्व के लिए हैं, सत्ता के लिए नहीं-राहुल

-शक्ति अभियान-इंदिरा फेलोशिप की राष्ट्रीय कार्यकारिणी बैठक में बोले नेता प्रतिपक्ष

नई दिल्लीOct 19, 2024 / 12:19 pm

Shadab Ahmed

नई दिल्ली. लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी ने कहा कि आज राजनीति में हमारी लड़ाई सिर्फ सत्ता के लिए नहीं है, बल्कि प्रतिनिधित्व के लिए भी है। ये दोनों एक ही सिक्के के दो पहलू हैं। जैसे कुछ लोग सोचते हैं, वैसे अलग-अलग नहीं हैं।
राहुल ने यह बातें कांग्रेस के शक्ति अभियान-इंदिरा फेलोशिप की राष्ट्रीय कार्यकारिणी बैठक के पहले दिन शुक्रवार को कही। राहुल ने 21 राज्यों से आई महिला नेताओं के साथ गहन विचार-विमर्श किया। सभी प्रतिभागी अपने-अपने क्षेत्रों में सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन करने वाली महिलाएं थीं, जिन्होंने जमीनी स्तर पर महिलाओं के सामने आने वाली पितृसत्ता की गहरी चुनौतियों का सामना करने की प्रतिबद्धता जताई। इस अवसर पर राहुल कहा कि राजनीति में संघर्ष सिर्फ पारंपरिक विपक्षी दलों के खिलाफ नहीं, बल्कि एक व्यापक वैचारिक लड़ाई है। उन्होंने कहा कि महिलाओं को यह समझना चाहिए कि वे केवल सांकेतिक राशि या पदों को स्वीकार न करें, बल्कि अपने अधिकारों के लिए लड़ें जिनके वे हकदार हैं।
Leader of Opposition in Loksabha Rahul Gandhi

महिला-केंद्रित राजनीति के लिए आंदोलन

इंदिरा फेलोशिप की ओर से संचालित शक्ति अभियान एक राष्ट्रीय पहल है, जिसका उद्देश्य भारतीय राजनीति में महिलाओं को समान प्रतिनिधित्व को सुनिश्चित करना है। यह आंदोलन ग्रामीण और शहरी समुदायों की उच्च प्रदर्शन करने वाली महिलाओं को चुनाव लडऩे, नेतृत्व की भूमिका निभाने और स्थानीय और राष्ट्रीय शासन में गहरे पितृसत्तात्मक मानदंडों को चुनौती देने के लिए सशक्त बनाने के लिए है। पिछले वर्ष के दौरान इस अभियान से सैकड़ों जमीनी महिला नेताओं को सशक्त कर उनकी नेतृत्व क्षमताओं को बढ़ाया है। उन्हें पंचायतों, नगर पालिकाओं और अन्य शासी निकायों में पदों के लिए चुनाव लडऩे के लिए तैयार किया है।

अभियान की मुख्य मांगें

1. समान राजनीतिक प्रतिनिधित्व: सभी स्तरों पर निर्वाचित कार्यालयों में 50 फीसदी महिलाओं के प्रतिनिधित्व को सुनिश्चित करने के लिए नीतिगत सुधार

2. महिला नेताओं के लिए वित्तीय और प्रशासनिक समर्थन के लिए प्रणालीगत बाधाओं को दूर करने के लिए प्रशिक्षण कार्यक्रम
3. सार्वजनिक जीवन में महिलाओं की सुरक्षा और गरिमा: कार्यालय में रहते हुए महिला नेताओं को उत्पीडऩ, हिंसा और धमकी से सुरक्षा प्रदान करना

4. नीति-निर्माण में महिला नेतृत्व की मान्यता: हाशिए पर पड़े समुदायों को प्रभावित करने वाले मुद्दों पर महिलाओं की आवाज़ को नीतियों के निर्माण में जगह देने का प्रयास

Hindi News / New Delhi / राजनीति में हमारी लड़ाई प्रतिनिधित्व के लिए हैं, सत्ता के लिए नहीं-राहुल

ट्रेंडिंग वीडियो