scriptराजस्थान उपचुनाव: अजमेर से रघु शर्मा और मांडलगढ़ से विवेक होंगे कांग्रेस प्रत्याशी | congress Candidate List for Rajasthan By Elections 2018 | Patrika News
जयपुर

राजस्थान उपचुनाव: अजमेर से रघु शर्मा और मांडलगढ़ से विवेक होंगे कांग्रेस प्रत्याशी

भाजपा की ओर से प्रत्याशी घोषित होने के बाद कांग्रेस ने भी रविवार शाम को अपने पत्ते खोल दिए।

जयपुरJan 07, 2018 / 10:03 pm

Kamlesh Sharma

By Elections 2018

congress

जयपुर। भाजपा की ओर से प्रत्याशी घोषित होने के बाद कांग्रेस ने भी रविवार शाम को अपने पत्ते खोल दिए।
प्रदेश के तीन उपचुनाव के टिकट को लेकर चल रही कश्मकश रविवार को समाप्त हो गई।
कांग्रेस ने अजमेर लोकसभा उपचुनाव के लिए केकड़ी से विधायक रह चुके कांग्रेस के प्रदेश उपाध्यक्ष रघु शर्मा को मैदान में उतारा है। जबकि 2014 के लोकसभा चुनाव में कांग्रेस प्रदेशाध्यक्ष सचिन पायलट अजमेर में कांग्रेस की ओर से प्रत्याशी रहे थे।
इस बार पायलट के पास प्रदेश का जिम्मा होने के साथ इसी साल विधानसभा चुनाव होने हैं। इसमें उनकी भूमिका को देखते हुए कांग्रेस ने उनको उपचुनाव के मैदान में नहीं उतारा। कांग्रेस प्रदेशाध्यक्ष सचिन पायलट ने बताया कि अजमेर लोकसभा से रघु शर्मा तो मांडलगढ़ विधानसभा से विवेक धाकड़ उपचुनाव के लिए कांग्रेस की ओर से प्रत्याशी होंगे।
सोमवार को अलवर में होगा नामांकन
प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष पायलट सोमवार को अलवर जिले के दौरे पर रहेंगे। वे सुबह 9 बजे जयपुर से प्रस्थान कर अलवर पहुंचेंगे, जहां अलवर लोकसभा उपचुनाव के कांग्रेस प्रत्याशी डॉ. करण सिंह यादव के समर्थन में जनसभा को सबोधित करेंगे। यादव सोमवार को नामांकन भी दाखिल करेंगे। जबकि मंगलवार को मांडलगढ़ में धाकड़ और बुधवार को अजमेर में रघु अपना नामांकन दाखिल करेंगे।

अजमेर में जाट-ब्राह्मण के बीच मुकाबला
भाजपा ने अजमेर से पूर्व सांसद स्व. सांवरलाल जाट के पुत्र रामस्वरूप लांबा को टिकट दिया है। भाजपा सांवरलाल जाट के निधन से सहानुभूति लहर का फायदा उठाना चाह रही है। जबकि कांग्रेस ने पूर्व मुख्य सचेतक रघु शर्मा को प्रत्याशी बनाया है। शर्मा केकड़ी से विधायक रह चुके हैं। वे 2013 का चुनाव हार गए थे। शर्मा एक बार जयपुर लोकसभा क्षेत्र से भी चुनाव लड़ चुके हैं। कांग्रेस वहां पर गैर जाट जातियों को लामबंद करने का प्रयास करेगी।
मांडलगढ़ में जोशी की प्रतिष्ठा दांव पर
मांडलगढ़ विधानसभा सीट से कांग्रेस ने विवेक धाकड़ को प्रत्याशी घोषित किया है। सूत्रों के अनुसार धाकड़ को कांग्रेस के राष्ट्रीय महासचिव सी.पी. जोशी के कहने पर टिकट मिला है। एेसे में सीधे-सीधे जोशी की प्रतिष्ठा भी दांव पर है। भाजपा ने यहां से जिला प्रमुख शक्ति सिंह को अपना उम्मीदवार घोषित किया है।

Hindi News / Jaipur / राजस्थान उपचुनाव: अजमेर से रघु शर्मा और मांडलगढ़ से विवेक होंगे कांग्रेस प्रत्याशी

ट्रेंडिंग वीडियो