script…मार्बल नगरी में बढ़ी गोलियों की धांय-धांय | rajasthan ajmer kishangarh, marbal | Patrika News
अजमेर

…मार्बल नगरी में बढ़ी गोलियों की धांय-धांय

बढ़ता अपराध : बीते कुछ साल में तेजी से बढ़ी अवैध हथियारों से वारदातें, वर्चस्व की लड़ाई में खेला जा रहा है खूनी खेल

अजमेरJun 12, 2023 / 02:37 am

manish Singh

...मार्बल नगरी में बढ़ी गोलियों की धांय-धांय

…मार्बल नगरी में बढ़ी गोलियों की धांय-धांय

मनीष कुमार सिंह/कालीचरण
अजमेर. मार्बल नगरी के रूप में दुनियाभर में पहचान बना चुके किशनगढ़ व उसके आस-पास के इलाके में अपराध भी तेजी से बढ़ा है। किशनगढ़ के पूर्व विधायक नाथूराम सिनोदिया के पुत्र भंवर सिनोदिया की हत्या के बाद से बीते एक दशक में मार्बल नगरी व उसके आस-पास का क्षेत्र गोलियों की धायं-धायं से गूंजता रहा है। लेनदेन और जमीन विवाद में वैध-अवैध हथियारों से लड़ी जाने वाली वर्चस्व की लड़ाई थमने की बजाए अब तेजी से फैलती जा रही है। इसमें फायर आर्म्स का चलन भी तेजी से बढ़ रहा है।

 

...मार्बल नगरी में बढ़ी गोलियों की धांय-धांय

वारदात-दर-वारदात
1- 2 जनवरी-बांदरसिन्दरी थाना क्षेत्र के खंडाच गांव में बाइक सवार युवक सोकत जाट पर बोलेरो सवार युवकों ने फायरिंग कर दी। गनीमत रही कि गोली युवक के पैर में लगी।

2- 15 मार्च को जमीन विवाद में पूर्व पार्षद सुरेश यादव ने भतीजे ट्रांसपोर्ट व्यवसायी अशोक यादव की गोली मारकर की हत्या। गांधीनगर थाना पुलिस ने सुरेश यादव को किया गिरफ्तार।
3-14 मई को अरांई में किशनगढ़ रोड पर होटल के सामने दो गुटों में फायरिंग में जयपुर गुर्जर की थड़ी निवासी करण सिंह की मौत हो गई, जबकि 2 जने घायल हो गए। कालानाडा के भागचंद चौधरी (फौजी), राजेश चौधरी, जतन चौधरी खाना-खाने आए थे। बोलेरो में महेंद्र, निखिल यादव व दो अन्य आए। कहासुनी में निखिल ने भागचंद के सिर में बोतल मार दी। दोनों पक्ष में चली गोलियों में करण की मौत हो गई।

4- 20 मई को गांधीनगर थाना क्षेत्र में राजमार्ग पर हैंडीक्राफ्ट मार्केट स्थित एक रेस्टोरेंट में खाना खाने के बाद 4 युवकों में कहासुनी हो गई। इसमें से एक युवक ने देशी कट्टे से फायर कर दिया। बीच-बचाव में आए रेस्टोरेंट संचालक मनोज मेघवंशी के कंधे में गोली लगी। फायरिंग की घटना के बाद एक युवक को हिरासत में लिया, जबकि दो फरार हो गए।

इससे पूर्व की वारदातें

1- 15 मई 2022 किशनगढ़ उदयपुरकलां में खेत पर रखवाली कर रहे रंगलाल की उदयपुरकलां भीलों की बस्ती निवासी राहुल और उसके नाबालिग साले ने हत्या कर दी। आरोपित रात में अवैध हथियार से शिकार करने निकले थे। रंगलाल के पुलिस को इत्तला करने पर विधि से संघर्षरत किशोर ने फायर कर दिया। इसमें रंगलाल की मौत हो गई।

2- 4 मार्च 2021 किशनगढ़ में एक युवक अवैध हथियार से फायरिंग कर दिनदहाड़े युवती का अपहरण कर ले गया। आरोपित ने युवती के पिता के साथ मारपीट की, हालांकि बाद में पुलिस ने आरोपित को दबोच लिया।

3- 3 जून 2021 को गेगल थाना क्षेत्र में होटल में पार्किंग को लेकर झगड़ा हुआ। कार सवार बदमाशों ने फायर कर दिया। होटल संचालक कन्हैयालाल यादव के भतीजे प्रीतम के कंधे में गोली लग गई। आदतन अपराधी रामस्वरूप जाट उर्फ गजनी को गिरफ्तार किया।

4- 24 नवंबर 2021 को किशनगढ़ में मार्बल व्यवसायी सुरेशचन्द लखोटिया के घर में 4 नकाबपोश ने फायरिंग कर डकैती डालकर 24-25 लाख की ज्वैलरी-नकदी ले गए। पुलिस ने 26 दिसम्बर 2021 को आदतन अपराधी ब्यावर के यश शर्मा उर्फ बल्ला, विजय उर्फ विनीत व खरवा निवासी शैतान उर्फ अफजल चीता को गिरफ्तार किया।

5- 18 अक्टूबर 2020 भंवर सिनोदिया हत्याकांड में अहम गवाह रहे भागचंद चोटिया की किशनगढ़ के मुख्य बाजार में बालाजी मंदिर के पास दिनदहाड़े गोली मारकर हत्या कर दी।

कहां से आ रहे हैं हथियार
फायरिंग और हथियारों से वारदातों की रोकथाम की जानी चाहिए। इस विषय पर पुलिस को सख्त कदम उठाने चाहिए। हथियार कहां से आए, किसने दिए, हथियार तस्करों समेत पूरे गिरोह पर कार्रवाई की जानी चाहिए।

– नाथूराम सिनोदिया, पूर्व विधायक, किशनगढ़

पुलिस कर रही है अमल
सही है कि फायरिंग की कई वारदातें हुई। पुलिस ने अधिकांश मामलों में अपराधियों को पकड़ लिया है। मैंने पुलिस महानिदेशक से भी मुलाकात कर इस विषय पर चर्चा की थी। कई महत्वपूर्ण सुझाव भी दिए हैं। उन पर पुलिस भी अमल कर रही है।

– सुरेश टाक, विधायक, किशनगढ़

पुलिस की सख्ती से कार्रवाई

अधिकांश वारदातें आपसी रंजिश के चलते पेश आई हैं। आरोपियों को गिरफ्तार भी किया जा चुका है। अवैध हथियारों को लेकर भी अभियान चलाकर लगातार कार्रवाई की जा रही है। अब तक 15 से ज्यादा अवैध हथियार की कार्रवाई की जा चुकी है

वैभव शर्मा, एएसपी अजमेर ग्रामीण

Hindi News / Ajmer / …मार्बल नगरी में बढ़ी गोलियों की धांय-धांय

ट्रेंडिंग वीडियो