वहीं, उत्तर प्रदेश में क्राइम का ग्राफ बढ़ने और प्रतापगढ़ में 48 घंटों में आधा दर्जन हत्याओं पर संजय सिंह ने कहा कि दावे और हकीकत में जमीन आसमान का अंतर है। जमीन पर सुधार नहीं करेंगे तो ऐसी घटनाएं होती रहेंगी। यूपी सरकार और सीएम योगी को संज्ञान लेना चाहिए और जिम्मेदार लोगों पर सख्त कार्रवाई करनी चाहिए।
6 महीने से ज्यादा मोदी सरकार नहीं चलने वाली है: संजय सिंह
इंडिया गठबंधन की सरकार न बन पाने के सवाल पर उन्होंने कहा कि पीएम मोदी दावा कर रहे थे कि 400 सीट आएगी, लेकिन वे 240 पर रुक गए। उन्हें खुद बहुमत नहीं मिला और वो बैसाखी की सरकार चला रहे हैं। अभी से घटक दलों में असंतोष है और परिस्थितियां बता रही हैं कि 6 माह से ज्यादा मोदी सरकार नहीं चलने वाली। दो बार एनडीए सरकार 13 दिन और 13 महीने चली थी। ये सरकार 6 महीने ही चलेगी।
लोकसभा स्पीकर भाजपा का नहीं होना चाहिए: संजय सिंह
संजय सिंह ने आगे कहा कि लोकसभा स्पीकर भाजपा का नहीं होना चाहिए। वरना पार्टियां तोड़ी जाएंगी, संविधान की धज्जियां उड़ाई जाएंगी और सांसदों को निलंबित किया जाएगा। मोदी सरकार में भारतीय संसदीय इतिहास में 150 से ज्यादा सांसदों को निलंबित किया गया है। इसे देखते हुए एनडीए के घटक दलों को मिलकर गैर भाजपा स्पीकर को चुना जाना चाहिए।