Ujjain News: महाकाल दर्शन करने परिवार संग आई एक वृद्धा बिछड़ गई। महिला के पास परिजनों के नंबर भी नहीं थे। थाने पहुंची महिला परिजनों के नहीं मिलने पर रुआंसी थी। उज्जैन पुलिस ने परिजनों को खोजने के लिए गूगल से महिला का गांव ढूंढा फिर वहां के चौकीदार का नंबर तलाशा। बाद में परिजनों को सूचना दी। आखिर तीन घंटे बाद महिला के भतीजे थाने पहुंचे और उसे साथ ले गए।
महाकाल दर्शन करने रायसेन के ग्राम निनोन निवासी काशीबाई (65) पति नारायण सिंह देशवाल भतीजे आकाश और बैजनाथ के साथ आई थी। शनिवार सुबह 9.30 बजे मंदिर के बाहर बिछड़ गई। दो-तीन घंटे तक इधर-उधर घूमने के बाद महाकाल थाने पहुंची। परिजन के नहीं मिलने से महिला रो रही थी। पुलिस ने सांत्वना दी और परिजन के मोबाइल नंबर पूछे। काशीबाई ने कहा- मेरे पास नंबर नहीं हैं। इस पर पुलिस ने काशीबाई के गांव निनोन का नाम गूगल पर डाला और संबंधित जिले का पता किया।
बाद में रायसेन के साइबर सेल को सूचना दी और गांव के चौकीदार का नंबर लिया। इस दौरान पुलिस ने महिला का वीडियो बनाकर भी भेजा। जो गांव में परिजनों तक पहुंचा। इस पर महिला के साथ आए भतीजे के नंबर गांववालों ने पुलिस को दिया। भतीजों को फोन करके थाने बुलाया।
आखिरकार दोपहर 1 बजे महिला को परिजनों के सुपुर्द किया। महिला को परिजन को मिलवाने में महाकाल थाना प्रभारी अजय वर्मा, एएसआइ चंद्रभानसिंह चौहान व महिला आरक्षक सुजाता की महत्वपूर्ण भूमिका रही। महिला शाम तक भोपाल भी पहुंच गई थी।
वृद्धा को करवाए वीआइपी दर्शन
परिजनों से बिछड़ी काशीबाई का दर्द था कि वह इतनी दूर आई लेकिन महाकाल के दर्शन नहीं कर सकी। इस पर एएसआइ चंद्रभान सिंह उन्हें अपने साथ मंदिर ले गए और गर्भगृह से दर्शन करवाए। पुजारी ने उन्हें भगवान पर चढ़ी बिल्वपत्र की माला भी पहनाई। पुलिस की इस मदद से वृद्धा का खुशी का ठिकाना नहीं रहा। उसने पुलिस को आशीर्वाद भी दिया।
Hindi News / Ujjain / Google मैप ने ढूंढ़ा महाकाल मंदिर में खोई महिला का गांव….भागकर लेने पहुंचे घरवाले