scriptSirohi News: आबूरोड सीएचसी का ऑक्सीजन प्लांट डेढ़ माह से बंद, फिर सिलेंडर पर हो गए निर्भर | aburoad chc oxygen plant closed dependence on cylinders | Patrika News
सिरोही

Sirohi News: आबूरोड सीएचसी का ऑक्सीजन प्लांट डेढ़ माह से बंद, फिर सिलेंडर पर हो गए निर्भर

Sirohi News: अस्पताल प्रशासन के पास बजट नहीं होने से गंभीर बीमार रोगियों को बचाने वाली प्राणवायु का उत्पादन करीब डेढ़ महीने से ठप पड़ा है।

सिरोहीOct 07, 2024 / 03:22 pm

Alfiya Khan

SIROHI NEWS
Sirohi News: आबूरोड। शहर के आकराभट्टा स्थित सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में कोविड महामारी के दौरान लाखों रुपए खर्च कर ऑक्सीजन प्लांट स्थापित किया गया, लेकिन प्लांट संचालन के लिए तकनीकी कर्मचारी नियुक्त नहीं करने व मानदेय पर कर्मचारी लगाने के लिए अस्पताल प्रशासन के पास बजट नहीं होने से गंभीर बीमार रोगियों को बचाने वाली प्राणवायु का उत्पादन करीब डेढ़ महीने से ठप पड़ा है।
इससे हम पुन: कोविड से पूर्व ऑक्सीजन सिलेंडर पर निर्भरता वाली स्थिति में आ गए हैं। सिलेंडरों के भरोसे वार्डों में भर्ती मरीजों के लिए 24 घंटे ऑक्सीजन आपूर्ति संभव नहीं है। नजदीक में पर्यटन स्थल माउंट आबू व ब्रह्माकुमारी संस्थान होने से आबूरोड में प्रमुख हस्तियों का आवागमन होता रहता है। ऐसे में अस्पताल में चिकित्सा सुविधाएं दुरुस्त रखना बहुत आवश्यक है।

स्थाई तकनीकी कर्मचारी नियुक्ति में अनदेखी

ऑक्सीजन प्लांट के संचालन के लिए स्थाई तकनीकी कर्मचारी लगाना जरूरी है, लेकिन आबूरोड अस्पताल के इस प्लांट का संचालन महीनों तक मानदेय पर अप्रशिक्षित कर्मचारियों ने किया। बीच में मानदेय पर एक प्रशिक्षित कर्मचारी को लगाया, वह भी कुछ समय बाद छोड़कर चला गया। उच्च स्तर से प्लांट संचालन के लिए पर्याप्त बजट आवंटित नहीं होने से मानदेय पर कर्मचारी रखना भी संभव नहीं हो रहा। नतीजतन करीब डेढ़ माह से ऑक्सीजन प्लांट पर ताला लगा हुआ है।
यह भी पढ़ें

मानसून की विदाई के बाद भी जारी रहेगी बारिश! IMD ने जारी कर दिया Latest ALERT

अस्पताल के पास 20 सिलेंडर

अस्पताल में करीब 20 ऑक्सीजन सिलेंडर उपलब्ध है। ऑक्सीजन प्लांट बंद होने के कारण हर समय करीब 10 भरे सिलेंडर की व्यवस्था रखते हैं। इन भरे सिलेंडरों के दम पर सामान्य वार्ड, प्रसूता वार्ड, ऑपरेशन थियेटर, आपातकालीन कक्ष व नवजात शिशुओं की गहन चिकित्सा इकाई में 24 घंटे ऑक्सीजन आपूर्ति संभव नहीं है।

एक्स-रे मशीन में भी तकनीकी खराबी

करीब तीन साल पहले अस्पताल में नई डिजिटल एक्स-रे मशीन लगाई गई थी। बताया जा रहा है कि कुछ दिन पूर्व इस मशीन में तकनीकी खराबी के कारण एक्स-रे रिपोर्ट स्पष्ट नहीं आ रही थी। इस बारे में सक्षम स्तर पर शिकायत भी दर्ज करवाई गई।
ऑक्सीजन प्लांट संचालन के लिए इस साल मार्च तक का बजट था। कुछ समय हमारे स्टाफ ने प्लांट चलाया। प्लांट में रिपेयरिंग की जरूरत है। रिपेयरिंग होने पर प्लांट शुरू करेंगे। एक्स-रे मशीन में कोई खराबी नहीं है। अच्छी हालत में है।
डॉ. परमानंद गुप्ता, प्रभारी, सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र, आबूरोड

Hindi News / Sirohi / Sirohi News: आबूरोड सीएचसी का ऑक्सीजन प्लांट डेढ़ माह से बंद, फिर सिलेंडर पर हो गए निर्भर

ट्रेंडिंग वीडियो