scriptअंधविश्वास में महिला के दोनों हाथ तेल की कढ़ाई में डालने के मामले में ट्विस्ट, SDOP ने जारी किया वीडियो | Woman's hand was put in a pan of hot oil in strange Case of Superstition | Patrika News
राजगढ़

अंधविश्वास में महिला के दोनों हाथ तेल की कढ़ाई में डालने के मामले में ट्विस्ट, SDOP ने जारी किया वीडियो

Case of Superstition : बहू को परी माता आती है बताने के लिए ससुराल वालों ने गर्म तेल की कढ़ाई में डाल दिया उसका हाथ, बहू ने बताई ससुराल की इस हरकत की वजह लेकिन एसडीओपी ने बताया नया ट्विस्ट।

राजगढ़Oct 17, 2024 / 07:17 pm

Akash Dewani

Case of Superstition
Case of Superstition : मध्य प्रदेश में अंधविश्वास का रोंगटे खड़े कर देने वाला मामला सामने आया है। यहां राजगढ़ में एक महिला ने अपने ससुराल वालों पर आरोप लगाया है कि अंधविश्वास के चलते उसके ससुर ने उसके दोनों हाथ गर्म तेल की कढ़ाई में डाल दिए। पीड़ित महिला ने पुलिस में इसकी शिकायत की और पुलिस ने इस मामले में गिरफ्तारी भी कर ली लेकिन एसडीओपी ने आज इस मामले में एक नया ट्विस्ट दे दिया। उन्होंने एक वीडियो जारी कर बताया कि महिला ने खुद ही तेल की कढ़ाई में अपने दोनों हाथ डाले थे।

ससुराल का अंधविश्वास

मामला नरसिंहगढ़ नगर के अंबेडकर नगर का है। यहां 45 साल की विधवा महिला देवलीबाई का आरोप है कि नवरात्री की सप्तमी के दिन उसके ससुर और अन्य लोगों द्वारा उसे परी माता आती है यह प्रमाण देने लिए उसके दोनों हाथ गर्म तेल की कढ़ाई के अंदर डाल दिए थे। इससे उसके दोनों हाथ बुरी तरह से झुलस गए। उसे तुरंत जिला अस्पताल ले जाया गया जहां उसका इलाज चल रहा है। महिला की एक परिजन ने नरसिंहगढ़ थाने में इसकी शिकायत की। पीड़िता की शिकायत के बाद पुलिस ने 4 लोगों को गिरफ्तार कर मामला दर्ज कर लिया है। महिला ने यह भी आरोप लगाया था कि उसके ससुर ने यह काम उसके हिस्से की जमीन छीनने के लिए किया था।
यह भी पढ़े – बच्ची का रूप लेकर आई माता रानी, जमीन में गड़ी मूर्ति की जानकारी देकर हो गई गायब

एसडीओपी ने बताई कुछ और ही कहानी

वही, अब इस मामले में नया ट्विस्ट देखने को मिल रहा है। यह ट्विस्ट गुरूवार दोपहर नरसिंहगढ़ एसडीओपी उपेंद्र सिंह भाटी द्वारा जारी एक वीडियो में सामने आया है। वीडियो में एसडीओपी कहते है कि पीड़िता ने स्वयं ही अपने दोनों हाथ तेल की कढ़ाई में डाले थे। ऐसा इसलिए क्योंकि ससुर के अनुसार महिला के शरीर में बुरी आत्मा का वास है। उन्होंने कहा कि महिला के शरीर पर जंजीरों के भी निशान है। बुरी आत्मा आने के दौरान महिला को संभालना मुश्किल होता है तब उसे इस जंजीर का इस्तेमाल किया जाता था। साथ ही एसडीओपी ने यह भी कहा कि यह पूरा मामला अंधविश्वास से जुड़ा हुआ है, जिसके संबंध में जांच की जा रही है।

Hindi News / Rajgarh / अंधविश्वास में महिला के दोनों हाथ तेल की कढ़ाई में डालने के मामले में ट्विस्ट, SDOP ने जारी किया वीडियो

ट्रेंडिंग वीडियो