scriptविवाहिता को शादी का झांसा देकर होटलों में 19 दिन तक बलात्कार, बेरहमी से पीटा, आरोपी कांस्टेबल गिरफ्तार | A married woman was kidnapped and raped by a police constable in Pali | Patrika News
पाली

विवाहिता को शादी का झांसा देकर होटलों में 19 दिन तक बलात्कार, बेरहमी से पीटा, आरोपी कांस्टेबल गिरफ्तार

– एसपी ने किया कांस्टेबल को निल्म्बित- महिला के शरीर पर चोटें, आरोपी कांस्टेबल रिमाण्ड पर

पालीJul 04, 2021 / 05:18 pm

Suresh Hemnani

विवाहिता को शादी का झांसा देकर होटलों में 19 दिन तक बलात्कार, बेरहमी से पीटा, आरोपी कांस्टेबल गिरफ्तार

विवाहिता को शादी का झांसा देकर होटलों में 19 दिन तक बलात्कार, बेरहमी से पीटा, आरोपी कांस्टेबल गिरफ्तार

पाली। पाली शहर के हाउसिंग बोर्ड निवासी विवाहिता को शादी का झांसा देकर व बड़े-बड़े सपने दिखाकर एक कांस्टेबल उसे भगा ले गया और 19 दिन तक उदयपुर, माउंट आबू, सुमेरपर की होटलों में बलात्कार करता रहा। महिला ने शादी की तो आरोपी ने उसे बेरहमी से पीटा। आखिर महिला ने सुमेरपुर में होटल से ही फोन कर पुलिस को आपबीती बताई। औद्योगिक क्षेत्र थाना पुलिस ने उसे दस्तयाब किया। आरोपी के खिलाफ पाली शहर के औद्योगिक क्षेत्र थाने में अपहरण व बलात्कार का मामला दर्ज किया गया है। इधर, कांस्टेबल को इसकी भनक लगी तो वह खुद औद्योगिक थाने पहुंच गया, जहां उसे पुलिस ने गिरफ्तार किया। मामले में रविवार को एसपी कालूराम रावत ने आरोपी कांस्टेबल को निलंबित कर दिया है और उसके खिलाफ जांच के आदेश जारी किए गए हैं। जांच पाली ग्रामीण उप अधीक्षक को सौंपी गई है। न्यायालय ने कांस्टेबल को रिमाण्ड पर भेज दिया।
तीन माह पूर्व सम्पर्क में आई, फिर शादी का झांसा
औद्योगिक क्षेत्र थाने के उप निरीक्षक व जांच अधिकारी नरेन्द्र सिंह ने बताया कि विवाहिता पाली के हाउसिंग बोर्ड में रहती है। गत दिनों उसका पड़ोसन से नाली का विवाद था, इस बीच वह हाउसिंग बोर्ड चौकी में पुलिस कार्रवाई करने गई। वहां विवाहिता कांस्टेबल अजय पाल के सम्पर्क में आ गई। कांस्टेबल ने उसके मोबाइल नम्बर ले लिए और मदद का झांसा देकर दोस्ती कर ली। फिर मोबाइल पर बातें करता रहा और विवाहिता का शादी का झांसा दिया। इसके बाद वह उसे भगा ले गया और अलग-अलग होटलों में रखकर बलात्कार किया। जब विवाहिता से बेरहमी से मारपीट की तो महिला रोने लगी। इस बीच सुमेरपुर होटल में कांस्टेबल विवाहिता को बंद कर गया, वह दस मिनट में वापस आने का बोलकर गया, विवाहिता ने पीछे से पुलिस को कॉल कर आपबीती बताई। पुलिस ने होटल पर पहुंच उसे दस्तयाब किया।
आरोपी कांस्टेबल खुद पहुंचा थाने
आरोपी कांस्टेबल जब शनिवार को सुमेरपुर होटल पहुंचा तो कमरे में विवाहिता नदारद मिली। जब उसे जानकारी मिली की पाली पुलिस उसे ले गई तो खुद भी औद्योगिक थाने पहुंच गया। पीडि़ता का रविवार को बांगड़ अस्पताल में मेडिकल करवाया गया, उसके शरीर पर चोटों के निशान भी है।
आरोपी कांस्टेबल भी विवाहित, ढाई साल की बच्ची भी
हाउसिंग बोर्ड निवासी विवाहिता भी पिछले करीब डेढ़ साल से पीहर में रह रही है। उसने अपने पति व ससुराल पक्ष के लोगों के खिलाफ दहेज प्रताडऩा का परिवाद भी महिला थाने में दे रखा हैं। महिला की शादी 17 वर्ष पहले हुई थी। जिससे उसे एक सात साल का बच्चा भी है। इधर, आरोपी कांस्टेबल भी विवाहित है और उसकी पत्नी गांव में रहती है। उसके ढाई साल की पुत्री भी है। वह यहां पुलिस लाइन में रहता था। सिग्मा चेतक में उसकी ड्यूटी थी।
बीस दिन पहले विवाहिता की मां ने दर्ज करवाई थी गुमशुदगी
11 जून को आरोपी कांस्टेबल उसे भगाकर ले गया। विवाहिता के घर से बिना बताए निकल जाने पर 13 जून को उसकी मां ने औद्योगिक थाने में गुमशुदगी की रिपोर्ट दर्ज कराई थी। तब से पुलिस उसकी तलाश कर रही थी, इस बीच शनिवार रात को वह सुमेरपुर में मिल गई।
कांस्टेबल चल रहा था गैर हाजिर
आसोप जोधपुर निवासी आरोपी कांस्टेबल अजयपाल भाकल (25) पुत्र बाबूलाल भाकल की 18 दिसम्बर 2015 को प्रथम नियुक्ति पाली में हुई थी। 19 मई 2021 से आरोपी कांस्टेबल गैर हाजिर चल रहा हैं। इसको लेकर उसको कई बार नोटिस भेजे गए, लेकिन एक बार भी उसने जवाब नहीं दिया।

Hindi News / Pali / विवाहिता को शादी का झांसा देकर होटलों में 19 दिन तक बलात्कार, बेरहमी से पीटा, आरोपी कांस्टेबल गिरफ्तार

ट्रेंडिंग वीडियो