scriptआपकी बात, अंधविश्वास खत्म करने में सरकारों की क्या भूमिका हो सकती है? | dfgdg | Patrika News
ओपिनियन

आपकी बात, अंधविश्वास खत्म करने में सरकारों की क्या भूमिका हो सकती है?

 पाठकों की मिलीजुली प्रतिक्रियाएं मिलीं, पेश हैं चुनिंदा प्रतिक्रियाएं  

जयपुरOct 13, 2024 / 04:36 pm

Gyan Chand Patni

अंधविश्वास को बढ़ावा न दे सरकार
  यह विडंबना है कि जागरूकता और शिक्षा के प्रचार-प्रसार के बावजूद हमारा समाज अंधविश्वास के दुष्प्रभाव से मुक्त नहीं हो पा रहा है। समाज में आज भी अंधविश्वास की जड़ें गहरे तक जमी हैं।  सत्ता के लालच में नेता नेता  झूठी अफवाह फैलाते हैं। देश में आए दिन इस तरह की अफवाहें जोर पकड़ती रहती हैं और इनकी आड़ में अपराध को भी अंजाम दिया जाता है। ये घटनाएं रेखांकित करती हैं कि हम विकास के चाहे कितने भी दावे क्यों न कर लें, लेकिन असल में हमारा समाज अभी अंधविश्वास में डूबा हुआ है। ऐसे में सरकार को अंधविश्वास को समाप्त करने पर ध्यान देना चाहिए। -डॉ.अजिता शर्मा, उदयपुर
…………….  
विज्ञान और तर्क को बनाएं आधार  अंधविश्वास खत्म करने में सरकार की भूमिका महत्त्वपूर्ण हो सकती है। सरकार को जन- जागरण कार्यक्रम आयोजित करने चाहिए, जिससे लोगों में तार्किक शक्ति का संचार हो। किसी भी घटना की विज्ञान और तर्क के आधार पर जांच परख होनी चाहिए।  
-डॉ. शान्ति बचलस,  वडोदरा
 ……………….
 
जागरूकता अभियान की जरूरत
 अंधविश्वास को खत्म करने के लिए सरकार को सोशल मीडिया, प्रिंट मीडिया और इलेक्ट्रॉनिक मीडिया के जरिए जागरूकता अभियान चलाना चाहिए। अंधविश्वास उन्मूलन के लिए सरकार को  कानून भी बनाना चाहिए।
 -इकबाल खान, अजमेर
 ………….
 केवल कानून काफी नहीं
 अंधविश्वास एक जटिल सामाजिक मुद्दा है, जिसे सिर्फ कानूनों से खत्म नहीं किया जा सकता। सरकारों की भूमिका इस दिशा में महत्त्वपूर्ण है, लेकिन यह एक व्यापक दृष्टिकोण की मांग करती है। इसके लिए जन जागरण की जरूरत है।  -मनोहरी प्रजापत, टांकला, नागौर
………..
 सख्त कार्रवाई जरूरी
 अंधविश्वास एक ऐसा मायाजाल है जिसमें लोग आसानी से फंस कर  ठगे जाते हैं। कभी-कभी तो धन के साथ जान से भी हाथ धोना पड़ता है। अंधविश्वास को समाप्त करने के लिए सरकारों को व्यापक प्रचार-प्रसार के साथ अंधविश्वास फैलाने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई भी करनी चाहिए।
 -हुकुम सिंह पंवार, टोड़ी, इन्दौर
 ……………..  
जागरूकता अभियान आवश्यक
 सरकार को जनसंचार माध्यमों, फिल्मी सितारों, खिलाडिय़ों और अन्य प्रसिद्ध हस्तियों का सहयोग लेकर अंधविश्वास के दुष्प्रभाव के बारे में लोगों को जागरूक करना चाहिए। टोना-टोटका, भूत-प्रेत जैसे अंधविश्वास को तोडऩे के लिए सख्त कानून बनना चाहिए। लोगों की  मानसिकता बदलने के लिए उन्हें जागरूक करना चाहिए। उन्हें समझाना चाहिए कि  अंधविश्वास मन की उपज है। जो अंधविश्वास को फैलाएं या बढ़ावा दें उन्हें सख्त से सख्त सजा दी जानी चाहिए।  
-लहर सनाढ्य, उदयपुर
 ………….
 सरकार की जिम्मेदारी
 अंधविश्वास को खत्म करने के लिए सरकारें बहुत कुछ कर सकते हैं। अंधविश्वास को बढ़ावा देने वाले नकली धर्म गुरुओं के भाषण रोकने चाहिए। इसके बदले  विद्वानों के प्रेरणादायक भाषण लोगों तक पहुंचाने चाहिए।  
-सोमकुमार नायर, धार, मप्र  

Hindi News / Prime / Opinion / आपकी बात, अंधविश्वास खत्म करने में सरकारों की क्या भूमिका हो सकती है?

ट्रेंडिंग वीडियो