जयराम रमेश में कर दिया साफ
राहुल गांधी के बेहद करीबी माने जाने वाले पार्टी के वरिष्ठ नेता जयराम रमेश से जब पत्रकार ने पूछा कि क्या दिल्ली और हरियाणा में कांग्रेस और आम आदमी पार्टी के बीच गठबंधन होगा तो उन्होंने कहा, ‘कोई गुंजाइश नहीं है।’ रमेश ने आगे यह भी कहा कि जिन राज्यों में कांग्रेस और सहयोगी दलों के नेता चाहेंगे वहां यह गठबंधन बरकरार रहेगा। बता दें कि कांग्रेस और आम आदमी पार्टी दोनों इंडिया अलायन्स के घटक हैं। लोकसभा चुनाव 2024 में दोनों दलों ने दिल्ली एवं हरियाणा में मिलकर चुनाव लड़ा था, लेकिन पंजाब में दोनों अलग अलग मैदान में उतरे थे।
कहां-कहां बरकरार रहेगा गठबंधन
इसी साल अक्टूबर-नवंबर में महाराष्ट्र, झारखंड और हरियाणा में विधानसभा चुनाव होने हैं। दिल्ली में 2025 की शुरुआत में विधानसभा चुनाव प्रस्तावित हैं। जब रमेश से यह पूछा गया कि क्या आगामी विधानसभा चुनावों में भी ‘इंडिया’ गठबंधन बरकरार रहेगा, तो उन्होंने कहा, “यह झारखंड के विधानसभा चुनाव के लिए बरकरार रहेगा, महाराष्ट् के विधानसभा चुनाव के लिए बरकरार रहेगा। पंजाब में ‘इंडिया जनबंधन’ नहीं है। हरियाणा में लोकसभा चुनाव में एक सीट आम आदमी पार्टी को दी गई थी, मैं नहीं समझता कि वहां विधानसभा चुनाव में इंडिया गठबंधन बरकरार रहेगा।”