scriptमहाराष्ट्र में बारिश का तांडव: रायगढ़ में आज भी स्कूल बंद, पालघर में शख्स बहा, विदर्भ में 16 लोगों की मौत | Maharashtra weather school closed in Raigad one swept away in Palghar 16 people died in Vidarbha | Patrika News
मुंबई

महाराष्ट्र में बारिश का तांडव: रायगढ़ में आज भी स्कूल बंद, पालघर में शख्स बहा, विदर्भ में 16 लोगों की मौत

Maharashtra Weather: मुंबई व उसके उपनगरों में रात से जारी बारिश के बाद अलग-अलग जगहों पर जलभराव की समस्या पैदा हो गई। भारी बारिश को देखते हुए रायगढ़ में आज भी स्कूल बंद रखने के आदेश दिए गए है।

मुंबईJul 24, 2023 / 01:07 pm

Dinesh Dubey

maharashtra_Yavatmal flood.jpg

यवतमाल में बारिश से बने बाढ़ जैसे हालात

Raigad Palghar Yavatmal Vidarbha Rains: मानसून के सक्रीय होने के चलते महाराष्ट्र के कई जिलों भारी बारिश देखने को मिल रही है। मुंबई, ठाणे, पालघर, रायगढ़, रत्नागिरी और यवतमाल समेत कुछ जिलों में बारिश आसमान से आफत बनकर बरस रही है। आलम ये है कि मूसलाधार बारिश की चपेट में आने से हजारों घर तबाह हो गए है, जबकि फसलों को भी बड़ा नुकसान पहुंचा है। बीते कुछ दिनों में विदर्भ में 15 से ज्यादा लोगों की मौत होने की खबर सामने आई है।
मौसम विभाग (IMD) ने अगले 3-4 घंटों के दौरान मुंबई, पालघर, रायगढ़, रत्नागिरी, सिंधुदुर्ग और कोल्हापुर जिलों में अलग-अलग स्थानों पर मध्यम बारिश होने की संभावना जताई है। इस बीच, मुंबई व उसके उपनगरों में रात से जारी बारिश के बाद अलग-अलग जगहों पर जलभराव की समस्या पैदा हो गई। भारी बारिश को देखते हुए रायगढ़ (Raigad School Holiday) में आज भी सभी स्कूल बंद रखने के आदेश दिए गए है।
यह भी पढ़ें

रायगढ़ भूस्खलन: इरशालवाडी में बचाव अभियान बंद, 29 शव बरामद, लापता माने जाएंगे मृत, 22 बच्चे अनाथ


मुंबई-पुणे एक्सप्रेसवे पर भूस्खलन

आईएमडी ने रायगढ़ के लिए ऑरेंज अलर्ट जारी किया है। जिस के चलते जिला कलेक्टर योगेश म्हासे (Yogesh Mhase) ने यह आदेश दिया है। एक पुलिस अधिकारी ने बताया कि रविवार रात रायगढ़ के अदोशी गांव (Adoshi) के पास मुंबई-पुणे एक्सप्रेसवे (Mumbai-Pune Expressway) पर भूस्खलन हुआ, जिससे राज्य की राजधानी की ओर यातायात अवरुद्ध हो गया।

पालघर में उफनती नदी में गिरा शख्स

एक अन्य अधिकारी ने आज बताया कि पालघर जिले में एक 48 वर्षीय व्यक्ति उफनती नदी में गिरकर बह गया। यह घटना रविवार शाम करीब 6.45 बजे हुई जब तलसारी क्षेत्र (Talasari) के सांबा (Samba) में अदागपाड़ा (Adagpada) का एक व्यक्ति कोल्हा क्रीक नदी (Kolha Creek River) पार कर रहा था। अधिकारी ने बताया कि उसका पता लगाने के प्रयास जारी हैं।

विदर्भ में बारिश से हाहाकार!

महाराष्ट्र के विदर्भ क्षेत्र में बारिश ने जमकर कहर बरपाया है। विदर्भ में दस दिन में बारिश से जुड़ी घटनाओं में कम से कम 16 लोगों की मौत हो गई, जबकि 4,500 से ज्यादा मकान क्षतिग्रस्त हो गए। मूसलाधार बारिश से 54 हजार हेक्टेयर कृषि भूमि भी प्रभावित हुई है। भारी बारिश के चलते सिर्फ 53,000 हेक्टेयर कृषि भूमि अमरावती मंडल में प्रभावित हुई है और यहां 2,882 मकान क्षतिग्रस्त हुए है। अमरावती मंडल में 21 जुलाई को एक दिन में चार लोगों की मौत हुई, जिसमें यवतमाल में हुई तीन लोगों की हुई मौत भी शामिल है। अकोला और बुलढाणा में एक-एक व्यक्ति की मौत हुई।
नागपुर मंडल में 13 जुलाई से अब तक बाढ़, और बिजली गिरने की घटनाओं में 11 लोगों की मौत हुई है। गढ़चिरौली और भंडारा में तीन-तीन, वर्धा और गोंदिया में दो-दो तथा चंद्रपुर में एक व्यक्ति की मौत हुई है। बारिश और बाढ़ से नागपुर मंडल में 875.84 हेक्टेयर कृषि भूमि को नुकसान हुआ है।
मालूम हो कि विदर्भ के 11 जिलों को दो मंडल- अमरावती और नागपुर में विभाजित किया गया है। अमरावती मंडल में अमरावती, अकोला, यवतमाल, वाशिम और बुलढाणा शामिल हैं, जबकि नागपुर मंडल में नागपुर, गोंदिया, भंडारा, चंद्रपुर, गढ़चिरौली और वर्धा जिले आते हैं।

Hindi News/ Mumbai / महाराष्ट्र में बारिश का तांडव: रायगढ़ में आज भी स्कूल बंद, पालघर में शख्स बहा, विदर्भ में 16 लोगों की मौत

ट्रेंडिंग वीडियो