scriptबाबा सिद्दीकी हत्याकांड में 10वीं गिरफ्तारी, नवी मुंबई से शूटरों का मददगार भगवंत सिंह अरेस्ट | Baba Siddique Murder Case 10th accused Bhagwant Singh arrested from Navi Mumbai | Patrika News
मुंबई

बाबा सिद्दीकी हत्याकांड में 10वीं गिरफ्तारी, नवी मुंबई से शूटरों का मददगार भगवंत सिंह अरेस्ट

Baba Siddique Murder Case : मुंबई क्राइम ब्रांच ने बाबा सिद्दीकी की हत्या मामले में एक और आरोपी को गिरफ्तार किया है। पुलिस अन्य फरार आरोपियों की तलाश कर रही है।

मुंबईOct 20, 2024 / 08:36 pm

Dinesh Dubey

Baba Siddique murder
महाराष्ट्र के पूर्व मंत्री और वरिष्ठ एनसीपी (अजित पवार) नेता बाबा सिद्दीकी की हत्या मामले में मुंबई क्राइम ब्रांच ने एक और आरोपी को गिरफ्तार किया है। इसके साथ ही इस हत्याकांड में अब तक कुल 10 आरोपियों को क्राइम ब्रांच गिरफ्तार कर चुकी है, जिसमें दो शूटर भी शामिल है। इस मामले में क्राइम ब्रांच ने एक और आरोपी भगवंत सिंह (Bhagwant Singh) को नवी मुंबई शहर के बेलापुर (Belapur) से गिरफ्तार किया है।
अधिकारियों ने बताया कि भगवंत सिंह की गिरफ्तारी के साथ ही इस मामले में अब तक कुल 10 आरोपियों को गिरफ्तार किया जा चुका है। सिंह ने शूटरों को रहने के लिए घर और हथियार उपलब्ध कराया था।
यह भी पढ़ें-65 गोलियां, बाइक और कपड़े बदलकर भागने का प्लान! बाबा सिद्दीकी हत्याकांड में बड़ा खुलासा

जांच में पता चला कि आरोपी भगवंत सिंह ने कथित तौर पर हथियार राजस्थान से मुंबई लाया था। जो बाबा सिद्दीकी की हत्या करने वाले शूटरों को दिया। भगवंत सिंह को आज अदालत में पेश किया गया जहां से उसे 26 अक्टूबर तक मुंबई क्राइम ब्रांच की हिरासत में भेजा गया।
एक अधिकारी ने बताया कि बाबा सिद्दीकी की हत्या में तीन पिस्तौल का इस्तेमाल किया गया था, इनमें से एक ऑस्ट्रेलियाई निर्मित ग्लॉक पिस्तौल, एक तुर्की पिस्तौल और एक देशी पिस्तौल थी। पुलिस ने तीनों हथियार बरामद कर लिए हैं।
https://twitter.com/ANI/status/1847999602303307829
इससे पहले क्राइम ब्रांच ने खुफिया जानकारी के आधार पर रायगढ़ जिले के पनवेल और कर्जत में छापेमारी की और पांच आरोपियों को दबोचा। अधिकारियों ने बताया कि पकड़े गए आरोपी हत्याकांड की साजिश रचने और उसे एक्सीक्यूट करने में शामिल थे। अधिकारी ने यह भी खुलासा किया कि गिरफ्तार किए गए लोगों का लिंक लॉरेंस बिश्नोई गिरोह (Lawrence Bishnoi Gang) से है, जिस पर सिद्दीकी की हत्या को अंजाम देने का संदेह है।
मामले की जांच में पुलिस की 15 टीमें शामिल थीं, कुछ टीमें अलग-अलग राज्यों में भी भेजी गई थीं। मुंबई पुलिस ने इस मामले में फरार आरोपी शुभम लोनकर, शिवकुमार गौतम और जीशान अख्तर के खिलाफ लुक आउट सर्कुलर जारी किया है। बाबा सिद्दीकी हत्याकांड में शामिल दो कथित शूटरो हरियाणा निवासी गुरमेल बलजीत सिंह (23) और उत्तर प्रदेश का मूल निवासी धर्मराज राजेश कश्यप (19) को वारदात के तुरंत बाद गिरफ्तार किया गया था। जबकि हरीशकुमार बालकराम निसाद (23) और प्रवीण लोनकर (सह-साजिशकर्ता) भी पुलिस की गिरफ्त में हैं। निसाद और कश्यप वांछित आरोपी शिवकुमार गौतम के गांव के रहने वाले हैं।
66 वर्षीय बाबा सिद्दीकी की हत्या की जांच मुंबई क्राइम ब्रांच कर रही है। 12 अक्टूबर की रात 9 से 9.30 के बीच बाबा सिद्दीकी को उनके बेटे जीशान सिद्दीकी के बांद्रा स्थित ऑफिस के बाहर गोली मारी गई। पुलिस ने वारदात के कुछ ही समय बाद दो शूटरों को गिरफ्तार कर लिया। इस संबंध में मुंबई के निर्मल नगर थाना में मामला दर्ज किया गया। पकड़े गए आरोपियों ने पूछताछ में खुलासा किया कि उनके निशाने पर जीशान सिद्दीकी भी थे।

Hindi News / Mumbai / बाबा सिद्दीकी हत्याकांड में 10वीं गिरफ्तारी, नवी मुंबई से शूटरों का मददगार भगवंत सिंह अरेस्ट

ट्रेंडिंग वीडियो