मौसम विभाग के अनुसार, 8 जून से लेकर 12 जून तक उत्तर प्रदेश में मौसम के शुष्क रहने के आसार जताए गए हैं। इस दौरान लू को लेकर ऑरेंज अलर्ट जारी किया गया है। दरअसल, मौसम में बदलाव गुरुवार से हुआ। मौसम विभाग के अनुसार प्रदेश के ऊपर से गुजर रही ट्रफ लाइन को नमी मिलने से ऐसे हालत बने। एक ओर से अरब सागर की ओर से आ रही पछुआ की नमी तो दूसरी ओर से बंगाल की खाड़ी की पुरवा से आद्रता मिली। दोनों हवाओं के टकराव से चक्रवाती दबाव की स्थिति बनी जिसकी वजह से लखनऊ समेत कई जिलों में आंधी के साथ बारिश हुई। इससे रात के तापमान में भी 3.5 डिग्री की बड़ी गिरावट दर्ज की गई। करीब एक माह बाद न्यूनतम तापमान 23.1 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। वहीं, अधिकतम तापमान 39 डिग्री सेल्सियस रहा। सुबह साढ़े आठ बजे तक 18 मिलीमीटर वर्षा दर्ज की गई।
मौसम विभाग के अनुसार अभी मानसूनी गतिविधियां शुरू होने में समय लगेगा। बारिश की वजह से वातवरण में धूल के कण साफ हो गए। अब सूर्य की किरणे सीधे धरती पर पड़ेंगी और तापमान में तेज बढ़ोतरी होगी। मौसम विभाग ने रविवार और सोमवार को हीट वेव की स्थिति बनने की चेतावनी जारी की है। इन दो दिनों में अधिकतम तापमान 45 डिग्री सेल्सियस तक जा सकता है।