scriptएक ही दिन में बदले कलेक्टर-एसपी, तन्वी-शिवदयाल संभालेंगे जिला | IAS IPS Transfer : Khandwa Collector Tanvi Sundriyal SP Shiv Dayal | Patrika News
खंडवा

एक ही दिन में बदले कलेक्टर-एसपी, तन्वी-शिवदयाल संभालेंगे जिला

बहुगुणा का भोपाल तबादला, विशेष गढ़पाले सतना कलेक्टर बनाए गए। जिले की तीसरी महिला कलेक्टर होंगी सुन्द्रियाल, उज्जैन सिंहस्थ में उल्लेखनीय कार्य कर चुके हैं नए एसपी होंगे शिवदयाल

खंडवाJun 02, 2019 / 04:41 am

राजीव जैन

IAS IPS Transfer : Khandwa Collector Tanvi Sundriyal SP Shiv Dayal

IAS IPS Transfer : Khandwa Collector Tanvi Sundriyal SP Shiv Dayal

खंडवा. लोकसभा चुनाव की आचार संहिता हटते ही शासन ने शनिवार रात 33 आइएएस और 37 आइपीएस आईएएस-आईपीएस अधिकारियों के तबादलों की सूची जारी की है। इसमें खंडवा कलेक्टर और एसपी दोनों को ही बदल दिया गया है। जिले की तीसरी महिला कलेक्टर के रोल में तन्वी सुन्द्रियाल ( Khandwa Collector tanvi sundriyal ) यहां कमान संभालेंगी। शिल्पा गुप्ता और स्वाति मीणा के बाद वे जिले की तीसरी महिला कलेक्टर होंगी। जबकि विशेष गढ़पाले अब सतना कलेक्टर बनाए गए हैं। उन्होंने 19 मई को ही अपने कार्यकाल का यहां 1 वर्ष पूर्ण किया था।
साढ़े चार माह में ही एसपी का तबादला
सिद्धार्थ बहुगुणा का तबादला सहायक पुलिस महानिरीक्षक पुलिस मुख्यालय भोपाल किया गया। वहीं खंडवा जिले की कमान सेनानी 32वीं वाहिनी विसबल उज्जैन में पदस्थ 2012 बैच के एसपी शिव दयाल ( IPS Shiv Dayal) को सौंपी गई है। 2010 बैच के एसपी बहुगुणा ने खंडवा में 20 जनवरी 2019 को पदभार संभाला था। साढ़े चार माह में ही उनका तबादला हो गया। जानकारों ने बताया नवागत एसपी शिव दयाल ने एएसपी पद पर रहते हुए सिंहस्थ में महत्वपूर्ण जिम्मेदारी निभाई थी। इसके साथ ही उनके नेतृत्व में गुना का कुख्यात पारदी जंडेल गिरोह और मुंबई से लुटेरों को दबोचा गया था।

साइकिल विवाद से आईं थीं चर्चाओं में
2010 बैच की आईएएस अधिकारी तन्वी सुंद्रियाल तब चर्चाओं में आईं थीं जब छिंदवाड़ा जिला पंचायत सीईओ रहते हुए तामिया टूरिस्ट मोटेल में पर्यटकों के लिए लाई गई एक साइकिल अपने घर ले गई थीं। उसके बाद बखेड़ा खड़ा हुआ तो उन्हें साइकिल लौटानी पड़ी। वे वे स्टेट इलेक्ट्रॉनिक कॉर्पोरेशन में एमडी तथा रतलाम कलेक्टर भी रह चुकीं हैं।
नवाचार के लिए जाने जाते विशेष गढ़पाले
2008 के आईएएस अधिकारी विशेष गढ़पाले की छवि एक तेज-तर्राट अधिकारी की रही है। इसके साथ ही ये नवाचारों के लिए भी जाने जाते हैं। करीब एक साल पहले खंडवा जिले की कमान संभालने वाले गढ़पाले ने शिक्षा, स्वास्थ्य सहित अन्य मुद्दों पर काम भी किए। कटनी कलेक्टर रहने के दौरान विशेष गढ़पाले ने अधिकारी-कर्मचारियों पर नजर रखने के लिए लोक सेवक ऐप का निर्माण कराया। ऐप के माध्यम से ही अधिकारी-कर्मचारियों को आने-जाने के समय हाजिरी लगानी पड़ती थी। उनके इस नवाचार को प्रदेश स्तर पर काफी सराहना मिली थी। इसके साथ उन्होंने बच्चों को परीक्षा की तैयारी कराने के लिए भारत निर्माण कोचिंग की भी शुरुआत की थी। इसी पहल के कारण सरकारी स्कूलों के करीब 21 बच्चे नवोदय स्कूल में चयनित हुए थे। गढ़पाले ने सरकारी स्कूलों में ऑडियो-वीडियो लर्निंग कॉसेप्ट पर काम किया। इनका यह नवाचार भी प्रदेशभर में सराहा गया। कुषोषित बच्चों के लिए भी खंडवा कलेक्टर के रूप में कई काम किए। किसी भी सरकारी कार्यक्रम में स्वागत-सत्कार के दौरान फूलों की माला नहीं स्वीकारते थे। उसके स्थान पर बिस्किट से स्वागत करवाते थे। जब काफी मात्रा में बिस्किट एकत्रित हो जाता था तो उसे कुपोषित बच्चों के लिए बांट देते थे। विशेष गढ़पाले जब 1 साल पहले यहां आए थे तब उन पर खंडवा को आकांक्षी जिलों में आगे ले जाने की थी। शिक्षा, स्वास्थ्य सहित अन्य मुद्दों पर उन्होंने कुछ काम भी किए।

Hindi News / Khandwa / एक ही दिन में बदले कलेक्टर-एसपी, तन्वी-शिवदयाल संभालेंगे जिला

ट्रेंडिंग वीडियो