scriptहिमाचल प्रदेश के मुख्यमंत्री सुक्खू ने कहा, बजरंग बली हमारे घर में स्थापित, भाजपा चुनावी ध्यान हटाने के लिए इसे राजनीतिक रंग दे रही | Himachal Pradesh Chief Minister Sukhvinder Singh Sukhu | Patrika News
हुबली

हिमाचल प्रदेश के मुख्यमंत्री सुक्खू ने कहा, बजरंग बली हमारे घर में स्थापित, भाजपा चुनावी ध्यान हटाने के लिए इसे राजनीतिक रंग दे रही

Himachal Pradesh Chief Minister Sukhvinder Singh Sukhu
हिमाचल प्रदेश के मुख्यमंत्री सुक्खू ने कहा, बजरंग बली हमारे घर में स्थापित, भाजपा चुनावी ध्यान हटाने के लिए इसे राजनीतिक रंग दे रही
 
अशोक सिंह राजपुरोहित

हुबलीMay 07, 2023 / 04:54 pm

ASHOK SINGH RAJPUROHIT

Himachal Pradesh Chief Minister Sukhvinder Singh Sukhu

Himachal Pradesh Chief Minister Sukhvinder Singh Sukhu

हुब्बल्ली. हिमाचल प्रदेश के मुख्यमंत्री सुखविंदर सिंह सुक्खू ने कहा कि भाजपा धर्म आधारित राजनीति करके कर्नाटक के मतदाताओं का ध्यान भटकाने की कोशिश कर रही है। वे रविवार को यहां पत्रकारों से बातचीत कर रहे थे। सुक्खू ने कहा, भारत के हर घर में भगवान हनुमान की मूर्ति है। इस तरह की राजनीति करके भाजपा जनता का ध्यान भटकाना चाहती है। कांग्रेस ने पिछले दिनों अपना चुनाव घोषणापत्र जारी किया जिसमें बजरंग दल और पॉपुलर फ्रंट ऑफ इंडिया जैसे संगठनों पर प्रतिबंध लगाने की बात कही गई थी। कांग्रेस के घोषणापत्र में कहा कि पार्टी जाति और धर्म के आधार पर समुदायों के बीच नफरत फैलाने वाले व्यक्तियों और संगठनों के खिलाफ निर्णायक कार्रवाई करने के लिए प्रतिबद्ध है। इसमें कहा था कि हम मानते हैं कि कानून और संविधान पवित्र हैं और बजरंग दल, पीएफआई जैसे व्यक्तियों और संगठनों की ओर से इसका उल्लंघन नहीं किया जा सकता है, चाहे वे बहुसंख्यक या अल्पसंख्यक समुदायों के बीच दुश्मनी या नफरत को बढ़ावा दे रहे हों। घोषणापत्र में कहा गया है कि हम ऐसे किसी भी संगठन पर प्रतिबंध लगाने सहित कानून के अनुसार निर्णायक कार्रवाई करेंगे। सुक्खू ने कहा कि संकट आने पर ही हनुमान चालीसा का पाठ किया जाता है। कर्नाटक में बीजेपी की सरकार संकट में हैं। उनकी सरकार बेदखल होने वाली है और मुश्किल में है। उन्होंने भाजपा पर आरोप लगाया कि यह पार्टी जब हार रही होती है, तो हिंदुत्व को आगे करती है। जबकि हिंदुत्व भारत की संस्कृति में समाया हुआ है। इस पर कोई एक पार्टी दावा नहीं कर सकती। ये चुनाव में राजनीतिक रोटियां सेकते हैं।
ईडी और सीबीआई का इस्तेमाल
सुखविंदर सिंह सुक्खू ने कहा कि जिस राज्य में चुनाव होते हों, वहां भाजपा चुनाव से पहले ईडी और सीबीआई का इस्तेमाल करती है। यह लोकतंत्र के लिए ठीक नहीं है। सुक्खू ने कहा कि उन्हें भरोसा है कि कर्नाटक के लोग विधानसभा चुनाव में कांग्रेस की विचारधारा को चुनेंगे।
कर्नाटक के लोगों ने मन, दिल व दिमाग से सत्ता परिवर्तन का मानस बना लिया है। पांच साल पहले भाजपा ने कर्नाटक में सत्ता में आने के लिए कई वादे किए थे। चालीस हजार के करीब पद खाली पड़े हैं। महंगाई को नियंत्रित करने में भाजपा विफल रही है। महंगाई आसमान छू रही है।
लोकसभा चुनाव में मिलेगा फायदा
सुक्खू ने भाजपा पर बड़ा हमला बोलते हुए कहा कि शिमला नगर निगम चुनाव में कांग्रेस को दो तिहाई बहुमत मिला है। पिछले पांच महीने में राज्य में कांग्रेस के सुशासन के कारण लोगों ने शिमला नगर निगम (एसएमसी) चुनाव में कांग्रेस को वोट दिया है। कांग्रेस ने शिमला नगर निगम चुनाव में कुल 34 में से 24 वार्ड में जीत हासिल कर दो तिहाई बहुमत हासिल कर लिया। भारतीय जनता पार्टी ने नौ वार्ड में जीत हासिल की है जबकि माक्र्सवादी कम्युनिस्ट पार्टी (माकपा) सिर्फ एक वार्ड पर जीत दर्ज करने में सफल रही। भाजपा और कांग्रेस दोनों ने 34-34 उम्मीदवार खड़े किए थे। शिमला का विकास राज्य सरकार की सर्वोच्च प्राथमिकता है। सुक्खू ने कहा, हम यहां व्यवस्था में सकारात्मक बदलाव लाने के लिए हैं न कि सत्ता का आनंद लेने के लिए। हम सेवा भाव के साथ काम करेंगे। एक सवाल के जवाब में कि शिमला नगर निगम चुनाव का आगामी लोकसभा चुनाव में कितना असर रहेगा, के जवाब में उन्होंने कहा कि लोकसभा चुनाव के लिए अभी साल भर का समय है। कांग्रेस पार्टी हिमाचल प्रदेश में अच्छा काम कर रही है। हम लोकसभा चुनाव में भी अच्छा प्रदर्शन करेंगे।
1.36 लाख कर्मचारियों को राहत
उन्होंने कहा कि हिमाचल प्रदेश में चुनाव से पहले दस गारंटी का वादा किया था। ये वादे हिमाचल प्रदेश सरकार पूरे कर रही है। हिमाचल प्रदेश सरकार की पहली फुल कैबिनेट में ओल्ड पेंशन को लागू करने का फैसला हुआ था। इसके बाद राज्य सरकार ने एनपीएस कंट्रीब्यूशन को बंद कर दिया था। अब ओल्ड पेंशन को पुराने फॉर्मेट में लागू करने के आदेश हो गए हैं। इससे 1.36 लाख एनपीएस कर्मचारियों को सीधे तौर पर राहत मिल गई । अमूमन होता यह है कि साठ साल की उम्र में इकट्ठा पैसा घर भेज देते हैं। तो कहीं न कहीं खर्च हो जाता है। सरकारी कर्मचारी 30-35 साल नौकरी करता है। इसके लिए इनकम होनी चाहिए। इसलिए ओपीएस दिया। इससे उसे जीवन में कभी तंगी नहीं आएगी। उनके घर का खर्च चलता रहेगा।
राजीव गांधी डे बोर्डिंग स्कूल
इसके साथ ही हिमाचल प्रदेश विधानसभा चुनाव से पहले पार्टी के घोषणापत्र में वादा किया गया था जिसके तहत गरीबी रेखा से नीचे जीवन यापन करने वाली महिलाओं को 1500 रुपए देने की बात कही थी। इसे कई चरणों में लागू किया जा रहा है। 2 लाख 31 हजार महिलाओं को पैसा देना शुरू किया है। जनजातीय जिला लाहुल स्पीति की घाटी की महिलाओं को प्रतिमाह 1500 रुपए दिए जाएंगे। इसके साथ ही अंग्रेजी माध्यम विद्यालय खोलने की गारंटी दी थी। राजीव गांधी डे बोर्डिंग स्कूल के नाम से यह विद्यालय शुरू किए जा रहे हैं।
राहुल खुद कर रहे मॉनिटरिंग
अब इसी तरह की गारंटी कर्नाटक की जनता के पास लेकर आए हैं। राहुल गांधी खुद इन गारंटी योजनाओं की मॉनिटरिंग कर रहे हैं। भाजपा के राष्ट्रीय नेता कह रहे हैं कि इन गारंटी योजनाओं को पूरा नहीं किया। भाजपा केवल जनता का ध्यान भटकाने के लिए ऐसे बयान दे रही हैं। हिमाचल प्रदेश सरकार आने वाले समय में और गारंटी योजनाओं को पूरा करेगी।
गारंटी के साथ लागू होगी योजनाएं
कर्नाटक में कांग्रेस ने जो घोषणा पत्र में वादे किए हैं। उन्हें निश्चित रूप से पूरा किया जाएगा। महिला सम्मान निधि के रूप में दो हजार रुपए देने की बात हो या फिर 200 यूनिट बिजली फ्री देने की बात हो। या फिर बेरोजगारों को तीन हजार रुपए प्रति माह भत्ता देना हो। कर्नाटक में कांग्रेस की सरकार बनने पर निश्चित ही इन घोषणाओं को गारंटी के साथ लागू किया जाएगा।

Hindi News/ Hubli / हिमाचल प्रदेश के मुख्यमंत्री सुक्खू ने कहा, बजरंग बली हमारे घर में स्थापित, भाजपा चुनावी ध्यान हटाने के लिए इसे राजनीतिक रंग दे रही

ट्रेंडिंग वीडियो