scriptबुलंदशहर: गर्भवती दलित महिला की हत्या के आरोपियों ने किया सरेंडर | Bulandshahar: accused surrendered for murder of a pregnant Dalit woman | Patrika News
क्राइम

बुलंदशहर: गर्भवती दलित महिला की हत्या के आरोपियों ने किया सरेंडर

12 दिन बाद दोनों आरोपियों ने कोर्ट में सरेंडर कर दिया है। सरेंडर करने के बाद कोर्ट ने दोनों आरोपियों को न्यायिक हिरासत में भेज दिया है।

Oct 26, 2017 / 10:17 pm

Rahul Chauhan

dalit woman
बुलंदशहर। गर्भवती महिला पर चोरी का आरोप लगाकर गांव के ही दबंग लोगों ने लाठी-डंडों से पीट-पीटकर गम्भीर रुप से घायल कर दिया था। दबंगों की पिटाई से गम्भीर रुप से घायल हुई 9 माह की गर्भवती महिला का गर्भ गिर गया। उसके बाद 21 अक्टूबर को महिला ने भी इलाज के दौरान दम तोड़ दिया। मृतका के पति ने मां-बेटे को नामजद करते हुए कोतवाली देहात पुलिस को तहरीर दी थी, जिसके बाद से ही पुलिस को इन लोगों की तलाश थी। बता दें कि 12 दिन बाद दोनों आरोपियों ने कोर्ट में सरेंडर कर दिया है। सरेंडर करने के बाद कोर्ट ने दोनों आरोपियों को न्यायिक हिरासत में भेज दिया है।
ये था मामला
घटना बुलंदशहर कोतवाली देहात क्षेत्र के गांव खेतलपुर भेंसोली की है। यहां 15 अक्टूबर को बाल्मीकि समाज की महिला पर तस्ला चोरी करने का आरोप लगाकर गांव की ही अंजू और रोहित ने लाठी-डंडों से जमकर पिटाई की। पिटाई से सावित्री गम्भीर रुप से घायल हो गई। उस समय सावित्री 9 माह के गर्भ से थी। पिटाई के बाद सावित्री की तबियत ज्यादा खराब हो गई।
परिजनों ने सावित्री को डॉक्टरों को दिखाया। लेकिन डॉक्टरों ने इलाज करना तो दूर पीड़िता को देखा तक नहीं। फिर मृतका के पति दिलीप कुमार की मानें तो 20 अक्टूबर को उसने सावित्री को अस्पताल में भर्ती कराया। दिलीप ने बताया कि पिटाई की वजह से सावित्री का गर्भ गिर गया। उसके बाद 21 अक्टूबर को इलाज के दौरान सावित्री ने भी दम तोड़ दिया।
मृतका के पति दिलीप कुमार ने बताया कि घटना की जानकारी ठंडी प्याऊ पुलिस चौकी को दी। पुलिस ने पीड़ितों को थाने से टरका कर भगा दिया था। जिसके के बाद 100 नम्बर पर सूचना दी गई। सूचना देने के बाद 18 अक्टूबर को मार-पिटाई की धाराओं में मुकदमा दर्ज हो सका। बता दें कि मृतका सावित्री के पति दिलीप कुमार की तहरीर पर पुलिस ने अंजू और रोहित के खिलाफ नामजद रिपोर्ट दर्ज की थी। रिपोर्ट दर्ज होने के बाद से ही दोनों आरोपी फरार चल रहे थे। जिनकी तलाश कोतवाली देहात पुलिस कर रही थी।
क्या कहते हैं आरोपी
गुरुवार को कोर्ट में अंजू और रोहित ने सरेंडर कर दिया। अंजू ने बताया कि सावित्री उनका तस्ला उठाकर ले गई थी। तस्ला वापिस मांगने को लेकर कहा-सुनी हो गई। जिसमें सावित्री ने तस्ला अंजू को मारा तो अंजू ने तस्ला हाथ से रोक लिया। जिसकी वजह से तस्ला सावित्री के सिर में लग गया। अंजू की मानें तो उनके बेटे को फंसाया जा रहा है। जिस समय यह हदसा हुआ, उस समय रोहित चारा काटने खेत पर गया था। वहीं, दूसरी तरफ रोहित का कहना है कि उसकी मां अंजू और सावित्री के बीच तस्ले को लेकर विवाद हुआ था। लेकिन मार-पिटाई नहीं हुई।
क्या कहते हैं अधिकारी
एसपी सिटी प्रवीन रंजन ने बताया कि खेतलपुर भेंसोली गांव में तस्ले को लेकर महिला का ठाकुर परिवार से विवाद हो गया था। उसी दौरान महिला गिर गई थी, जिसकी 4 दिन बाद मृत्यु हो गई। बताया कि महिला की मौत के बाद इसमें धारा 304 (ए) और अनुसूचित जाति-जनजाति की धाराऐं बढ़ाईं गईं हैं। साथ ही बताया कि दोनों अभियुक्त गिरफ्तार हो गए हैं, जिन्हें न्यायिक हिरासत में भेज दिया है। मामले की विवेचना सीओ सिटी के द्वारा की जा रही है।

Hindi News / Crime / बुलंदशहर: गर्भवती दलित महिला की हत्या के आरोपियों ने किया सरेंडर

ट्रेंडिंग वीडियो