scriptकरवाचौथ: जयपुरी-फिरोजाबादी चूड़ियों की धूम, मेहंदी की खुशबू से महक रहे बाजार, यहां करें शॉपिंग | Patrika News
बरेली

करवाचौथ: जयपुरी-फिरोजाबादी चूड़ियों की धूम, मेहंदी की खुशबू से महक रहे बाजार, यहां करें शॉपिंग

करवाचौथ के पर्व के लिए बाजारों में रौनक बढ़ गई है। महिलाएं पूजा सामग्री जैसे करवा, छलनी, दीया और फूल-बत्ती के साथ-साथ सौंदर्य प्रसाधनों और सजावट की वस्तुओं की खरीदारी कर रही हैं।

बरेलीOct 18, 2024 / 11:07 am

Avanish Pandey

बरेली: करवाचौथ के पर्व के लिए बाजारों में रौनक बढ़ गई है। महिलाएं पूजा सामग्री जैसे करवा, छलनी, दीया और फूल-बत्ती के साथ-साथ सौंदर्य प्रसाधनों और सजावट की वस्तुओं की खरीदारी कर रही हैं। चूड़ियों और कंगनों में सबसे ज्यादा मांग जयपुरी और फिरोजाबादी चूड़ियों की हो रही है, जबकि दिल्ली-मुंबई के झुमके और चेन भी खास पसंद किए जा रहे हैं। बरेली के प्रमुख बाजार जैसे सील चौराहा, कुतुबखाना, अलमगीरीगंज और गली आर्य समाज की गलियां मेहंदी की खुशबू से महक रही हैं। सिविल लाइंस में भी मेहंदी लगाने वाले कई स्थानों पर बैठे हुए हैं।

करवाचौथ 20 अक्टूबर को, बाजारों में खरीदारी जोरों पर

पति की लंबी उम्र और अखंड सौभाग्य के लिए महिलाएं 20 अक्टूबर को करवाचौथ का व्रत रखेंगी। इसके लिए बाजारों में एक सप्ताह पहले से ही कपड़े और सजावट की वस्तुओं की खरीदारी शुरू हो गई थी। सिविल लाइंस, कुतुबखाना, राजेंद्रनगर, श्यामगंज और डीडीपुरम के बाजारों में दिन-रात चहल-पहल है। व्यापारियों के अनुसार, साड़ियों और लहंगों में ग्लास और पोजिशन प्रिंट की भारी मांग है। साथ ही, कांजीवरम और बनारसी साड़ियां हमेशा से महिलाओं की पहली पसंद रही हैं। करवा चौथ के लिए लाल, पीले और रानी रंग की साड़ियों की मांग सबसे अधिक है।

साड़ियों और लहंगों के साथ सौंदर्य प्रसाधनों की खरीदारी

कपड़ा व्यापारियों का कहना है कि करवाचौथ के मौके पर पहले साड़ियां और लहंगे खरीदे जाते हैं, फिर इनसे मेल खाने वाले सौंदर्य प्रसाधन और सजावटी सामान खरीदे जाते हैं। खासकर लहंगे और साड़ियों की भारी मांग के बाद महिलाएं मैचिंग के हिसाब से बाकी सजावटी चीजें चुनती हैं।

ग्लोसी मल्टीकलर चूड़ियों की धूम

इस साल बाजारों में ग्लोसी मल्टीकलर चूड़ियों की खूब मांग है। राजेंद्र नगर की बृजवासी कॉस्मेटिक एंड बैंगल्स शॉप के मालिक के अनुसार, जयपुरी और फिरोजाबादी चूड़ियों और कंगनों की कई वैरायटी उपलब्ध हैं, जिन्हें महिलाएं खासा पसंद कर रही हैं।

Hindi News / Bareilly / करवाचौथ: जयपुरी-फिरोजाबादी चूड़ियों की धूम, मेहंदी की खुशबू से महक रहे बाजार, यहां करें शॉपिंग

ट्रेंडिंग वीडियो