scriptकभी साफ किया था स्कूल में शौचालय, आज हैं दुनिया के 13वें अमीर शख्स, फिल्मी है इनकी कहानी | trending story nvidia founder jensen huang success story cleaning toilets | Patrika News
विदेश

कभी साफ किया था स्कूल में शौचालय, आज हैं दुनिया के 13वें अमीर शख्स, फिल्मी है इनकी कहानी

Jensen Huang : गेमिंग की दुनिया में सबसे बड़ी चिपसेट निर्माता कंपनी एनवीडिया के सीईओ और फाउंडर जेनसेन हुआंग इन दिनों भारत दौरे पर है। उन्होंने एनवीडिया एआई समिट 2024 में रिलायंस के साथ मिल कर भारत में एआइ इंफ्रास्ट्रक्चर तैयार करने की घोषणा की है। साथ ही हुआंग ने भारत के लिए एक विशेष […]

नई दिल्लीOct 27, 2024 / 08:10 pm

M I Zahir

Jensen Huang

Jensen Huang

Jensen Huang : गेमिंग की दुनिया में सबसे बड़ी चिपसेट निर्माता कंपनी एनवीडिया के सीईओ और फाउंडर जेनसेन हुआंग इन दिनों भारत दौरे पर है। उन्होंने एनवीडिया एआई समिट 2024 में रिलायंस के साथ मिल कर भारत में एआइ इंफ्रास्ट्रक्चर तैयार करने की घोषणा की है। साथ ही हुआंग ने भारत के लिए एक विशेष हिंदी एआइ मॉडल भी लॉन्च किया। एआई समिट में रिलायंस के साथ सहयोग, भारत में एआई इंफ्रास्ट्रक्चर का विकास दर्शाता है। हुआंग ने भारत यात्रा के दौरान दुनिया के अमीरों की सूची में
शामिल भारतीय उद्योगपति मुकेश अंबानी से मुलाकात की। आइए जानते है जेनसेन हुआंग के बारे में :
Jensen Huang, CEO and Founder of Nvidia
एनवीडिया के सीईओ और फाउंडर जेनसेन हुआंग।

हुआंग को 9 साल की उम्र में अमरीका भेजा

ताइवान में जन्मे 61 वर्षीय हुआंग को नौ साल की उम्र में माता पिता ने अमरीका भेज दिया। ओनेडा की एक बोर्डिंग स्कूल में भाई के साथ उनका दाखिला करवाया, जहां उन्हें स्कूल का शौचालय तक साफ करना पड़ा। एक बार उनके माता-पिता अमरीका गए और उन्हें इस बात का पता चला तो उन्होंने दोनों को स्कूल से निकाला। उन्होंने ओरेगॉन स्टेट यूनिवर्सिटी से इलेक्ट्रिकल इंजीनियरिंग में स्नातक और स्टैनफोर्ड यूनिवर्सिटी से मास्टर्स डिग्री प्राप्त की है।
Jensen Huang, the 13th richest person in the world
दुनिया के 13 वें सबसे अमीर शख्स जेनसेन हुआंग।

1993 में हुई एनवीडिया की स्थापना

अप्रेल 1993 में हुआंग, कर्टिस प्रीम और क्रिस मालाचोव्स्की ने एनवीडिया की स्थापना की थी। शुरुआत में कंपनी वीडियो गेम ग्राफिक्स चिप्स बनाती थी। बाद में इन चिप्स का इस्तेमाल एआइ, ऑटोमेटिव टेक्नोलॉजी और डेटा सेंटर्स में भी किया जाने लगा। 1999 में कंपनी के शेयर 100 डॉलर तक पहुंचे तो खुशी में हुआंग ने अपने बाएं कंधे पर कंपनी के लोगो का टैटू बनवाया। उनके नेतृत्व में एनवीडिया ने कई महत्वपूर्ण इनोवेशन किए।

दुनिया की दूसरी सबसे मूल्यवान कंपनी

एपल को पीछे छोड़ते हुए हुआंग की कंपनी एनवीडिया दुनिया की दूसरी सबसे मूल्यवान कंपनी बन गई है। एनवीडिया का मार्केट कैप करीब 251 लाख करोड़ गया है। वहीं एपल का मार्केट कैप 250 लाख करोड़ पर है।

दुनिया के 13 वें सबसे अमीर

हुआंग 106 बिलियन डॉलर (8.84 लाख करोड़ रुपए) की संपत्ति के साथ दुनिया के 13वें सबसे अमीर व्यक्ति हैं। एनवीडिया के शेयरों में पिछले एक साल में 700% से अधिक की वृद्धि हुई है। साल 2017 में फॉर्च्यून मैग्जीन ने हुआंग को बिजनेसपर्सन ऑफ द ईयर का खिताब दिया था और 2019 में हार्वर्ड बिजनेस रिव्यू ने उन्हें दुनिया के सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन करने वाले सीईओ के रूप में स्थान दिया था। टाइम ने उन्हें सन 2021 में दुनिया के सौ सबसे प्रभावशाली लोगों की अपनी वार्षिक सूची में शामिल किया था।

Hindi News / world / कभी साफ किया था स्कूल में शौचालय, आज हैं दुनिया के 13वें अमीर शख्स, फिल्मी है इनकी कहानी

ट्रेंडिंग वीडियो