scriptबरसात से दूसरे दिन भी प्रभावित रहा रेल यातायात | Rail traffic affected by rain on second day | Patrika News
सूरत

बरसात से दूसरे दिन भी प्रभावित रहा रेल यातायात

स्टेशन पर अटकी ट्रेनों के यात्रियों को बसों से किया रवाना

सूरतJul 11, 2018 / 10:08 pm

सुनील मिश्रा

patrika

बरसात से दूसरे दिन भी प्रभावित रहा रेल यातायात


वापी /वलसाड. मुंबई और दक्षिण गुजरात में भारी बरसात के बाद उत्पन्न हालात के चलते दूसरे दिन भी रेल यातायात प्रभावित रहा। बुधवार को भी मुंबई से चलने वाली ज्यादातर ट्रेनों को रद्द कर दिया गया। वहीं, मुंबई की ओर जाने वाली ट्रेनों को बीच के स्टेशनों से ही लौटा दिया गया। हालांकि मंगलवार की अपेक्षा बुधवार को यात्रियों की संख्या कम ही रही। इससे पूर्व मंगलवार सुबह से स्टेशन पर खड़ी राजधानी एक्सप्रेस को बुधवार तड़के रवाना किया गया। जबकि रात में ही रेलवे द्वारा दो बसों के माध्यम से करीब सौ यात्रियों को मुंबई भेजा गया था।
वलसाड में परेशान रहे लोग
रेल यातायात बाधित होने से वलसाड में भी यात्रियों को काफी परेशानी उठानी पड़ी। ट्रेनों के समय में घंटों की देरी से सैकड़ों यात्री स्टेशन पर हलकान रहे। हालांकि कई यात्रियों को संस्था की ओर से बसों की व्यवस्था कर मुंबई भेजा गया। बुधवार को ज्यादातर ट्रेन सूरत, वलसाड, वापी और दहाणु तक ही चलाई गई। वलसाड फास्ट पैसेंजर, फ्लाइंग रानी, गांधीधाम एक्सप्रेस और रणकपुर एक्सप्रेस समेत कई ट्रेन वापी से ही लौट गई। इससे यात्रियों को निजी साधनों का सहारा मुंबई जाने के लिए लेना पड़ा। वहीं स्टेशन पर फंसे सैकड़ों यात्रियों को स्वयंसेवी संस्थाओं ने रहने और खाने की व्यवस्था की थी।
रेलवे को लाखों के राजस्व का नुकसान
रेल यातायात प्रभावित होने से रेलवे की कमाई पर भी असर पड़ा है। वापी स्टेशन पर मंगलवार को १लाख, 58 हजार रुपए टिकट रिफंड के तौर पर यात्रियों को लौटाए गए। जबकि करंट टिकटों की बिक्री भी महज 3.80 लाख रुपए ही रही। सामान्य दिनों में करंट टिकटों से स्टेशन को १० से 12 लाख रुपए की आय होती है। मंगलवार को रिजर्वेशन टिकटों से होने वाली आय भी 4.77 लाख ही हुई।
बसों की लेनी पड़ी शरण
सूरत से मुंबई जाने के लिए कई लोगों को बसों की शरण लेनी पड़ी। बुधवार को भी रोडवेज ने सूरत से मुंबई के लिए आठ विशेष बसें चलाईं। सूरत-मुंबई के बीच कई गाडिय़ां लेट चल रही हैं और यात्री विभिन्न स्टेशनों पर अटके हुए हैं।

Hindi News / Surat / बरसात से दूसरे दिन भी प्रभावित रहा रेल यातायात

ट्रेंडिंग वीडियो