scriptपाल, सारोली, अलथाण, उत्राण व वेसू में नए थाने शुरू करने का मामला ठंडे बस्ते में ! | No progress to start 5 new police stations in surat city | Patrika News
सूरत

पाल, सारोली, अलथाण, उत्राण व वेसू में नए थाने शुरू करने का मामला ठंडे बस्ते में !

– जगह तय नहीं, लेकिन पुलिस प्रशासन का दावा अगले माह तक शुरू होंगे थाने
 

सूरतFeb 10, 2022 / 11:07 am

Dinesh M Trivedi

मोटरसाइकिल टो करने पर पुलिसकर्मी पर किया पाइप से हमला

मोटरसाइकिल टो करने पर पुलिसकर्मी पर किया पाइप से हमला

दिनेश एम.त्रिवेदी

सूरत. शहर में बढ़ते अपराधों को देखते हुए राज्य के गृह विभाग ने गत वर्ष पांच नए थानों को मंजूरी दी थी, लेकिन अभी तक इन थानों को लेकर धरातल पर कोई कार्रवाई नहीं हुई है। इस मामले को ठंडे बस्ते में डाल दिया गया है, लेकिन दावा किया जा रहा है कि अगले माह तक पांचों थाने कार्यरत हो जाएंगे।
जानकारी के अनुसार शहर की बढ़ती आबादी व आपराधिक घटनाओं के चलते लंबे समय से शहर में थानों के संख्या बढ़ाने की मांग की जा रही थी। कई थानों का सीमा क्षेत्र अधिक विस्तृत होने व नफरी कम होने के चलते मामलों के निपटारे में भी समय लग रहा है।
मोबाइल चोरी या गुम होने, पड़ोसियों के विवाद, सामान्य सायबर अपराध जैसी छोटी-मोटी लिखित शिकायतों की जांच तो कई कई दिनों तक शुरू नहीं होती है। शहर में जितना पुलिस बल है उसका मुख्य फोकस लॉ एण्ड ऑर्डर व गंभीर अपराधों पर है। इसी के चलते लोगों द्वारा शहर में पुलिस की नफरी व थानों की संख्या बढ़ाने की मांग की जा रही थी।
शहर पुलिस द्वारा राज्य सरकार को शहर में पांच नए थाने पाल, सारोली, अलथाण, उत्राण व वेसू में पांच नए थाने गठित करने का प्रस्ताव भेजा गया था। इन्हें वर्तमान अडाजण, पुणागाम, खटोदरा, अमरोली व उमरा थानाक्षेत्रों से अलग कर बनाया जाना था। क्योंकि इन थानों में जनसंख्या व क्षेत्र के अनुपात में नफरी भी कम थी।
गत वर्ष सरकार ने इन थानों के गठन के प्रस्ताव मंजूरी भी दे दी थी। तत्कालिन गृह राज्य मंत्री प्रदीपसिंह जाड़ेजा ने गत वर्ष अपने सूरत दौरे के समय इन थानों को जल्द से जल्द शुरू करने की घोषणा भी की थी। इसके साथ नई भर्तियों से शहर पुलिस महकमें की नफरी बढ़ाने की बात की गई थी।
लेकिन फिर बात आई गई हो गई। शहर पुलिस में ऊंट के मुंह में जीरे के समान कुछ नई भर्तियां हुई, लेकिन नए थानों को शुरू करने की दिशा में कोई कार्रवाई नहीं हुई। मामला ठंडे बस्ते में पड़ा है। अभी तक इन थानों का न तो सीमांकन हुआ है, न ही स्थाई या अस्थाई तौर पर थानों के लिए कोई जगह तय की गई है।
इन थानों के लिए पुलिस बल की भी तैनाती नहीं हुई है। अधिकारियों का कहना हैं कि इस दिशा में काम चल रहा है। जब जगह नफरी आदि की जानकारी मांगी गई तो जानकारी नहीं दी गई।

फिलहाल 28 थानाक्षेत्रों में विभक्त है शहर :
करीब 475 वर्ग किलोमीटर में फैला 65 लाख की आबादी वाला सूरत शहर कानूनी क्षेत्राधिकार के लिहाज से 28 पुलिस थानों में विभिक्त है। चार नए थानों के शुरु होने पर यह संख्या 32 हो जाएगी। इसके अलावा अलग से एक महिला पुलिस थाना, एक साइबर क्राइम पुलिस थाना व क्राइम ब्रांच की अलग अलग शाखाएं जिनका क्षेत्राधिकार संपूर्ण शहर है।

इनका कहना है ;
अभी जगह तय नहीं हुई है, लेकिन इसी माह अंत तक दो व अगले माह में शेष तीन नए थाने शुरू हो जाएंगे। जिन थानों से विभाजित कर नए थानों का गठन किया जाएगा। उन्हें बराबर हिस्सों में बांटा जाएगा। इस संबंध में नोटिफिकेशन जारी किया जाएगा।
– अजय कुमार तोमर (शहर पुलिस आयुक्त, सूरत शहर)

Hindi News / Surat / पाल, सारोली, अलथाण, उत्राण व वेसू में नए थाने शुरू करने का मामला ठंडे बस्ते में !

ट्रेंडिंग वीडियो