पिछले 48 घंटे में यूपी के विभिन्न मंडलों में हुई बारिश से ठिठुरन बढ़ गई है। 24 घंटों में कानपुर, प्रयागराज, बरेली, मुरादाबाद, आगरा, मेरठ, झांसी मंडलों में दिन का तापमान सामान्य से काफी कम रहा। यूपी में रात का तापमान सबसे कम बिजनौर के नजीबाबाद में रहा। यहां 6 डिग्री तापमान दर्ज रिकॉर्ड किया गया।
मंगलवार से प्रदेश में हालात खराब हो रहे हैं। दिन का पारा लगातार नीचे गिरता जा रहा है। गुरुवार को दिन का तापमान 16.2 डिग्री सेल्सियस दर्ज हुआ है। ये सामान्य से 7 डिग्री कम है। यही वजह है कि दिन में गलन है। खासकर बर्फीली हवाएं लोगों को परेशान कर रही हैं। बंद स्थानों पर गलन की वजह से काम करना मुश्किल हो रही है। वहीं, रात के तापमान में कोई बदलाव नहीं हैं। ये 9.2 डिग्री सेल्सियस रिकार्ड किया है।
मौसम विभाग के मुताबिक, शुक्रवार और शनिवार को कोल्ड-डे-कंडीशन रहेगी। घना कोहरा रहने के पूरे आसार हैं। रविवार को सुबह कोहरा-धुंध के बाद दोपहर में साफ होने की संभावना रहेगी। सुबह से ही आसमान में बादल छाए रहेंगे। हल्की बारिश की संभावना है।
यूपी के पूर्वांचल में सक्रिय पश्चिमी विक्षोभ ने लगातार दूसरे दिन भी बारिश कराई। दिनभर बादल छाए रहने से ठंड के साथ ही गलन में भी इजाफा हुआ। अधिकतम तापमान 21.6 और न्यूनतम तापमान 12 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। मौसम विभाग ने बताया कि शुक्रवार को भी हल्की बारिश और कोहरे का अनुमान है। शनिवार के बाद बादल छंटने से गलन बढ़ेगी। नए विक्षोभ के सक्रिय होने से सोमवार और मंगलवार को एक बार फिर बादलों की सक्रियता बढ़ेगी। इस दौरान एक किमी प्रतिघंटे की रफ्तार से पछुआ हवा चलेगी।