scriptअब हर छात्रा से वसूली जाएगी 250 रुपए की अतिरिक्त राशि | Patrika News
सागर

अब हर छात्रा से वसूली जाएगी 250 रुपए की अतिरिक्त राशि

गर्ल्स डिग्री कॉलेज की जनभागीदारी परिषद की बैठक में हुआ निर्णय सागर. एक्सीलेंस गर्ल्स डिग्री कॉलेज की छात्राओं से विकास शुल्क के नाम पर अब 1250 रुपए लिए जाएंगे। नए सत्र 2024-2025 में विकास शुल्क को 250 रुपए बढ़ाया जा रहा है। यह निर्णय शनिवार को आयोजित हुई जनभागीदारी सामान्य परिषद की बैठक में लिया […]

सागरJul 21, 2024 / 12:15 pm

अभिलाष तिवारी

गर्ल्स डिग्री कॉलेज की जनभागीदारी परिषद की बैठक में हुआ निर्णय

सागर. एक्सीलेंस गर्ल्स डिग्री कॉलेज की छात्राओं से विकास शुल्क के नाम पर अब 1250 रुपए लिए जाएंगे। नए सत्र 2024-2025 में विकास शुल्क को 250 रुपए बढ़ाया जा रहा है। यह निर्णय शनिवार को आयोजित हुई जनभागीदारी सामान्य परिषद की बैठक में लिया गया है। इस सत्र से सभी छात्राओं को विकास शुल्क के रूप में 1250 रुपए देने होंगे। पिछले सत्र तक विकास शुल्क की राशि 1000 रुपए थी। कॉलेज प्रबंधन का कहना है कि कॉलेज में एडमिशन की संख्या घट रही है। वहीं इस वर्ष से कई नए कोर्स शुरू किए गए हैं। अतिथि शिक्षकों और अन्य सुविधाओं में लगातार खर्च बढ़ रहा है। यही वजह है कि इस वर्ष से विकास शुल्क के रूप में अतिरिक्त राशि ली जाएगी।

इन प्रस्तावों पर हुई चर्चा

बैठक में छात्राओं की सुविधा के लिए कैंटीन में नया फर्नीचर क्रय करने के प्रस्ताव, राजघाट रोड स्थित नवीन महाविद्यालय में अधिक क्षमता की पानी की मोटर खरीदने एवं रीडिंग रूम की व्यवस्था कराने आदि पर भी चर्चा हुई। संस्था प्राचार्य ने बताया कि कॉलेज में 15 विषयों में शोध कार्य हो रहे हैं। 8 विषयों में शोध सेमिनार प्रस्तावित हैं। जनभागीदारी प्रभारी प्राध्यापक डॉ. पद्मा आचार्य ने बैठक का एजेंडा प्रस्तुत किया। डॉ. संजय खरे ने आभार माना।

कम उपस्थिति चिंता का विषय: शैलेंद्र जैन

बैठक में विधायक शैलेंद्र जैन ने कहा कि यह एक्सीलेंस गर्ल्स काॅलेज संभाग का सबसे बड़ा कॉलेज है, लेकिन छात्राओं की उपस्थिति अत्यंत चिंतनीय है। महाविद्यालय के शिक्षकों एवं अभिभावकों की यह जिम्मेदारी बनती है कि छात्राएं महाविद्यालय में शत-प्रतिशत अपनी उपस्थिति रखें। जनभागीदारी अध्यक्ष मनीषा मिश्रा ने कहा कि संपूर्ण जनभागीदारी समिति महाविद्यालय के विकास में एवं छात्राओं के सहयोग में सदैव तत्पर रहती है। बैठक में राजीव लोचन शर्मा, राकेश लारिया, नवल सिंह गौंड़, दीप्ति चंदेरिया, डॉ. एमएस चौकसे, डॉ. संजय खरे एवं प्रभारी डॉ. सुनीता त्रिपाठी उपस्थित थीं।

फैक्ट फाइल

– 13665 छात्राएं पिछले वर्ष थीं कॉलेज में

– 10000 बची वर्तमान में छात्राओं की संख्या

– 1941 छात्राओं ने नए सत्र में लिए हैं दाखिले

जनभागीदारी परिषद ने निर्णय लिया है

कॉलेज में लगातार एडमिशन की संख्या घट रही है। नए-नए कोर्स और अतिथि शिक्षकों का अतिरिक्त खर्च है। ज्यादा खर्च बढऩे की वजह से विकास शुल्क जनभागीदारी सामान्य परिषद की बैठक में सभी सदस्यों की सहमति से बढ़ाया गया है। -डॉ. आनंद तिवारी, प्राचार्य

Hindi News / Sagar / अब हर छात्रा से वसूली जाएगी 250 रुपए की अतिरिक्त राशि

ट्रेंडिंग वीडियो