script50 घंटे देरी से आया मानसून, 3 घंटे में 1 इंच हो गई बारिश | Patrika News
सागर

50 घंटे देरी से आया मानसून, 3 घंटे में 1 इंच हो गई बारिश

सागर. 50 घंटे देरी से सही लेकिन मानसून ने रविवार को झमाझम बारिश के साथ एंट्री की। शाम 5.25 से 8.30 बजे तक 3 घंटे में ही 1 इंच बारिश हो गई। पहली ही बारिश ने शहर में नगर निगम की तैयारियों की पोल खोल दी। कई कॉलोनियों और मार्केट में जल जमाव की स्थिति […]

सागरJun 24, 2024 / 11:20 am

Murari Soni

सागर. 50 घंटे देरी से सही लेकिन मानसून ने रविवार को झमाझम बारिश के साथ एंट्री की। शाम 5.25 से 8.30 बजे तक 3 घंटे में ही 1 इंच बारिश हो गई। पहली ही बारिश ने शहर में नगर निगम की तैयारियों की पोल खोल दी। कई कॉलोनियों और मार्केट में जल जमाव की स्थिति से लोग परेशान रहे। वहीं देर रात तक रूक-रूक कर बरसात होती रही। वहीं मानसून आते ही तापमान में गिर गया और लोगों ने उमस व गर्मी से राहत की सांस ली।मौसम विभाग की मानें तो 21 जून को जिले में मानसून आने का अनुमान था लेकिन रविवार की शाम मानसून के बादल बरस पड़े। शहर में 75 मिनट तक तेज और एक समान बारिश होती रही। मौसम विभाग ने रात साढ़े आठ बजे तक शहर में 25 मिमी औसत बारिश दर्ज की। इसके पहले अब तक मात्र 8 मिमी ही बारिश हुई थी।

तिरुपतिपुरम, वैशाली नगर और नया बाजार में भरा पानी-

तिरुपतिपुरम, वैशाली नगर कॉलोनियों और कटरा नया बाजार में जल भराव हो गया। कॉलोनियों के लोगों ने नगर निगम के कंट्रोल रूम में पानी भरने की सूचना दी। वैशाली नगर में हर साल बारिश का पानी लोगों के घरों में भर जाता है। इस वर्ष नगर निगम ने यहां चौड़ी नालियां बनाईं थीं, लेकिन फिर भी जल जमाव हुआ। तिरुपतिपुरम में लोग नगर निगम के निर्माण कार्यों को कोसते नजर आए। वहीं नया बाजार में पानी भरने से सडक़ डूब गई और दुकानदार परेशान होते रहे।

निगमायुक्त ने किया निरीक्षण-

बारिश में जल भराव की सूचना के बाद नगर निगम आयुक्त राजकुमार खत्री ने जल भराव के चिंहित क्षेत्र डिग्री कॉलेज संगीत विद्यालय रोड, श्रीराम कॉलोनी, कटरा बाजार सहित अन्य जगहों पर निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान उन्होंने अपनी टीम को निर्देश दिए कि जहां नालों की सफाई, गहरीकरण की जरूरत हो वहां तत्काल कार्य करें। वहीं वृंदावन मंदिर के पीछे नाले की सफाई, गहरीकरण करने के लिए उन्होंने टीम को निर्देशित किया। उन्होंने कहा कि यहां वृंदावन ट्रस्ट ने अपनी जमीन में भारी मात्रा में मिट्टी से समतलीकरण किया है, जिससे पानी का प्राकृतिक बहाव प्रभावित होगा। यहां जो भी सफाई कार्य होगा वह ट्रस्ट से वसूल किया जाएगा।
-बारिश के बाद एक-दो जगह से पानी जमा होने की सूचना आई थी, जहां टीम को तत्काल भेजा गया था। मैंने भी बस स्टैंड संगीत विद्यालय, कटरा आदि क्षेत्रों को निरीक्षण किया था। बारिश में जल भराव की समस्या से निपटने के लिए कंट्रोल रूम बनाया गया है, जहां पर टीम तैनात है। नालों की सफाई हो चुकी है, जहां जरूरत होगी वहां कार्य किया जाएगा।
राजकुमार खत्री, नगर निगम आयुक्त।

-रविवार की शाम मानसून ने संभाग में भी दस्तक दे दी, साढ़े 5 से 8.30 बजे तक एक इंच बारिश दर्ज की गई। चूंकि मानसून आ गया है तो अब रूक-रूक बारिश होती रहेगी।
विवेक छलोत्रे, मौसम वैज्ञानिक।

Hindi News/ Sagar / 50 घंटे देरी से आया मानसून, 3 घंटे में 1 इंच हो गई बारिश

ट्रेंडिंग वीडियो