नागरिक आपूर्ति निगम में बड़े पैमाने में अनियमितताओं और लापरवाही की शिकायतें मिल रहीं हैं। ऐसे में मैनेजमेंट कड़ी कार्रवाई पर उतर आया है। निगम ने जबलपुर में पदस्थ वित्त प्रबंधक की गंभीर वित्तीय अनियमितताओं के खिलाफ कड़ा रुख अपना लिया है।
नागरिक आपूर्ति निगम की जबलपुर ब्रांच में पदस्थ वित्त प्रबंधक अरविंद नगरारे पर गंभीर आरोप लगे थे। जांच में दोषी पाए जाने पर उनपर सख्त कार्रवाई की गई है। नगराने पर वित्तीय अनियमितता के आरोप हैं। परिवहन कर्ता ठेकेदार को नियम विरुद्ध 52 लाख रुपए का अनुचित लाभ पहुंचाने के मामले में दोषी पाए जाने के बाद उनपर कार्रवाई के निर्देश दिए गए है। उनकी अपील भी निरस्त कर दी गई है।
मैनेजमेेंट ने नागरिक आपूर्ति निगम मुरैना के पदस्थ एक अधिकारी पर भी सख्ती दिखाई है। मुरैना के प्रभारी जिला प्रबंधक अरुण कुमार जैन की एक—दो नहीं बल्कि 3 वेतन वृद्धियां निरस्त कर दी गई हैं। प्रभारी जिला प्रबंधक अरुण कुमार जैन ने वेतन वृद्धियां बहाल करने की अपील की थी। हालांकि सरकार ने सख्ती दिखाते हुए उनकी अपील निरस्त कर दी।
नागरिक आपूर्ति निगम ने आउटसोर्स पर रखे अधिकारियों पर भी कार्रवाई के निर्देश दिए हैं। निगम ने ऐसे अधिकारियों को तुरंत हटाने को कहा है जिन पर पूर्व में भ्रष्टाचार से संबंधित आरोप लग चुके हैं। इसके साथ ही आउटसोर्स पर ऐसे अधिकारियों को ही नियुक्त करने के निर्देश दिए जिनपर पूर्व में कोई आरोप न लगे हों।