scriptतांत्रिक के मायाजाल में आमजन के साथ पुलिस अधिकारी भी फंसा, 22 लाख रुपए का चूना लगा | Along with the common man, a police officer also got trapped in the magic of a tantrik and was duped of Rs 22 lakh | Patrika News
समाचार

तांत्रिक के मायाजाल में आमजन के साथ पुलिस अधिकारी भी फंसा, 22 लाख रुपए का चूना लगा

तांत्रिक के फर्जी मायाजाल में फंसे लोग न्याय की आस में पुलिस के चक्कर काट रहे हैं, लेकिन तांत्रिक का एक ऐसा कारनामा सामने आया है, जिसमें उसने पुलिस अधिकारियों को भी नहीं बख्शा है।

सागरOct 17, 2024 / 05:05 pm

Madan Tiwari

कुछ समय पहले तक शहर के एक थाने में थी पदस्थापना, कार्रवाई होने के डर से शिकायत करने से बच रहा

सागर. तांत्रिक के फर्जी मायाजाल में फंसे लोग न्याय की आस में पुलिस के चक्कर काट रहे हैं, लेकिन तांत्रिक का एक ऐसा कारनामा सामने आया है, जिसमें उसने पुलिस अधिकारियों को भी नहीं बख्शा है। उसके मायाजाल में फंसे एक पुलिस अधिकारी को करीब 22 लाख रुपए का चूना लगा है, लेकिन वे खुद पुलिस अधिकारी होने के चलते अब इस प्रकार फंसकर रह गए हैं कि न तो सख्ती बरत पा रहे हैं और न ही शिकायत कर पा रहे हैं, क्योंकि उनको सबसे बड़ा डर इस बात का है कि यदि शिकायत की तो विभाग सबसे पहले उन्हीं के खिलाफ कार्रवाई करेगा।
जानकारी के अनुसार करीब दो साल पहले एक सहायक उप निरीक्षक शहर के एक थाने में पदस्थ थे। उनको तांत्रिक के दरवार के बारे में पता चला और वे भी रातों-रात करोड़पति बनने का सपना देखने लगे। तांत्रिक ने एएसआई को अपने मायाजाल में फंसाया और गड़ा धन निकलवाने का दावा किया। साहब भी तांत्रिक और उसके बेटे की बातों में फंस गए, इसके बाद कभी पूजा तो कभी सोने-चांदी के जेवरों का चढ़ावा लेने के नाम पर एएसआई ने लगभग 22 लाख रुपए तांत्रिक पर लुटा दिए। इसके बाद न तो उन्हें गड़ा धन मिला और न ही अब वे तांत्रिक को दिए रुपए वापस लेने की दम जुटा पा रहे हैं।

– 54.06 लाख की ठगी आ चुकी सामने

गड़ा धन निकालने के लालच में आकर तांत्रिक मायाजाल में फंसे 8 लोग अब तक पुलिस से शिकायत कर चुके हैं। वहीं एएसआई चाहकर भी शिकायत नहीं कर पा रहे हैं। इन सभी 9 लोगों से तांत्रिक 54.06 लाख रुपए ऐंठ चुका है। लोगों ने शिकायत में पुलिस को तांत्रिक के साथ हुई चैट और कुछ वीडियो भी उपलब्ध कराए हैं, जिसमें पूजा-पाठ और लेनदेन की पुष्टि हो रहा है। इसके बाद भी पुलिस ने तांत्रिक के खिलाफ अब तक कोई एक्शन नहीं लिया है। वह लोगों को लूटकर दरवार में बैठकर मजे मार रहा है और लोग पुलिस अधिकारियों के चक्कर काट रहे हैं।

– फर्जीवाड़े की पुष्टि हो रही है

तांत्रिक के खिलाफ जिन लोगों ने अब तक शिकायतें की हैं उन सभी के बयान दर्ज कर लिए हैं। कुछ साक्ष्य भी पीडि़तों ने उपलब्ध कराए हैं। प्रथम दृष्टया तांत्रिक के फर्जीवाड़े की पुष्टि हो रही है। कुछ बिंदुओं पर पड़ताल कर रहे हैं, जल्द ही आगे की कार्रवाई की जाएगी।
नीलम चौधरी, सीएसपी, मकरोनिया

Hindi News / News Bulletin / तांत्रिक के मायाजाल में आमजन के साथ पुलिस अधिकारी भी फंसा, 22 लाख रुपए का चूना लगा

ट्रेंडिंग वीडियो