scriptशिवाजी महाराज मेरे आराध्य देव हैं, चरणों में सिर झुकाकर माफी मांगता हूं: PM मोदी | PM modi apologize over Shivaji Maharaj statue collapse at Rajkot Fort Maharashtra | Patrika News
मुंबई

शिवाजी महाराज मेरे आराध्य देव हैं, चरणों में सिर झुकाकर माफी मांगता हूं: PM मोदी

PM Modi : सीएम एकनाथ शिंदे ने कहा है कि इस घटना के पीछे के कारणों का पता लगाया जाएगा और उसी स्थान पर छत्रपति शिवाजी महाराज की भव्य प्रतिमा फिर से स्थापित की जाएगी।

मुंबईAug 31, 2024 / 11:09 am

Dinesh Dubey

Shivaji Maharaj statue PM Modi
PM Modi on Shivaji Maharaj statue collapse : महाराष्ट्र के सिंधुदुर्ग में छत्रपति शिवाजी महाराज की प्रतिमा गिरने के मामले पर सियासत तेज हो गई। शिवाजी महाराज की इस प्रतिमा का अनावरण महज 8 महीने पहले प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने किया था। इस वजह से न केवल महाराष्ट्र सरकार बल्कि केंद्र सरकार भी विपक्ष की आलोचनाओं से घिर गई। शिव भक्तों के रोष को देखते हुए महाराष्ट्र के मुख्यमंत्री एकनाथ शिंदे और उप-मुख्यमंत्री अजित पवार ने इस घटना को लेकर जनता से माफी मांगी। इस बीच आज पीएम मोदी ने भी मराठा योद्धा की प्रतिमा ढहने की घटना पर माफी मांग ली है। इस दौरान उन्होंने विपक्ष खासकर कांग्रेस को वीर सावरकर के अपमान करने के लिए आड़े हाथों लिया।
पालघर में शुक्रवार को 76000 करोड़ के वधावन पोर्ट परियोजना का शिलान्यास करने के बाद पीएम मोदी ने शिवाजी महाराज की प्रतिमा गिरने की घटना पर माफी मांगी। पीएम मोदी ने कहा कि शिवाजी महाराज मेरे आराध्य देव हैं, मैं उनके चरणों में सिर झुकाकर माफी मांगता हूं।
यह भी पढ़ें

PM मोदी ने रखी देश के सबसे बड़े बंदरगाह Vadhavan Port की आधारशिला, 12 लाख लोगों को मिलेगा रोजगार

पीएम मोदी ने कहा, “छत्रपति शिवाजी महाराज… मेरे लिए सिर्फ नाम नहीं हैं, हमारे लिए छत्रपति शिवाजी महाराज आराध्य देव हैं। पिछले दिनों सिंधुदुर्ग में जो हुआ, आज मैं सिर झुकाकर मेरे आराध्य देव छत्रपति शिवाजी महाराज जी के चरणों में मस्तक रखकर माफी मांगता हूं।“
कांग्रेस पर बरसते हुए प्रधानमंत्री ने आगे कहा, “हमारे संस्कार अलग हैं, हम वो लोग नहीं हैं जो आए दिन भारत मां के महान सपूत, इसी धरती के लाल वीर सावरकर को अनाप-शनाप गालियां देते रहते हैं, अपमानित करते रहते हैं, देशभक्तों की भावनाओं को कुचलते हैं। वे लोग वीर सावरकर को गालियां देने के बाद भी माफी मांगने को तैयार नहीं हैं। उनको पाश्चाताप नहीं होता है… महाराष्ट्र की जनता उनके संस्कार को अब जान गई है।“
गौरतलब है कि 35 फुट ऊंची छत्रपति शिवाजी महाराज की प्रतिमा का अनावरण पीएम मोदी ने पिछले साल 4 दिसंबर को राजकोट किले पर नौसेना दिवस (Navy Day) समारोह के हिस्से के रूप में किया था। 
मराठा राजा छत्रपति शिवाजी महाराज की 35 फुट ऊंची प्रतिमा 26 अगस्त को दोपहर में अचानक ढह गई। इस संबंध में सिंधुदुर्ग पुलिस ने भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) की धारा 109, 110, 125, 318 और 3(5) के तहत एफआईआर दर्ज की है। पुलिस ने इस मामले में स्ट्रक्चरल कंसल्टेंट चेतन पाटिल (Chetan Patil) और एक ठेकेदार को गिरफ्तार किया है।
महाराष्ट्र के मुख्यमंत्री एकनाथ शिंदे ने गुरुवार को कहा कि राज्य सरकार छत्रपति शिवाजी महाराज की प्रतिमा के पुनर्निर्माण के लिए युद्ध स्तर पर निर्णय ले रही है। शिवाजी महाराज की प्रतिमा गिरने की जांच के लिए और फिर से भव्य प्रतिमा स्थापित करने के लिए दो समितियों का गठन किया गया है। उन्होंने विपक्षी दलों से इस मामले पर राजनीति नहीं करने की गुजारिश की।
शिवाजी महाराज की प्रतिमा गिरने की घटना के विरोध में विपक्षी गठबंधन महाविकास अघाडी ने 1 सितंबर को मुंबई में मार्च निकालने की योजना बनाई है। एमवीए पर पलटवार करते हुए उपमुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस ने कहा कि विपक्ष को ऐसी ओछी राजनीति नहीं करनी चाहिए। राजकोट किले पर शिवाजी महाराज की मूर्ति का निर्माण भारतीय नौसेना ने करवाया था। राज्य सरकार अब उसी स्थान पर मराठा राजा की एक विशाल प्रतिमा स्थापित करेगी। इस मामले जो भी दोषी है किसी को बख्शा नहीं जाएगा।

Hindi News/ Mumbai / शिवाजी महाराज मेरे आराध्य देव हैं, चरणों में सिर झुकाकर माफी मांगता हूं: PM मोदी

ट्रेंडिंग वीडियो