क्षेत्रीय मौसम विभाग का अनुमान है कि अगले 24 घंटों में पारा इसी तरह बना रहेगा। चिलचिलाती धूप, पसीने और भीषण गर्मी से मुंबई, ठाणे के लोग हैरान हैं। फरवरी के आखिरी दिन शहर का तापमान 40 डिग्री सेल्सियस तक पहुंच गया। दिलचस्प बात यह है कि ठाणे शहर में गुरुवार को साल का सबसे अधिक तापमान दर्ज किया गया। हालत ऐसे है कि डॉक्टरों ने लोगों से सावधानी बरतने की अपील की है।
मुंबई में पिछले तीन दिनों से गर्मी बढ़ गई है। गुरुवार को कोलाबा में 35.2 डिग्री सेल्सियस और सांताक्रूज में 37.2 डिग्री सेल्सियस तापमान दर्ज किया गया। ये तापमान औसत से क्रमश: 4.2 और 4.8 डिग्री अधिक था। इस बीच आर्द्रता भी औसतन 70 से 80 फीसदी के बीच रही। शहर में कुछ जगहों पर आसमान में आंशिक रूप से बादल छाए रहे।
मौसम विभाग के अनुसार, अगले 24 घंटों के दौरान मुंबई शहर और उपनगरों में दोपहर या शाम को आंशिक रूप से बादल छाए रहेंगे। इस दौरान हलकी बारिश हो सकती है। जबकि अधिकतम तापमान 37 और न्यूनतम तापमान 24 डिग्री सेल्सियस के बीच रहने की संभावना है।
महाराष्ट्र के विदर्भ, मराठवाडा और कोंकण क्षेत्र में अगले 72 घंटों के दौरान बादल छाये रहने के साथ आंधी-बारिश और बिजली गिरने, ओले पड़ने की संभवना है। मौसम विभाग ने आज मुंबई, ठाणे और पालघर में हलकी बारिश की भविष्यवाणी की है। जबकि, पुणे, नंदुरबार, सतारा, सांगली, सोलापुर, जालना, बीड और उस्मानाबाद में हल्की से मध्यम बारिश और गरज के साथ बौछारें पड़ने की संभावना जताई है। इस दौरान कुछ जगहों पर झोंकेदार हवाए भी चल सकती है।