scriptसोने-चांदी की कीमतों में बड़ी गिरावट, खूब करिए खरीदारी | gold and silver price reduced in delhi bullian market | Patrika News
बाजार

सोने-चांदी की कीमतों में बड़ी गिरावट, खूब करिए खरीदारी

विदेशी बाजारों में सप्ताहांत पर दोनों कीमती धातुओं में भारी गिरावट के कारण शनिवार को दिल्ली सर्राफा बाजार में सोने-चांदी की कीमतों में गिरावट रही।

Jun 16, 2018 / 04:18 pm

Manoj Kumar

Gold and silver

सोने-चांदी की कीमतों में बड़ी गिरावट, खूब करिए खरीदारी

नई दिल्ली। विदेशी बाजारों में सप्ताहांत पर दोनों कीमती धातुओं में भारी गिरावट के कारण शनिवार को दिल्ली सर्राफा बाजार में सोना 390 रुपए लुढ़ककर 31,800 रुपए प्रति दस ग्राम रह गया। यह 16 मई के बाद इसकी सबसे बड़ी गिरावट है। चांदी भी 14 महीने के उच्चतम स्तर से गोता लगाती हुई 1,050 रुपए लुढ़ककर एक सप्ताह से ज्यादा के निचले स्तर 41,350 रुपए प्रति किलोग्राम रह गई। यह पिछले साल 04 जुलाई (1,335 रुपए) के बाद की इसकी सबसे बड़ी गिरावट है। दोनों कीमती धातुओं में नरमी की मुख्य वजह शुक्रवार को अंतरराष्ट्रीय स्तर पर इनमें आई जबरदस्त गिरावट रही।
अंतरराष्ट्रीय बाजार में भी लुढ़के दाम

लंदन एवं न्यूयॉर्क से मिली जानकारी के अनुसार, सप्ताहांत पर वहां सोना हाजिर 23.45 डॉलर (लगभग दो फीसदी) टूटकर 1,279.25 डॉलर प्रति औंस रह गया। अगस्त का अमरीकी सोना वायदा भी 26.30 डॉलर की गिरावट में 1,282 डॉलर प्रति औंस बोला गया। वैश्विक स्तर पर दो वजहों से सोने पर दबाव बना है। अमरीकी फेडरल रिजर्व की ओर से ब्याज दर बढ़ाना इसका एक कारण है। दूसरी वजह उनकी निवेशकों की ओर बड़ी मात्रा में की गई बिकवाली है जिन्होंने फेड के फैसले से पहले काफी ऊंची दर पर खरीद कर ली थी। लेकिन, सोने के 1300 डॉलर के ऊपर टिकने में असफल रहने पर उन्होंने बिकवाली शुरू कर दी। इससे दाम और गिर गए। अंतर्राष्ट्रीय स्तर पर सप्ताहांत पर चांदी हाजिर भी 0.61 डॉलर (करीब पांच फीसदी) टूटकर 16.54 डॉलर प्रति औंस रह गई।
स्थानीय बाजार में भी गिरा सोना

स्थानीय बाजार में गत दिवस की तेजी के बाद सोना गिरा है। कारोबारियों का कहना है कि अभी सोने पर मुख्य रूप से अंतरराष्ट्रीय बाजारों में हो रहे तेज उतार-चढ़ाव का असर देखा जा रहा है। सोना स्टैंडर्ड 390 रुपए लुढ़ककर 31,800 रुपए प्रति 10 ग्राम पर आ गया। सोना बिटुर भी इतना ही टूटकर 31,650 रुपए प्रति दस ग्राम बोला गया। आठ ग्राम वाली गिन्नी 24,800 रुपए पर टिकी रही। चांदी पर वैश्विक दबाव का असर रहा। चांदी हाजिर 1,050 रुपए की गिरावट के साथ 41,350 रुपए प्रति किलोग्राम पर रही। यह 08 जून के बाद का इसका निचला स्तर है। चांदी वायदा 1,295 रुपए का गोता लगाती हुई 40,200 रुपए प्रति किलोग्राम के भाव बिकी। हालांकि, चांदी में नरमी का असर सिक्कों पर नहीं दिखा। सिक्का लिवाली और बिकवाली गत दिवस के क्रमश: 76 हजार और 77 हजार रुपए प्रति सैकड़ा पर स्थिर रहे।
दिल्ली सर्राफा बाजार में दोनों कीमती धातुओं के दाम (रुपए में)

– सोना स्टैंडर्ड प्रति 10 ग्राम : 31,800

– सोना बिटुर प्रति 10 ग्राम : 31,650

– चांदी हाजिर प्रति किलोग्राम: 41,350
– चांदी वायदा प्रति किलोग्राम : 40,200

– सिक्का लिवाली प्रति सैकड़ा : 76,000

– सिक्का बिकवाली प्रति सैकड़ा :77,000

– गिन्नी प्रति आठ ग्राम : 24,800

Hindi News / Business / Market News / सोने-चांदी की कीमतों में बड़ी गिरावट, खूब करिए खरीदारी

ट्रेंडिंग वीडियो

loader
Copyright © 2025 Patrika Group. All Rights Reserved.