scriptतोते, कबूतर के बाद अब टूकेन पक्षी बरामद | Now Toucan bird recovered after parrot, pigeon | Patrika News
कोलकाता

तोते, कबूतर के बाद अब टूकेन पक्षी बरामद

-तस्करी पर अंकुश: अंतरराष्ट्रीय सीमा क्षेत्र से दूसरे दिन भी पक्षी जब्त, लाखों में है कीमत – दो दिनों में दूसरी बार सीमा सुरक्षा बल को मिली सफलता

कोलकाताAug 13, 2020 / 10:22 pm

Rajendra Vyas

तोते, कबूतर के बाद अब टूकेन पक्षी बरामद

तोते, कबूतर के बाद अब टूकेन पक्षी बरामद

कोलकाता . सीमा सुरक्षा बल(बीएसएफ) दक्षिण बंगाल फ्रंटियर के जवानों को गुरूवार लगातार दूसरे दिन अंतरराष्ट्रीय सीमा क्षेत्र से लगे इलाके में पक्षियों की तस्करी के मंसूबे विफल करने में सफलता प्राप्त हुई है। बल की 158 वीं वाहिनी के जवानों ने सीमा चौकी अंगरेल के अंतर्गत उत्तर 24 परगना जिले में एक जोड़ा टूकेन पक्षी बरामद किया। जिसे तस्कर बांग्लादेश ले जाने की तैयारी में थे। पक्षियों के जोड़े की कीमत 14 लाख 21 हजार रूपए बताई गई है।
पिंजड़ा छोड़कर भागे तस्कर
अंतरराष्ट्रीय सीमा के नजदीक हलदर पारा गांव के पीछे स्थित जंगल में सुबह 6.45 बजे संदिग्ध हरकतें देख बल के जवानों ने ललकारा तो तस्कर भाग निकले। जवानों को पीछा करता देख तस्कर पिंजरा छोड़ कर भाग निकले। जिनमें टूकेन पक्षी का जोड़ा बरामद किया गया।
लैटिन अमरीकी प्रजाति का पक्षी है टूकेन
जब्त किए गए पक्षी कील-बिल्ड टूकेन प्रजाति के हैं, जिसे सल्फर-ब्रेस्टेड टूकेन या रेनबो-बिल्ड टूकेन के रूप में भी जाना जाता है। यह टुकेन परिवार का एक रंगीन लैटिन अमेरिकी सदस्य है। यह बेलीज का राष्ट्रीय पक्षी है। यह प्रजाति दक्षिणी मैक्सिको से कोलंबिया तक उष्णकटिबंधीय जंगलों में पाई जाती है। अंतरराष्ट्रीय बाजार में इन पक्षियों की कीमत लगभग 14,21,770 रुपए है। जब्त पक्षियों को कोलकाता के अलीपुर जूलोजिकल गार्डेन को सौंप दिया गया है।
तोते, कबूतर के बाद अब टूकेन पक्षी बरामद
36 पक्षी जब्त
सीमा सुरक्षा बल की 08 वीं वाहिनी के जवानों ने कृष्णानगर, सीमा चौकी, बोर्नबेरिया से बुधवार को कुल 36 पक्षी (30 तोते तथा 6 कबूतर) जब्त किये हैं। जिनका बाजार मूल्य लगभग 50 हजार है। बल से मिली जानकारी के मुताबिक संदिग्ध तस्करों को जवानों ने बोर्नबेरिया की दीवार के ऊपर से कुछ फेंकने की कोशिश करते देखा और ललकार। जवानों को देखते ही तस्कर अपनी टोकरी वहीं गिरा कर बांग्लादेश की तरफ, अंधेरा और दलदली जमीन का फायदा उठाते हुए भाग गए। बीएसएफ के जवानों ने मौकाए वारदात से एक लोहे की टोकरी बरामद की, जिसे खोलने पर उसमें से पक्षियों को जब्त कर लिया। जब्त किए गए पक्षी, रानाघाट, वन कार्यालय के सौंप दिए जाएंगे।

Hindi News / Kolkata / तोते, कबूतर के बाद अब टूकेन पक्षी बरामद

ट्रेंडिंग वीडियो