पुलिस के अनुसार मूलत: मध्यप्रदेश में रीवा जिले के सगरा गांव निवासी रागिनी शुक्ला (26) पत्नी कृष्ण कुमार की संदिग्ध हालात में मौत हुई है। पति का दावा है कि वह ड्यूटी से लौटा तो घर का दरवाजा अंदर से बंद था। काफी देर तक दरवाजा न खोलने पर उसे संदेह हुआ। तब वह वेल्डर लेकर आया और कटर से काटकर दरवाजा खोला जा सका। अंदर पहुंचा तो कमरे में पत्नी को साड़ी के फंदे से लटका पाया। सेना के जवान ने फंदा काटकर पत्नी को नीचे उतारा और मिलिट्री अस्पताल ले गया, जहां चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित किया। दोपहर में सूचना मिलने पर पुलिस मिलिट्री अस्पताल पहुंची, जहां से जांच के बाद शव एमजीएच मोर्चरी भेजा गया। मध्यप्रदेश के सतना जिले में रहने वाले मृतका के पीहर पक्ष को सूचना दी गई है। उनके जोधपुर पहुंचने पर अग्रिम कार्रवाई की जाएगी।
सुबह वॉक किया, पति को चाय पिला ड्यूटी पर भेजा
रागिनी व कृष्ण कुमार की शादी गत 6 फरवरी को हुई थी। रात को दोनों में किसी बात पर तकरार हुई थी। इसके बाद रविवार सुबह पत्नी वॉक करने भी गई थी, जहां से लौटने के बाद उसने पति को चाय पिलाई थी। फिर पति को ड्यूटी पर भेजा था। सुबह 10.15 पति घर लौटा तो दरवाजा अंदर से बंद मिला। दरवाजा काटकर अंदर घुसा तो पत्नी को फंदे पर लटका पाया था।
दस दिन में दूसरी आत्महत्या
गत 16 अक्टूबर को रातानाडा थानान्तर्गत सैन्य क्षेत्र अजमेरी लाइंस के सरकारी क्वार्टर में सेना में एक अन्य जवान की पत्नी अनुपमा ने आत्महत्या कर ली। आत्महत्या का कारण पता नहीं लग पाया है। मृतका के भाई ने जवान के खिलाफ प्रताडि़त व दहेज हत्या का मामला दर्ज कराया था।