आधी रात को कॉलेज में घुस आए अराजकतत्व
रविवार की रात को कॉलेज में कुछ अराजकतत्व घुस गए और कैंपस में आतंक फैलाना शुरू कर दिया। छात्राओं का कहना है कि उनकी आवाजें बेहद डरावनी थीं। एक हफ्ते में दूसरी बार ऐसी घुसपैठ का दावा किया जा रहा है। गर्ल्स हॉस्टल में रह रही छात्राओं की मानें तो रविवार रात की घटना बहुत भयावह थी। उन्होंने बताया कि कुछ अज्ञात लोग हॉस्टल के दरवाजों पर दस्तक दे रहे थे। एक छात्रा ने बताया कि कैंपस में कई लोग थे जिनकी उम्र 25 से 40 साल के बीच थी और वे लड़कियों के कमरों में ताकाझांकी कर रहे थे। छात्राओं ने आरोप लगाया है कि जब उन्होंने शोर मचाना शुरू किया तो कोई उनकी मदद के लिए नहीं आया। इसके बाद से ही हॉस्टल में दहशत का माहौल बना हुआ है। लड़कियां रात में शौचालय तक जाने से डरने लगी हैं और डर के मारे एक कमरे में 15-15 छात्राएं रह रही हैं।
पुलिस ने कहा है कि छात्राओं से बातचीत की गई है और इलाके में गश्त भी बढ़ा दी गई है। कॉलेज प्रशासन से भी संपर्क किया गया है और सुरक्षा सुनिश्चित करने के लिए कदम उठाए जाएंगे। आपको बता दें कि सुरक्षा के लिए चार गार्ड हैं जिनमें से दो दिन और दो रात में तैनात रहते हैं। ऐसे में अगर किसी को छुट्टी लेनी हो तो समस्या और भी बढ़ जाती है।