script12 अक्टूबर को विजयादशमी, ये है रावण दहन, शस्त्र पूजन का मुहूर्त और दशहरा पूजन विधि | Vijayadashami 2024 date dussehra puja vidhi ravan dahan shastra pujan muhurt | Patrika News
त्योहार

12 अक्टूबर को विजयादशमी, ये है रावण दहन, शस्त्र पूजन का मुहूर्त और दशहरा पूजन विधि

Vijayadashami 2024 date: हर साल नवरात्रि पर्व के समापन के साथ ही बुराई पर अच्छाई की जीत के प्रतीक के रूप में दशहरा पर्व मनाया जाता है। इसे विजयादशमी के नाम से भी जाना जाता है, इसी दिन रावण दहन और शस्त्र पूजन होता है. इस साल विजयादशमी पर्व 12 अक्टूबर को मनाया जाएगा। आइये जानते हैं क्या है रावण दहन और शस्त्र पूजन मुहूर्त..

जयपुरOct 09, 2024 / 10:43 am

Pravin Pandey

Vijayadashami 2024 Date :

हिंदू कैलेंडर के अनुसार हर साल विजयादशमी पर्व अश्विन मास के शुक्ल पक्ष की दशमी तिथि मनाई जाती है। यही कारण है कि इसे विजयादशमी भी कहा जाता है। पाल बालाजी ज्योतिष संस्थान जयपुर जोधपुर के निदेशक ज्योतिषाचार्य डॉ.अनीष व्यास ने बताया कि इस साल अश्विन माह के शुक्ल पक्ष की दशमी तिथि 12 अक्टूबर प्रातः 10:58 मिनट से शुरू होगी और इसका समापन तिथि का समापन: 13 अक्टूबर 2024, प्रातः 09:08 मिनट पर होगा। उदया तिथि के अनुसार दशहरा का त्योहार इस साल 12 अक्टूबर को मनाया जाएगा।
ज्योतिषाचार्य डॉ. अनीष व्यास ने बताया कि हिंदू धर्म में दशहरा के पर्व का विशेष महत्व है। दशमी को ही मां दुर्गा ने महिषासुर नामक राक्षस का वध किया था, इसी दिन भगवान राम ने रावण का वध किया था. इसलिए इसे विजयदशमी के रूप में मनाया जाता है। साथ ही देशभर में अलग-अलग जगह रावण दहन होता है और हर जगह की परंपराएं बिल्कुल अलग हैं। इस दिन शस्त्रों की पूजा भी की जाती है। इस दिन शमी के पेड़ की पूजा भी की जाती है। इस दिन वाहन, इलेक्ट्रॉनिक्स आइटम, सोना, आभूषण नए वस्त्र इत्यादि खरीदना शुभ होता है। दशहरे के दिन नीलकंठ भगवान के दर्शन करना अति शुभ माना जाता है। इस दिन माना जाता है कि अगर आपको नीलकंठ पक्षी के दर्शन हो जाए तो आपके सारे बिगड़े काम बन जाते हैं। नीलकंठ पक्षी को भगवान का प्रतिनिधि माना गया है। दशहरे पर नीलकंठ पक्षी के दर्शन होने से पैसों और संपत्ति में बढ़ोतरी होती है। मान्यता है कि यदि दशहरे के दिन किसी भी समय नीलकंठ दिख जाए तो इससे घर में खुशहाली आती है और वहीं, जो काम करने जा रहे हैं, उसमें सफलता मिलती है।
दशहरा तिथि दशमी तिथि का आरंभ: 12 अक्टूबर प्रातः 10:58 बजे

तिथि का समापन: 13 अक्टूबर 2024, प्रातः 09:08 बजे

भविष्यवक्ता डॉ . व्यास ने बताया कि हिंदू पंचांग के अनुसार ऐसे में दशहरा 12 अक्तूबर 2024 को मनाया जाएगा।

दशहरा पर शुभ संयोग

धार्मिक मान्यताओं के अनुसार विजयदशमी के दिन श्रवण नक्षत्र का होना बहुत शुभ होता है, और इस साल इसका संयोग बन रहा है।

बता दें श्रवण नक्षत्र 12 अक्टूबर को सुबह 5:25 मिनट से प्रारंभ होकर 13 अक्टूबर को सुबह 4:27 बजे पर समाप्त हो रहा है। इसके साथ ही कुंभ राशि में शनि शश राजयोग, शुक्र और बुध लक्ष्मी नारायण योग के साथ शुक्र मालव्य नामक राजयोग का निर्माण कर रहे हैं।

शस्त्र पूजन मुहूर्त

दशहरा के दिन कई जगहों पर शस्त्र पूजा करने का भी विधान है। दशहरा के दिन शस्त्र पूजा विजय मुहूर्त में की जाती है। इस साल दशहरा पूजन के लिए शुभ मुहूर्त दोपहर 2:02 मिनट से शुरू होगा, जो दोपहर 2: 48 तक रहेगा। मुहूर्त की कुल अवधि लगभग 46 मिनट तक रहेगी।

रावण दहन मुहूर्त

दशहरा के दिन लंकापति रावण और उसके भाई कुंभकर्ण और पुत्र मेघनाथ के पुतलों का दहन किया जाता है। पुतलों का दहन सही समय में किया जाए, तो ही शुभ माना जाता है। विजयदशमी के दिन यानी 12 अक्टूबर को पुतलों के दहन का शुभ मुहूर्त सूर्यास्त के समय शाम 05.45 से रात 08.15 तक होगा।

दशहरा की परंपरा

अलग-अलग जगहों पर दशहरे का त्योहार अलग-अलग तरीके से मनाया जाता है। शस्त्र का प्रयोग करने वाले समुदाय इस दिन शस्त्र पूजन करते हैं। वहीं कई लोग इस दिन अपनी पुस्तकों, वाहन इत्यादि की भी पूजा करते हैं। किसी नए काम को शुरू करने के लिए यह दिन सबसे ज्यादा शुभ माना जाता है।
कई जगहों पर दशहरे के दिन नया सामान खरीदने की भी परंपरा है। अधिकतर जगहों पर इस दिन रावण का पुतला जलाया जाता है। वहीं जब पुरुष रावण दहन के बाद घर लौटते हैं तो कुछ जगहों पर महिलाएं उनकी आरती उतारती हैं और टीका करती हैं।

मांगलिक कार्यों के लिए दशहरा शुभ

दशहरा या विजयादशमी सर्वसिद्धिदायक तिथि मानी जाती है। इसलिए इस दिन सभी शुभ कार्य फलकारी माने जाते हैं। ज्योतिष शास्त्र के अनुसार, दशहरा के दिन बच्चों का अक्षर लेखन, घर या दुकान का निर्माण, गृह प्रवेश, मुंडन, नामकरण, अन्नप्राशन, कर्ण छेदन, यज्ञोपवीत संस्कार और भूमि पूजन आदि कार्य शुभ माने गए हैं। विजयादशमी के दिन विवाह संस्कार को निषेध माना गया है।

दशहरा पूजन विधि

1. दशहरे के दिन सुबह जल्दी उठकर, नहा-धोकर साफ कपड़े पहने और गेहूं या चूने से दशहरे की प्रतिमा बनाएं।

2. गाय के गोबर से 9 गोले व 2 कटोरियां बनाकर, एक कटोरी में सिक्के और दूसरी कटोरी में रोली, चावल, जौ व फल रखें।
3. अब प्रतिमा को केले, जौ, गुड़ और मूली अर्पित करें। यदि बहीखातों या शस्त्रों की पूजा कर रहे हैं तो उन पर भी ये सामग्री जरूर अर्पित करें।

4. इसके बाद अपने सामर्थ्य के अनुसार दान-दक्षिणा करें और गरीबों को भोजन कराएं।
5. रावण दहन के बाद शमी वृक्ष की पत्ती अपने परिजनों को दें।

6.अंत में अपने बड़े-बुजुर्गों के पैर छूकर उनसे आशीर्वाद प्राप्त करें।

Hindi News / Astrology and Spirituality / Festivals / 12 अक्टूबर को विजयादशमी, ये है रावण दहन, शस्त्र पूजन का मुहूर्त और दशहरा पूजन विधि

ट्रेंडिंग वीडियो