scriptद्वादश ज्योतिर्लिंग बनाकर वैदिक मंत्रोच्चारण के साथ शिव भक्तों ने किया रुद्राभिषेक | Shiva devotees performed Rudrabhishek with Vedic chanting by making tw | Patrika News
डिंडोरी

द्वादश ज्योतिर्लिंग बनाकर वैदिक मंत्रोच्चारण के साथ शिव भक्तों ने किया रुद्राभिषेक

राम मंदिर बजाग में हुई सामूहिक पूजा-पाठ

डिंडोरीAug 21, 2023 / 12:25 pm

shubham singh

Shiva devotees performed Rudrabhishek with Vedic chanting by making twelve Jyotirling

Shiva devotees performed Rudrabhishek with Vedic chanting by making twelve Jyotirling

डिंडोरी/बजाग. सावन माह के पावन पर्व पर राम मंदिर बजाग मे सामूहिक रूप से द्वादश ज्योतिर्लिंग का रुद्राभिषेक किया गया। भगवान शिव की पूजा अर्चना का यह क्रम सुबह 11 बजे प्रारंभ हुआ। परशुराम ब्राह्मण समाज गाडासरई बजाग के विप्र जनों ने बड़े ही श्रद्धाभाव के साथ मिट्टी से द्वादश ज्योतिर्लिंगों का निर्माण किया। इसके बाद सप्त ब्राम्हण आचार्य के द्वारा वैदिक मंत्र उच्चारण करते हुए अभिषेक कराया गया। भक्तों ने सापत्नीक पूजन कर भोलेनाथ का आशीर्वाद प्राप्त किया। अभिषेक में चमेली तेल, इत्र, अष्टगंध, अनार रस, गन्ने का रस, रुद्राक्ष जल, दूध, दही, शहद, घृत, कुश जल, कमल जल, शक्कर, पंचामृत एंंव शुद्ध जल से भगवान भोलेनाथ का अभिषेक किया। इसके बाद बेल पत्र, शमी पत्र, धतुरा, आक फूल, बेल फल, श्रीफल अर्पित कर भूत भावन भगवान शिव कि पूजा अर्चना की। इस अवसर पर विप्रजनों ने बताया कि आयोजन विश्व शांति व जन कल्याण के लिए किया गया है। शास्त्रों में वर्णित है कि यदि हम भगवान कि पूजा अर्चना किसी तीर्थ में करें तो 1000 गुना अधिक फल मिलता है, वहीं पुजा यदि हम किसी सरोवर या पवित्र नदी के तट पर करें तो लाख गुना अधिक फल मिलता है और जब हम पूजा पाठ अनुष्ठान गौमाता के गोष्ठ या गौशाला में करते हैं तो कोटि-कोटि फल प्राप्त होता है। इस अवसर पर बड़ी संख्या में भक्तजन शामिल हुए। विधिवत शिवलिंग का पूजन कर हवन के बाद आरती कर प्रसाद वितरण किया गया। इसके बाद सभी लोग जयकारे लगाते हुए नदी पहुंचकर महा विसजर्न किया। बजाग मुख्यालय स्थित राम मंदिर मे सामूहिक रूप से पहली बार रुद्राभिषेक किया। विप्र ब्राम्हण समाज ने बताया कि गाडासरई, बजाग, कारंजिया सहित अन्य जगहों पर भक्तों के बीच जाकर अनुष्ठान कराया जा रहा है। ऐसे आयोजनों में सभी लोग शामिल होकर रुद्राभिषेक कर पुन्यलाभ प्राप्त कर रहे हैं।
निकाली कांवड़ यात्रा, बम बम भोले की गूंज
करंजिया. जनपद मुख्यलय से 6 किलोमीटर दूर स्थित नर्मदा तट रामघट में जनपद मुख्यालय के भक्तों ने श्रावण मास के उपलक्ष्य में जल लेकर मुख्यालय के बाजार टोला स्थित शिव मंदिर में जल चढाया। श्रावण मास के चलते करंजिया कस्बे में प्रतिदिन धार्मिक आयोजन हो रहे हैं। इसी तारतम्य में रविवार को कस्बे के समस्त शिवभक्त नर्मदा तट राम घाट में एकत्रित होकर कांवड़ यात्रा निकाली। नर्मदाघाट से शिवभक्त कांवड में जल लेकर शिव मंदिर करंजिया के लिए बम बम के जय घोष के साथ पैदल रवाना हुए और बाजार टोला स्थित शिव मंदिर में जल चढाया। इस दौरान कस्बे के सभी महिला और पुरुषों ने हिस्सा लिया। इस दौरान नंगे भाव शिव भक्त भगवान शिव का जयघोष करते हुए बड़े उत्साह के साथ चल रहे थे।
हुए विभिन्न अनुष्ठान
शिव मंदिर में मंत्रोच्चार के साथ जल चढाने के साथ ही दूध, घी, बेलपत्र, शहद से भगवान शिव का रुद्राभिषेक किया गया। इसके बाद भंडारे का आयोजन हुआ। भण्डारे में बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं ने प्रसाद ग्रहण किया।

Hindi News / Dindori / द्वादश ज्योतिर्लिंग बनाकर वैदिक मंत्रोच्चारण के साथ शिव भक्तों ने किया रुद्राभिषेक

ट्रेंडिंग वीडियो