scriptIND vs NZ: फ्लॉप प्रदर्शन के बावजूद यशस्वी जायसवाल ने छुआ ये बड़ा कीर्तिमान, सहवाग और गावस्कर के क्लब में हुए शामिल | Yashasvi Jaiswal became the youngest Indian to complete 1000 Test runs in a calendar year | Patrika News
क्रिकेट

IND vs NZ: फ्लॉप प्रदर्शन के बावजूद यशस्वी जायसवाल ने छुआ ये बड़ा कीर्तिमान, सहवाग और गावस्कर के क्लब में हुए शामिल

जायसवाल ने अब तक 10 टेस्ट की 18 पारियों में 59.23 की औसत के साथ 1,007 रन बनाए हैं। इस बीच उन्होंने 2 शतक और 6 अर्धशतक लगाए हैं।

नई दिल्लीOct 25, 2024 / 12:19 pm

Siddharth Rai

Yashasvi Jaiswal, India vs New Zealanad 2nd test: भारतीय सलामी बल्लेबाज यशस्वी जायसवाल शुक्रवार को महाराष्ट्र क्रिकेट एसोसिएशन स्टेडियम में न्यूजीलैंड के खिलाफ दूसरे टेस्ट के दूसरे दिन एक कैलेंडर वर्ष में 1000 टेस्ट रन बनाने वाले सबसे युवा भारतीय बन गए। 22 वर्षीय बल्लेबाज ने दिलीप वेंगसरकर के पिछले रिकॉर्ड को पीछे छोड़ दिया, जिन्होंने 1979 में 23 साल की उम्र में 1000 रन का आंकड़ा छुआ था।
इस साल जायसवाल ने अब तक 10 टेस्ट की 18 पारियों में 59.23 की औसत के साथ 1,007 रन बनाए हैं। इस बीच उन्होंने 2 शतक और 6 अर्धशतक लगाए हैं। उन्होंने अपने सभी मैच बतौर सलामी बल्लेबाज ही खेले हैं। वर्तमान में, जायसवाल 2024 में सबसे अधिक टेस्ट रन बनाने वालों की सूची में इंग्लैंड के जो रूट से पीछे दूसरे स्थान पर हैं, जिन्होंने 14 मैचों में 1305 रन बनाए हैं। 2024 में तीन और टेस्ट मैच बचे हैं, ऐसे में उनके पास भारतीय दिग्गजों द्वारा बनाए गए कुछ सबसे बड़े रिकॉर्ड को तोड़ने का मौका है।
सबसे खास बात यह है कि सचिन तेंदुलकर के नाम एक कैलेंडर वर्ष में किसी भारतीय द्वारा सबसे ज़्यादा टेस्ट रन बनाने का रिकॉर्ड है, जिन्होंने 2010 में 14 मैचों में 1562 रन बनाए थे। वीरेंद्र सहवाग के 2008 में बनाए गए 1462 रन एक साल में किसी भारतीय ओपनर द्वारा बनाए गए सबसे ज़्यादा रन हैं।
जायसवाल ने अपने युवा टेस्ट करियर में अब तक 13 मैच खेले हैं, जिसकी 13 पारियों में 58.86 की औसत के साथ 1,295 रन बनाए हैं। इस बीच उन्होंने 3 शतक भी अपने नाम किए हैं। भारत के दिग्गज बल्लेबाज रहे वीरेंद्र सहवाग ने 3 साल बतौर सलामी बल्लेबाज 1,000 से अधिक टेस्ट रन बनाए हैं। उन्होंने 2004 में 12 टेस्ट में 63.38 की औसत से 1,141 रन बनाए थे, जिसमें 3 शतक और 4 अर्धशतक लगाए थे। इसके बाद 2008 में 14 मैचों की 27 पारियों में 56.23 की औसत से 1,462 रन बनाए थे। इसके अलावा 2010 में उन्होंने पारी की शुरुआत करते हुए 61.82 की औसत से 1,422 रन बनाए थे।
वहीं भारत के महान बल्लेबाज सुनील गावस्कर ने 4 सालों में 1,000 से अधिक रन बनाए थे। पारी की शुरुआत करते हुए उन्होंने 1976 में 53.89 की औसत के साथ 1,024 रन बनाए थे। 1978 में उन्होंने 91.58 की अविश्वसनीय औसत के साथ 14 पारियों में 1,099 रन बनाए थे। इसके बाद 1979 में उन्होंने 54.11 की औसत से 1,407 रन और 1983 में 46.78 की औसत से 1,310 रन बनाए थे।

Hindi News / Sports / Cricket News / IND vs NZ: फ्लॉप प्रदर्शन के बावजूद यशस्वी जायसवाल ने छुआ ये बड़ा कीर्तिमान, सहवाग और गावस्कर के क्लब में हुए शामिल

ट्रेंडिंग वीडियो