Crime News: यह प्यार में हुई शादी की दुखद कहानी है। चार वर्ष के अभाव भरे जीवन के बाद उसने पति को मौत की नींद सुला दिया। रात में आठ घंटे तक शव के पास बैठकर इसे आत्महत्या दर्शाने का प्रयास किया। सुबह पड़ोसियों को बताया भी यहीं, लेकिन कहते हैं कि हत्या के मामले में मौका सबूत उगलता है।
चूरू•Feb 07, 2024 / 11:23 am•
Akshita Deora
यह प्यार में हुई शादी की दुखद कहानी है। चार वर्ष के अभाव भरे जीवन के बाद उसने पति को मौत की नींद सुला दिया। रात में आठ घंटे तक शव के पास बैठकर इसे आत्महत्या दर्शाने का प्रयास किया। सुबह पड़ोसियों को बताया भी यहीं, लेकिन कहते हैं कि हत्या के मामले में मौका सबूत उगलता है। शहर की ओम कॉलोनी में दो दिन पहले हुई युवक की मौत के मामले में भी ऐसा ही हुआ है। महिला ने पुलिस को बताया कि उसके पति ने पंखे से लटककर आत्महत्या की है, लेकिन पंख धूल से सना हुआ था। साथ ही उसके कमरे में स्टूल या कुर्सी जैसा कोई साधन भी नहीं था, जिस पर चढ़कर पंखे तक पहुंचा जा सके। ऐसे में सदर थानाधिकारी ने महिला से कड़ाई से पूछताछ की तो वह टूट गई और अपना जुर्म स्वीकार कर लिया। पुलिस ने हत्या के आरोप में मंगलवार को पत्नी को गिरफ्तार कर लिया है। थानाधिकारी करतार सिंह ने बताया कि गिरफ्तार आरोपी महिला सरोज (24) तारानगर थाना इलाके के गांव पंडरेउ टिब्बा की रहने वाली है। वह वर्तमान में शहर के ओम कॉलोनी में अपने पति पति मोहनलाल (26) के साथ रहती थी। मोहनलाल मूलत: भादरा थाना इलाके के गांव बेर का निवासी था।
लव मैरिज के बाद चल रहा था जीवन में तनाव
पुलिस ने बताया कि मोहनलाल और सरोज ने करीब साढे चार साल पहले लव मैरिज की थी। इसके बाद वे हिसार में रहने लगे। करीब आठ माह पहले वे चूरू की ओम कॉलोनी में किराए का घर लेकर रहने लगे थे। मोहनलाल मजदूरी करता था। वहीं सरोज कपड़े की दुकान पर काम करती थी। लेकिन दोनों के बीच रिश्ते तनावपूर्ण थे। सरोज ने पुलिस को बताया है कि मोहनलाल शराब पीने का आदि था। वह शराब पीकर उसे परेशान करता था। ऐसे में वह उससे अलग होना चाहती थी।
मोबाइल से सीखा हत्या का तरीका
परेशान होकर सरोज ने अपने पति मोहनलाल की हत्या की साजिश रची। वारदात को अंजाम देने के लिए उसने मोबाइल पर हत्या करने के कई तरीके देखे। उसे गला घोंटकर हत्या करना सबसे आसान लगा। सरोज ने पुलिस को बताया कि हमेशा की तरह वह शनिवार शाम को करीब साढे आठ बजे काम से घर लौटी। जहां पर मोहनलाल पहले से शराब के नशे में बैठा था। इसके बाद मोहनलाल ने शराब के लिए पैसे मांगे। घर में चल रही फाकाकसी को लेकर सरोज ने कहा कि घर में कुछ भी नहीं है और तुम्हें शराब के लिए पैसे चाहिए। इस बात को लेकर दोनों के बीच झगड़ा हो गया। सरोज घर से बाहर चली गई। करीब साढे दस बजे लौटी तो मोहनलाल सो गया था। इसके बाद करीब साढ़े दस बजे उसने घर में पहले से मौजूद रस्सी से उसका गला घोंट दिया। जिससे उसकी मौत हो गई। सरोज ने पुलिस को बताया कि वह रात भर मोहनलाल के शव के पास बैठी रही।
Hindi News / Churu / फोन पर सीखा मर्डर का तरीका और शराबी पति को उतारा मौत के घाट, पहला पति पसंद नहीं आया तो ले लिया था तलाक