scriptRajasthan: सर्जिकल रूई फैक्ट्री में लगी आग, लाखों का नुकसान | Loss worth lakhs due to fire in surgical cotton factory in Rico area of Bijaynagar town Beawer News | Patrika News
ब्यावर

Rajasthan: सर्जिकल रूई फैक्ट्री में लगी आग, लाखों का नुकसान

बिजयनगर कस्बे के रीको एरिया स्थित एक सर्जिकल रूई फैक्ट्री में शुक्रवार रात्रि अचानक आग लग गई। आग से लाखों रुपए का सामान जलकर नष्ट हो गया साथ ही फैक्ट्री की बिल्डिंग को भी नुकसान पहुंचा।

ब्यावरMay 12, 2024 / 02:56 pm

Kirti Verma

Beawer News : बिजयनगर कस्बे के रीको एरिया स्थित एक सर्जिकल रूई फैक्ट्री में शुक्रवार रात्रि अचानक आग लग गई। आग से लाखों रुपए का सामान जलकर नष्ट हो गया साथ ही फैक्ट्री की बिल्डिंग को भी नुकसान पहुंचा। जानकारी अनुसार रीको एरिया स्थित के.पी. इण्डस्ट्रीज फैक्ट्री में शुक्रवार रात्रि अज्ञात कारणों से आग लग गई। सर्जिकल रूई बनाने वाली इस फैक्ट्री में लगी आग वहां रखी खुली रूई व गांठों तक जा पहुंची। जिससे रूई से आग की लपटें उठने लगी। घटना की जानकारी मिलते ही फैक्ट्री मालिक व मजदूर तथा आसपास के लोग मौके पर पहुंचे व उपलब्ध संसाधनों के जरिए आग पर काबू पाने के प्रयास में जुट गए। वहीं सूचना मिलने पर नगर पालिका बिजयनगर, खारीग्राम मिल्स व आगूंचा माइंस की दमकल भी मौके पर पहुंची व आग बुझाने के प्रयास में जुट गई। कई घंटों तक मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया जा सका। सूचना मिलने पर बिजयनगर थाना पुलिस भी मौके पर पहुंची। आग से लाखों रुपए कीमत की रूई, मशीनरी व बिल्डिंग़ में नुकसान होने की जानकारी मिली है।
तेज हवा ने बढ़ाई परेशानी
शुक्रवार रात्रि मौसम परिवर्तन होने के बाद तेज हवाएं चल रही थी। इसी दौरान फैक्ट्री में आग लगने की घटना हुई। तेज हवाओं के चलते देखते ही देखते आग ने पूरी फैक्ट्री को अपनी चपेट में ले लिया। हवाओं के कारण आग ने विकराल रूप धारण कर लिया। कई घंटों की मशक्कत के बाद देर रात्रि भीषण आग पर काबू पाया जा सका।

Hindi News / Beawar / Rajasthan: सर्जिकल रूई फैक्ट्री में लगी आग, लाखों का नुकसान

ट्रेंडिंग वीडियो