scriptमोती सा चमकेगा शहर का मोती तालाब और उद्यान- | Patrika News
बालाघाट

मोती सा चमकेगा शहर का मोती तालाब और उद्यान-

39 लाख 62 हजार से किया जाएगा जीर्णोद्धार

बालाघाटSep 01, 2024 / 09:19 pm

mukesh yadav

39 लाख 62 हजार से किया जाएगा जीर्णोद्धार

39 लाख 62 हजार से किया जाएगा जीर्णोद्धार

बालाघाट. शहर का मोती उद्यान और तालाब शीघ्र ही नए स्वरूप में नजर आएगा। अमृत 2 योजना के तहत इसके कायाकल्प और सौन्दर्यीकरण के लिए शासन ने 39 लाख 65 हजार रुपए की राशि स्वीकृत की है। इस राशि से ना सिर्फ तालाब का कायाकल्प किया जाएगा। बल्कि उद्यान में खेल और मनोरंजन के साधन भी विकसित किए जाएंगे। नगरपालिका अध्यक्ष भारती ठाकुर के अनुसार तालाब और उद्यान को लेकर संपूर्ण रूपरेखा तैयार कर ली गई है। शहर वासियों को शीघ्र ही एक उत्कृष्ट उद्यान मुहैया कराया जाएगा।
नपाध्यक्ष ठाकुर के अनुसार प्राकृतिक आनंद की अनुभूति देने वाले मोती उद्यान में विकास की दृष्टि से विभिन्न कार्य किए गए हंै। दोनों छोर पर पाथ वे का निर्माण किया गया है। एक हिस्सा पूरी तरह विकसित हो चुका है। दूसरे हिस्से में तालाब की पार पर मियावाकी पद्धति से पौधा रोपण कार्य किया गया है, जो निरंतर जारी रहेगा। इन्होंने बताया कि केन्द्र सरकार की अमृत 2 योजना से मोती गार्डन का जीर्णोद्वार जा रहा है।
महत्वपूर्ण है तालाब व उद्यान
जानकारी के अनुसार शहर का मोती उद्यान और तालाब कई मायनों में महत्वपूर्ण माना जाता है। शहर का एक मात्र शासकीय उद्यान होने के कारण शहरवासी अपने स्वास्थ्य, मनोरंजन और परिवारजनों के साथ समय बिताने इसी उद्यान में पहुंचा करते हैं। हर तीज-त्योहार में शहरवासियों तालाब में दीप दान सहित अन्य अनुष्ठान संपन्न कराते है। भगवान, श्रीकृष्ण, गणेश प्रतिमाएं, भुजलिया, दुर्गा प्रतिमाओं का आदि का विसर्जन भी यहां कुंड बनाकर किया जाता है। शहरवासियों की आस्था से भी तालाब और उद्यान जुड़ा हुआ है।
प्राकृतिक माहौल के लिए पौधा रोपण
बताया गया कि मोती उद्यान की पार के किनारे वृहद पौधा रोपण किया जाएगा। जब यह पौधे बड़े होकर लहलहाएंगे तो उद्यान का प्राकृतिक सौंदर्य निखर जाएगा। आमजनों को स्वस्थ्य मनोरंजन के लिए उपयुक्त वातावरण उपलब्ध हो सकेगा। वहीं पक्षियों को बसेरे के लिए नया स्थान उपलब्ध होगा।
विकसित होगा चिल्ड्रन पार्क
नपाध्यक्ष ने बताया कि आगामी समय में मोती उद्यान की तस्वीर बदलने के लिए योजना के तहत कई महत्वपूर्ण कार्य किए जाएंगे। तालाब के चारों ओर फैन्सिंग कार्य व पाथ वे को सुरक्षित किया जाएगा। यहां पेवर ब्लॉक लगाकर पैदल चलने वालों के लिए सहुलियत की जाएगी। इससे उद्यान परिसर एवं तालाब के आसपास असामाजिक तत्वों की रोकथाम होगी, साथ ही जानवरों के घुसने पर भी विराम लगेगा। इसके अतिरिक्त उद्यान में चिल्ड्रन पार्क विकसित होगा। खेलकूद की सामग्री उपलब्ध रहेगी। साथ ही ओपन जिम का विस्तार करने की कार्ययोजना है। यह सभी बदलाव जल्द ही उद्यान परिसर में देखे जाएंगे।
वर्सन
हमारा प्रयास है कि नगरवासियों को बेहतर सुविधा मिले। इस दिशा में निरंतर कार्य चल रहा है। मियावाकी पद्धति से लगाए जा रहे पौधों के रूप में हरियाली युक्त वातावरण भी निर्मित होने जा रहा है। शीर्घ ही चिल्ड्रन पार्क, युवाओं और बुजुर्गो के लिए ओपन जिम के सामन भी यहां उपलब्ध कराए जाएंगे।
भारती ठाकुर, नपाध्यक्ष

Hindi News/ Balaghat / मोती सा चमकेगा शहर का मोती तालाब और उद्यान-

ट्रेंडिंग वीडियो