script3 लाख की जनसंख्या वाले स्वच्छ शहरों में हमारा अंबिकापुर नंबर-2, ऑल इंडिया में 11वीं रैकिंग | Our Ambikapur No.-2 in clean cities with population of 3 lakh | Patrika News
अंबिकापुर

3 लाख की जनसंख्या वाले स्वच्छ शहरों में हमारा अंबिकापुर नंबर-2, ऑल इंडिया में 11वीं रैकिंग

बेस्ट इनोवेशन एंड बेस्ट प्रैक्टिस में नंबर-1 पर, मध्यप्रदेश के इंदौर में की गई स्वच्छता रैकिंग की घोषणा, केंद्रीय मंत्री ने किया पुरस्कृत

अंबिकापुरJun 23, 2018 / 07:24 pm

rampravesh vishwakarma

Award

Got award

अंबिकापुर. स्वच्छता सर्वेक्षण 2018 के रैकिंग की घोषणा शनिवार को मध्यप्रदेश के इंदौर शहर में की गई। देशभर के 4041 शहरों में सबसे स्वच्छ शहरों में अंबिकापुर नगर निगम 11वें नम्बर पर रहा, जबकि 3 लाख जनसंख्या वाले शहरों में दूसरे नम्बर पर रहा।
बेस्ट सिटी इन इनोवेशन एंड बेस्ट प्रेक्टिस के लिए अंबिकापुर निगम को 3 लाख जनसंख्या वाले शहरों मेें पूरे देश में पहला पुरस्कार केंद्रीय शहरी विकास मंत्री हरदीप सिंह पुरी द्वारा प्रदान किया गया। अंबिकापुर के महापौर डॉ. अजय तिर्की, आयुक्त सूर्यकिरण तिवारी, ईई सुनील सिंह व रितेश सैनी ने पुरस्कार ग्रहण किया।

स्वच्छ भारत मिशन के तहत पूरे प्रदेश में एक मॉडल के रूप में उभरे अंबिकापुर नगर निगम का डंका आज पूरे देश में बज रहा है। प्रदेश सहित अन्य प्रदेश के नगर निगम के जनप्रतिनिधि व कर्मचारियों ने यहां के डोर-टू-डोर कचरा कलेक्शन सहित सॉलिड वेस्ट मैनेजमेंट की व्यवस्था को देखने के साथ ही अपने-अपने क्षेत्रों में लागू भी किया।
Certificate
वर्ष 2017 के स्वच्छता सर्वेक्षण में पूरे देश में अंबिकापुर नगर निगम 15वीं रैंक जबकि 2 लाख की जनसंख्या वाले शहरों में की सूची में पूरे देश में पहले नम्बर पर था।

इस साल इसमें सुधार करते हुए अंबिकापुर नगर निगम ने स्वच्छता सर्वेक्षण 2018 में बेहतर प्रदर्शन करते हुए पूरे देश में सफाई के क्षेत्र में 11वां स्थान हासिल किया। वहीं 3 लाख की जनसंख्या वाले शहरों में पूरे देश में दूसरे नंबर पर रहा।

इंदौर के ब्रिलियंट कन्वेन्शनल सेंटर में दिया गया पुरस्कार
स्वच्छ सर्वेक्षण 2018 अंतर्गत शनिवार को इंदौर के ब्रिलियंट कन्वेन्शनल सेंटर में भारत सरकार के शहरी विकास मंत्री हरदीप सिंह पूरी द्वारा 1 से 3 लाख की आबादी वाले शहर की श्रेणी में देश में बेस्ट प्रैक्टिस एण्ड इनोवेशन के लिए अम्बिकापुर नगर निगम के महापौर डॉ. अजय तिर्की, निगम आयुक्त सूर्यकिरण तिवारी को प्रमाण-पत्र व स्मृति चिन्ह प्रदान किया। इस दौरान निगम के ईई सुनील सिंह एवं प्रोग्रामर रितेश सैनी उपस्थित थे।

बढ़ी यूजर चार्ज की वसूली
नगर निगम द्वारा वर्ष 2017 में यूजर चार्ज में प्रति माह 7 लाख रुपए की वसूली की जाती थी। अब नगर निगम के कर्मचारियों व शहरवासियों के सहयोग से बढ़कर 14 लाख रुपए प्रतिमाह हो गया। वहीं कचरा बिकी से पूर्व में 3 लाख रुपए की आय होती थी वह वर्ष 2018 में बढ़कर 6 लाख रुपए हो गई।

गीले कचरे से निपटान के लिए लगाया गया प्लांट
पूर्व में गीले कचरे के निपटान में आने वाली समस्याओं के निदान हेतु 4 टन प्रतिदिन क्षमता का वेस्ट कम्पोस्ट प्लांट स्थापित किया गया। इसके साथ ही शहर से निकलने वाले सैप्टिक फिकल स्लज के निपटान हेतु 5 टन की क्षमता का एफएसटीपी प्लांट लगाया गया। एसएलआरएम सेंटर में लगे सीसीटीवी कैमरों का नवीनीकरण के साथ समस्त सफाई वाहनों में जीपीएस लगाया गया। ऑनलाइन सिस्टम बनाकर मॉनिटरिंग हेतु सेंट्रल डैसबोर्ड भी बनाया गया है।

फिडबैक में शहरवासियों ने किया बढ़-चढ़कर सहयोग
सिटीजन फिडबैक पर स्वच्छता सर्वेक्षण 2018 में 1400 अंक शहरी विकास मंत्रालय द्वारा निर्धारित किया गया था। सिटीजन फिडबैक में नगर निगम को शहरवासियों ने काफी सहयोग किया। देश के 100 स्वच्छ शहरों में सिटीजन फिडबैक का अंक जारी किया गया, उसमें अंबिकापुर नगर निगम को सबसे अधिक 1274 अंक मिले।
जबकि इंदौर को 1159 अंक ही प्राप्त हुए। इस अंक को देखने के बाद यह स्पष्ट है कि शहर के लोगों ने स्वच्छ भारत मिशन के स्वच्छता अभियान मेें बढ़-चढ़कर भागीदारी निभाई।

प्रदेश के बड़े शहर भी रहे पीछे
प्रदेश के ९ नगर निगम को स्वच्छता सर्वेक्षण में शामिल किया गया था। इन सभी निगम को पछाड़ते हुए अंबिकापुर नगर निगम देश के स्वच्छ शहरों में 11 वें पायदान पर रहा।
रैंक शहर
11 अंबिकापुर
22 बिलासपुर
37 कोरबा
38 दुर्ग
84 रायगढ़
89 राजनादगांव
71 भिलाई नगर
116 जगदलपुर
139 रायपुर
शहरवासी सबसे ज्यादा बधाई के पात्र
स्वच्छ भारत मिशन के तहत स्वच्छता के क्षेत्र में बेहतर प्रदर्शन करने पर अंबिकापुर के लोगों को बधाई। पिछले बार की अपेक्षा बेहतर काम करते हुए देश में 11वीं रैंक पर अंबिकापुर नगर निगम आया है। इसके लिए शहरवासी सबसे ज्यादा बधाई के पात्र हैं। इसके बाद निगम व प्रशासनिक महकमे की मेहनत, जनप्रतिनिधियों के सकरात्मक सहयोग व कचरा कलेक्शन में लगी महिलाओं के अथक प्रयास ने अंबिकापुर निगम को यह मुकाम प्रदान किया है। इसके लिए सभी बधाई के पात्र हैं।
रितु सैन, पूर्व कलक्टर
सभी का सहयोग प्रशासन व नगर निगम को मिला
शहर के सभी लोगों को बधाई। इस उपलब्धि के लिए सभी का सहयोग प्रशासन व नगर निगम को मिला। शहर के सभी जनप्रतिनिधियों, प्रशासन व नगर निगम की टीम के प्रयासों से यह संभव हो पाया। इसके लिए सभी बधाई के पात्र हैं। आने वाले दिनों में भी इसे बरकरार रखा जाएगा। जैसे-जैसे सफाई के मद में बजट मिलता जाएगा, और बेहतर काम किया जाएगा। इसकी निरंतरता बनी रहे, इसके लिए काम किया जाएगा ताकि इसकी प्रासंगिकता बनी रहे।
किरण कौशल, कलक्टर
आने वाले समय में और बेहतर परिणाम प्राप्त करेंगे
इसके लिए सबसे ज्यादा बधाई के पात्र हमारे शहर की जनता हैं। उनके सकारात्मक सहयोग की वजह से यह संभव हो सका। पिछले वर्ष की तुलना में हमने बेहतर काम करके दिखाया। इसके लिए नगर निगम के कर्मचारी, अधिकारी सभी बधाई के पात्र हैं। आगे भी हम कोशिश करेंगे और आने वाले समय में और बेहतर परिणाम प्राप्त करेंगे।
डॉ. अजय तिर्की, महापौर

Hindi News/ Ambikapur / 3 लाख की जनसंख्या वाले स्वच्छ शहरों में हमारा अंबिकापुर नंबर-2, ऑल इंडिया में 11वीं रैकिंग

ट्रेंडिंग वीडियो