script14 साल बाद श्रावण मास में रविपुष्य के संयोग में हरियाली अमावस्या आज | Hariyali Amavasya today in conjunction with Ravipushya in the month o | Patrika News
अजमेर

14 साल बाद श्रावण मास में रविपुष्य के संयोग में हरियाली अमावस्या आज

सर्वार्थसिद्धि सहित अन्य संयोग होने से दिन की शुभता को विशेष बनाएंगे
 

अजमेरAug 08, 2021 / 01:07 am

baljeet singh

14 साल बाद श्रावण मास में रविपुष्य के संयोग में हरियाली अमावस्या आज

14 साल बाद श्रावण मास में रविपुष्य के संयोग में हरियाली अमावस्या आज

14 साल बाद श्रावण मास में रविपुष्य के संयोग में रविवार को हरियाली अमावस्या का पर्व रहेगा। इस मौके पर सर्वार्थसिद्धि सहित अन्य संयोगों होने से दिन की शुभता को विशेष बनाएंगे। खरीददारी सहित पितरों के निमित्त तर्पण और पितृ दोष निवारण के लिए पौधे रौंपे जाएंगे। ज्योतिषविदों के अनुसार शनिवार शाम अमावस्या तिथि शाम 7.12 बजे से लेकर रविवार शाम 7.20 बजे तक रहेगी। सूर्य, चंद्र और बुध कर्क राशि में रहेंगे। व्यापारिक ग्रह बुध रविवार को मध्यरात्रि बाद 1.34 बजे सिंह राशि में प्रवेश करेंगे। वर्तमान समय में सिंह राशि में मंगल, शुक्र विराजमान है त्रिग्रही योग बनने से बाजार में तेजी के साथ ही खंड वृष्टि के साथ अच्छी बारिश के योग बनेंगे। रविपुष्य और सर्वार्थसिद्धि योग सूर्योदय से लेकर सुबह 9.19 बजे तक रहेगा। दान पुण्य का विशेष महत्व रहेगा। सर्वपितृ अमावस्या की तरह ही श्रावणी अमावस्या भी पितरों को मोक्ष देने वाली और बुरे ग्रहों की पीड़ा से मुक्ति दिलाने वाली है। दान-पुण्य, गरीबों, पशु-पक्षियों की सेवा से विशेष सुख-सौभाग्य की प्राप्ति होती है। तीर्थ स्नान नहीं करने पर घर पर पानी में गंगाजल डालकर स्नान किया जा सकता है। अन्नदाता औजारों का पूजन करेंगे।

लोकपर्व श्रावणी तीज 11 को
राजयोग, रवियोग और शिवयोग के संयोग में प्रेम और सुहाग का पर्व श्रावणी तीज 11 अगस्त को मनाई जाएगी। 10 को सिंजारा पर्व रहेगा। सन 2007 के बाद 14 साल बाद फिर से तीनों योग एक साथ रहेंगे। शिवयोग में मां पार्वती की पूजा सुखसमृद्धि और वैभवकारी बनेगी। सगाई सहित अन्य शुभ कार्य संपन्न होंगे। नवविवाहिताओं के घर से सिंजारा आएगा। जिन युवतियों की इस साल मंगनी या विवाह हुआ है उनके ससुराल से सिंजारा आएगा। सिंजारा के रूप में कपड़े, घेवर, मिठाई, खिलौने, सुहाग की सामग्री व फल आदि आएंगे। महिलाएं और युवतियां इस मौके पर मेहंदी रचाएंगी। महिलाएं अखंड सौभाग्य के लिए तीज माता की पूजा करेगी। महिलाएं और युवतियां घरों और पार्कों में झूला झूलेंगी और तीज और श्रावण के गीत गाएंगी।

Hindi News / Ajmer / 14 साल बाद श्रावण मास में रविपुष्य के संयोग में हरियाली अमावस्या आज

ट्रेंडिंग वीडियो