scriptउपचुनाव…हर्रई के राजा, नामांकन में इतनी भरी संपत्ति, चौंक गए लोग | Patrika News
समाचार

उपचुनाव…हर्रई के राजा, नामांकन में इतनी भरी संपत्ति, चौंक गए लोग

मंगलवार को भाजपा प्रत्याशी कमलेश शाह ने सीएम डॉ.मोहन यादव और प्रदेश भाजपा अध्यक्ष वीडी शर्मा की उपस्थिति में रिटॢनग ऑफीसर के समक्ष नामांकन फार्म दाखिल किया। लगातार बारिश की वजह से सीएम की सभा स्टेडियम ग्राउण्ड में नहीं हो सकी।

छिंदवाड़ाJun 19, 2024 / 05:46 pm

manohar soni

छिंदवाड़ा. विधानसभा उपचुनाव के मैदान में उतरे भाजपा प्रत्याशी कमलेश शाह 15 करोड़ रुपए से ज्यादा चल-अचल संपत्ति के मालिक है। पिछले आठ माह में उनकी नगदी समेत चल सम्पत्ति 24 लाख रुपए बढ़ गई है। इसका उल्लेख उन्होंने मंगलवार को नामांकन दाखिल करते समय दिए शपथ पत्र में किया है।
इस शपथ पत्र की जानकारी के अनुसार हर्रई राजघराने के सदस्य 51 वर्षीय कमलेश शाह दसवीं तक शिक्षित है। उनके नाम कोई आपराधिक केस दर्ज नहीं है। चल संपत्ति के नाम पर उनके पास 25 लाख रुपए नकद तथा पत्नी माधवी शाह के पास 5 लाख रुपए है। बैंकों में जमा, जीवन बीमा पॉलिसी, वाहन समेत अन्य चल संपत्ति मिलाकर 1.74 करोड़ रुपए है। जबकि अचल सम्पत्ति में कृषि भूमि, प्लॉट, मकान, शॉपिंग कॉम्प्लेक्स समेत अन्य सम्पत्तियों का मूल्य 13.94 करोड़ रुपए है। इस तरह कमलेश शाह की कुल सम्पत्ति 15.68 करोड़ रुपए की है।
यहां बता दें कि छह माह पहले हुए वर्ष 2023 के विधानसभा चुनाव में कमलेश शाह ने बतौर कांग्रेस प्रत्याशी 30 अक्टूबर 23 को नामांकन दाखिल किया था। उस समय शपथ पत्र में दी गई जानकारी के अनुसार उनके हाथ में नकदी 4 लाख रुपए तथा पत्नी माधवी शाह के पास एक लाख रुपए था। उनकी बैंक जमा, वाहन समेत अन्य चल सम्पत्ति का मूल्य 1.50 करोड़ रुपए था। खेती, शॉपिंग कॉम्प्लेक्स, मकान, भवन समेत अन्य अचल सम्पत्ति का मूल्य 13.94 करोड़ रुपए ही बताया गया था।
इस तरह अक्टूबर 23 और जून 24 के आठ माह के अंतराल में कमलेश शाह के पास नगदी राशि समेत चल सम्पत्ति 24 लाख रुपए बढ़ गई है।
…..
वर्ष 2024 के शपथ पत्र में कमलेश शाह
नाम-कमलेश शाह
पिता-उग्र प्रताप शाह
उम्र-51 वर्ष
शिक्षा-दसवीं
चल सम्पत्ति-1.74 करोड़ रुपए
अचल सम्पत्ति-13.94 करोड़ रुपए
…….
वर्ष 2023 में विधानसभा के समय सम्पत्ति

चल सम्पत्ति-1.50 करोड़ रुपए
अचल सम्पत्ति-13.94 करोड़ रुपए
….
सीएम के साथ कमलेश शाह ने भरा नामांकन

अमरवाड़ा विधानसभा उपचुनाव में मंगलवार को भाजपा प्रत्याशी कमलेश शाह ने सीएम डॉ.मोहन यादव और प्रदेश भाजपा अध्यक्ष वीडी शर्मा की उपस्थिति में रिटॢनग ऑफीसर के समक्ष नामांकन फार्म दाखिल किया। लगातार बारिश की वजह से सीएम की सभा स्टेडियम ग्राउण्ड में नहीं हो सकी। स्थानीय पत्रकारों से चर्चा में सीएम डॉ.मोहन यादव ने कहा कि लोकसभा चुनाव में भाजपा आजादी के बाद रिकार्ड 1.13 लाख वोट से जीती। जिसमें अमरवाड़ा विधानसभा का अहम् रोल रहा। उन्होंने कहा कि कमलेश शाह क्षेत्रीय विकास की चाह लेकर भाजपा से जुड़े। इस इलाके में जनता की अपेक्षा के अनुरूप विकास कार्य कराए जाएंगे। इस विधानसभा उपचुनाव में भी भाजपा का विजय रथ जारी रहेगा। प्रदेश भाजपा अध्यक्ष वीडी शर्मा ने भी लोकसभा चुनाव में भाजपा की विजय पर कहा कि जनता ने भाजपा को आर्शीवाद दिया है। विधानसभा उपचुनाव में नामांकन के मौके पर इंद्रदेव भी हम पर प्रसन्न है। जनता हमें बारिश की तरह वोटों की वर्षा करेगी। इस बार भी जीत का इतिहास बनाएंगे। इस मौके पर सांसद विवेक बंटी साहू समेत अन्य पदाधिकारी उपस्थित हुए। सीएम ने ग्राम चनेरी में दिवंगत पूर्व जनपद अध्यक्ष नीलेश कंगाली को श्रद्धांजलि भी दी।
…..

Hindi News / News Bulletin / उपचुनाव…हर्रई के राजा, नामांकन में इतनी भरी संपत्ति, चौंक गए लोग

ट्रेंडिंग वीडियो