कांग्रेस राज्यसभा सांसद के खिलाफ फूटा भाजपा का गुस्सा, जिला मुख्यालय पर फूका पुतला
झारखंड के राज्यसभा सांसद और कांग्रेस नेता धीरज प्रसाद साहू के 10 ठिकानों से 300 करोड़ नगद रूप मिलने से हड़कंप मचा हुआ है। इनकम टैक्स की रेड के बाद भाजपा अब इसपर पूरे देश में प्रदर्शन कर रही है। इसी क्रम में वाराणसी जिला मुख्यालय पर भी प्रदर्शन किया गया।
कांग्रेस राज्यसभा सांसद के खिलाफ फूटा भाजपा का गुस्सा, जिला मुख्यालय पर फूका पुतला
वाराणसी। कांग्रेस के राज्य सभा सांसद धीरज प्रसाद साहू के घर 300 करोड़ कैश रुपए मिलने के बाद देश की राजनीति में उबाल आ गया है। अंतरराष्ट्रीय भ्रष्टाचार विरोध दिवस पर भाजपा ने इस मामले पर देशव्यापी धरना प्रदर्शन किया और कांग्रेस के ऊपर बड़ा आरोप लगाया । इसी क्रम में वाराणसी के जिला मुख्यालय पर भाजपा काशी क्षेत्र अध्यक्ष दिलीप सिंह पटेल के नेतृत्व में भाजपा कार्यकर्ताओं ने जमकर प्रदर्शन किया और भ्रष्टाचार और धीरज प्रसाद साहू का पुतला फूका।
राज्यसभा सांसद के कई ठिकानों से मिले रुपए कांग्रेस के झारखंड से सांसद धीरज प्रसाद साहू के कई ठिकानों से इनकम टैक्स की टीम ने 300 करोड़ रुपए जब्त किए हैं और अभी भी कार्रवाई चल रही है। इस कार्रवाई के बाद भाजपा विपक्ष पर हमलावर है और प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने भी इसपर अपना ट्वीट किया है। लोकसभा चुनाव के बाद भाजपा ने विपक्ष को एक बार फिर कटघरे में खड़ा कर दिया है । ऐसे में पूरे देश में एक साथ भाजपा ने शनिवार को प्रदर्शन किया । वाराणसी जिला मुख्यालय पर भाजपा काशी क्षेत्र अध्यक्ष दिलीप सिंह पटेल, एमएलसी और जिलाध्यक्ष हंशराज विश्वकर्मा, महानगर अध्यक्ष विद्या सागर राय, विधायक सौरभ श्रीवास्तव, पूर्व विधायक सुरेंद्र सिंह औढ़े सहित सैकड़ों कार्यकर्ताओं ने प्रदर्शन किया।
कांग्रेस के भ्रष्टाचार के खिलाफ प्रदर्शन इस मौके पर भाजपा काशीक्षेत्र अध्यक्ष दिलीप सिंह पटेल ने कहा कि कांग्रेस के भ्रष्टाचार के विरोध में पूरे वाराणसी लोकसभा के कार्यकर्ता आज यहाँ इकठ्ठा होकर विरोध कर रहे हैं। कांग्रेस की सरकार जहां से शुरू हुई। वहीं से घोटाला शुरू हुआ। नेहरू जी के जमाने में जीप घोटाला। इंदिरा गांधी, राजीव गांधी, नरसिम्हा राव, मनमोहन सिंह सभी के कार्यकाल में घोटाले हुए। सभी बफोर्स के घोटाले से अवगत हैं। टूजी स्पेक्ट्रम, कोयला, डीएलएफ और राष्ट्रमंडल खेल घोटाला, भी सामने हैं। इसके अलावा सोनिया गांधी और राहुल गांधी जिस घोटाले में जेल में हैं नेशनल हेराल्ड घोटाला। उससे पूरा देश अवगत है। कांग्रेस के राज्यसभा सांसद धीरज साहू के घर से धनराशि मिल रही है। कांग्रेस का नेतृत्व जो हमारे यशस्वी नेतृत्व पर जो आरोप लगाते हैं उसका सच सामने आ रहा है।
भेजा जाए जेल काशी क्षेत्र अध्यक्ष दिलीप पटेल ने बताया कि आज हमने डीएम के माध्यम से महामहिम राष्ट्रपति को एक पत्रक भेजा है कि ऐसे लोगों की सदस्य्ता समाप्त की जाए और उन्हें तत्काल पद से बर्खास्त करते हुए जेल भेजा जाए। वहीं पुतला फूंक रहे पिछड़ा वर्ग मोर्चा के उपाध्यक्ष अनूप जायसवाल ने कहा कि आज इतनी बड़ी मात्रा में कैश मिला है कि किसी सरकारी बैंक के ट्रेजरी में भी इतना पैसा नहीं होगा। ऐसे में जेल, बेल और भ्रष्टाचार की रेल चलाने वाले इंडि गठबंधन और उसके बॉस कांग्रेस है। उन्होंने कहा कि कांग्रेस भ्रष्टाचार की जननी है। हम लोग मांग करते हैं कि इन सभी को कड़ी से कड़ी सजा दी जाए।
Hindi News/ Varanasi / कांग्रेस राज्यसभा सांसद के खिलाफ फूटा भाजपा का गुस्सा, जिला मुख्यालय पर फूका पुतला