विधानसभा चुनाव में मतदान शनिवार को होगा। जिले में चार सीट है। इसमें टोंक, निवाई, मालपुरा तथा देवली-उनियारा है। इन सीटों पर कुल 37 प्रतिशत किस्मत की दौड़ में है। टोंक में 8, मालपुरा में 5, देवली-उनियारा में 14 तथा निवाई में 10 प्रत्याशी है।
विधानसभा चुनाव के लिए शुक्रवार को राजकीय स्नातकोत्तर महाविद्यालय में दो पारियों में पोलिंग पार्टियों को प्रशिक्षण दिया गया। प्रशिक्षण और मतदान सामग्री लेने के बाद मतदान दल शाम तक अपने बूथ पर पहुंच गए। जहां उन्होंने मतदान कराने सम्बन्धित सभी तैयारियां पूरी कर ली। मतदान शनिवार सुबह 7 से शाम 6 बजे तक होगा।
यह है कुल मतदाता
11 लाख 5 हजार 208 मतदाता है। इसमें पुरुष 5 लाख 68 हजार 225 तथा महिला 5 लाख 36 हजार 978 है। टोंक विधानसभा क्षेत्र में 252828 मतदाता है। इनमें महिला 123379, पुरुष 129445 है। मालपुरा में कुल मतदाता 270948 है। इनमें महिला 132334 तथा पुरुष 138614 है। निवाई में कुल मतदाता 284642 है। इसमें महिला 137902 तथा पुरुष 146740 है। देवली-उनियारा में कुल मतदाता 296790 है। इसमें महिला 143363 तथा पुरुष 153426 है।
110 बूथ बनाए हैं
जिले की चारों विधानसभा सीटों पर 1110 मतदान केन्द्र बनाए गए हैं। इसमें 11 लाख 5 हजार 208 मतदाता मतदान करेंगे। इसमें 5 लाख 68 हजार 225 पुरुष तथा 5 लाख 36 हजार 978 महिला मतदाता है। इसमें 5 ट्रांसजेंडर भी शामिल है। जिले के 316 संवेदनशील एवं अति संवेदनशील क्षेत्रों की पहचान की है। वहीं 114 सेक्टर मजिस्ट्रेट, 39-39 एमएसटी एवं एसएसटी की टीमें बनाई गई है।
विधानसभा आम चुनाव-2023 के तहत टोंक जिले के 555 मतदान केंद्रों पर लाइव वैबकास्टिंग होगी। इसमें मालपुरा के 126, निवाई 121, टोंक के 133 व देवली-उनियारा के 175 मतदान केंद्रों को शामिल किया है। इसी प्रकार चारों विधानसभा के संवेदनशील एवं अति संवेदनशील मतदान केंद्रों के लिए माइक्रो ऑब्जर्वर की नियुक्ति की गई है।
12 प्रकार के दस्तावेज होंगे मान्य
विधानसभा आम चुनाव-2023 के लिए शनिवार को होने वाले मतदान में निर्वाचन फोटो पहचान पत्र की उपलब्धता के अभाव में भी मतदाता वैकल्पिक पहचान दस्तावेज दिखाकर वोट डाल सकेंगे।
वैकल्पिक दस्तावेजों में आधार कार्ड, मनरेगा जॉब कार्ड, ड्राइविंग लाइसेंस, पैन कार्ड, भारतीय पासपोर्ट, फोटो युक्त पेंशन दस्तावेज, केंद्र और राज्य सरकार, लोक उपक्रम, सार्वजनिक लिमिटेड कंपनियों द्वारा कर्मचारियों को जारी किए गए फोटोयुक्त सेवा पहचान पत्र, बैंक-डाकघर द्वारा जारी फोटोयुक्त पासबुक, राष्ट्रीय जनसंख्या रजिस्टर के तहत आरजीआई द्वारा जारी स्मार्ट कार्ड, श्रम मंत्रालय की योजना के तहत जारी स्वास्थ्य बीमा स्मार्ट कार्ड, सांसदों, विधायकों, एमएलसी को जारी किए गए आधिकारिक पहचान पत्र और भारत सरकार के सामाजिक न्याय मंत्रालय द्वारा दिव्यांगजनों को जारी यूनिक डिसेबिलिटी आईडी शामिल है।
महिला मतदान केंद्र एवं दिव्यांगजन बूथ की स्थापना होगी भारत निर्वाचन आयोग के निर्देशानुसार टोंक जिले की चारों विधानसभाओं में 8-8 महिला मतदान केंद्र एवं 1-1 दिव्यांगजन बूथ की स्थापना होगी। इस संबंध में रिटर्निंग अधिकारियों के निर्देशन में महिला एवं दिव्यांग मतदान अधिकारियों को प्रशिक्षण दिया जा चुका है।
महिला मतदाता होगी प्रोत्साहित
चुनाव में महिला बूथ भी बनाए गए हैं। इसमें महिला कार्मिक ही लगाई गई है। ऐसे बूथ पर लगी सीमा अल्हा, रश्मि शर्मा, संतोष शर्मा व सरस्वती टाक ने बताया कि वे महिला बूथ पर नियुक्त है। लेकिन महिलाओं को मतदान के लिए प्रेरित भी करेगी। इस नवाचार से मतदान प्रतिशत बढ़ेगा।
निर्वाचन विभाग ने चुनाव के लिए 917 वाहनों मंगवाए हैं। इनमें 550 जीप व कार, 237 बसें व 89 मिनी बस शामिल है। इन वाहनों के माध्यम से पोलिंग पार्टियों को कड़ी सुरक्षा के बीच मतदान केन्द्र तक भेजा गया।
रंगोली से सजाया बूथ
राजस्थान विधानसभा चुनाव में मतदान केन्द्र भी सजाए गए हैं। विवेक विद्या निकेतन उच्च माध्यमिक आदर्श नगर डिपो में बनाए गए मतदान केन्द्र को स्कूल के शिक्षक-शिक्षिकाओं ने रंगोली से सजाया है।