मुंबई में बीती रात से मूसलाधार बारिश का सिलसिला जारी है। इसके कारण शहर के कई इलाकों में कमर तक पानी भर गया है और बाढ़ जैसी स्थिति बन गई है। खासकर मुंबई उपनगर के कई हिस्सों में सामान्य जनजीवन अस्त-व्यस्त हो गया है। गोरेगांव वेस्टर्न एक्सप्रेस हाईवे पर ओबेरॉय मॉल के पास सड़क पर पानी भरने से कई गाड़ियां पानी में फंस गई। कई इलाकों में कारें पानी में डूबी दिखी। हालांकि बारिश का जोर कम होने के बाद स्थिती अब धीरे-धीरे सामान्य हो रही है।
भारी बारिश से भांडुप और नाहुर स्टेशन के बीच पटरियां पानी में डूब गई, जिससे मध्य रेलवे की लोकल सेवाएं बाधित हो गई। कई लोकल ट्रेनों को रद्द करना पड़ा है। वहीँ, सड़कों पर जलभराव के चलते बेस्ट (BEST Bus Transport) की कई बसों का मार्ग बदला गया है।
BEST बस का बदला रूट, देखें लिस्ट-
मुंबई लोकल ट्रेन की मेन लाइन पर ट्रेन सेवाएं देरी से चल रही हैं. भांडुप और नाहुर के बीच भारी बारिश और जलजमाव के कारण लोकल ट्रेनों की रफ्तार धीमी है। आज तड़के भांडुप रेलवे स्टेशन पर पटरियों के जलमग्न होने से लोकल ट्रेनें आगे नहीं जा रहीं थी। जबकि कर्जत, कसारा से मुंबई तक की लोकल ट्रेने केवल ठाणे तक ही चल रही थी।
स्कूल-कॉलेजों में छुट्टी घोषित
बृहन्मुंबई महानगर पालिका (बीएमसी) ने मुंबई में भारी बारिश के कारण स्कूलों में छुट्टी घोषित कर दी है। मुंबई और उपनगरों में सोमवार को भारी बारिश की संभावना है। छात्रों की सुरक्षा और उन्हें असुविधा से बचाने के लिए मुंबई के सभी सरकारी और प्राइवेट स्कूलों और कॉलेजों में पहले सत्र (सुबह) के लिए छुट्टी घोषित की गई है। स्थिति की समीक्षा के बाद अगले सत्र (दोपहर) के लिए निर्णय की घोषणा की जाएगी।
जरुरत होने पर ही घरों से निकले- BMC
बीएमसी ने शहरवासियों को सावधानी बरतने और जब तक जरूरी न हो अपने घर से बाहर न निकलने की सलाह दी है। रात 1 बजे से सुबह 7 बजे के बीच शहर के विभिन्न हिस्सों में 300 मिमी से अधिक बारिश दर्ज की गई। जबकि रविवार सुबह 8 बजे से सोमवार सुबह 6 बजे तक मुंबई शहर में औसत 110 मिमी, पूर्वी उपनगर में औसत 150 मिमी और पश्चिमी उपनगर में औसत 146 मिमी बारिश रिकॉर्ड हुई।