scriptटी शर्ट फंसने से प्रतिमा के साथ नदी में डूबा युवक, मौत | Patrika News
सतना

टी शर्ट फंसने से प्रतिमा के साथ नदी में डूबा युवक, मौत

देर रात प्रतिबंधित स्थल पर गए थे दुर्गा प्रतिमा विसर्जन के लिए

सतनाOct 13, 2024 / 02:10 pm

Ramashankar Sharma

pratima5
सतना। रात साढ़े 12 बज रहे थे। सतना नदी का पानी शांत था लेकिन रह-रह कर चांदनी की रोशनी में पानी की झिलमिलाहट नजर आ रही थी। तभी इसके पुराने पुल पर कुछ उत्साही युवा दुर्गा प्रतिमा लेकर पहुंचे। मां की भक्ति में सराबोर इन युवाओं को यह भान नहीं रहा कि यह प्रतिमा विसर्जन के लिए प्रतिबंधित स्थल है और विसर्जन के लिए पुल खतरनाक भी है। युवाओं ने मूर्ति को धीरे-धीरे झुकाना शुरू किया और फिर एक साथ नदी के पानी में जाने के लिए छोड़ दिया। लेकिन… चिराग की टी-शर्ट प्रतिमा में फंस गई और वह भी मूर्ति के साथ नदी में समाता चला गया। जब तक लोगों को कुछ समझ में आता चिराग नदी के गहरे पानी में गायब हो चुका था। पुलिस को सूचना दी गई। खोजबीन के बाद अगली सुबह चिराग का शव मिला।
pratima2
​इस तरह नदी में डूबा युवक

जानकारी के अनुसार सतना नदी के पुराने पुल पर रात साढ़े 12 बजे के लगभग कुछ लोग डालीबाबा क्षेत्र से प्रतिमा विसर्जन के लिए पहुंचे थे। इस स्थल पर प्रशासन ने बेरीकेडिंग कर इसे प्रतिमा विसर्जन के लिए प्रतिबंधित कर रखा है। क्योंकि यहां पानी काफी ज्यादा है और स्थल भी विसर्जन के लिहाज से खतरनाक भी है। लेकिन इन लोगों ने बेरीकेडिंग हटाते हुए बीच पुल पर पहुंचे और प्रतिमा विसर्जन के लिए मूर्ति को पुल के किनारे ले गए। जैसे ही प्रतिमा को नदी के लिए छोड़ा तो एक युवक चिराग अग्रवाल पिता संजय अग्रवाल की टी-शर्ट का हिस्सा प्रतिमा में फंस गया। वह झटके से प्रतिमा के साथ नदी में गिर गया और देखते ही देखते गहरे पानी में डूबता चला गया। चीख पुकार मची लेकिन कोई आया नहीं। आनन फानन में पुलिस को सूचना दी गई। रात को पुलिस पहुंची और एसडीआरएफ का दल भी पहुंचा। लेकिन रात को कुछ ज्यादा किया नहीं जा सका।
pratima3
सुबह मिला शव

डालीबाबा निवासी संजय अग्रवाल किराना व्यापारी हैं और मोहल्ले में अच्छी छवि है। जैसे ही इनके बेटे के नदी में डूबने की खबर फैली तो यहां के लोग नदी की ओर पहुंचने लगे। पूर्व विधायक शंकर लाल तिवारी भी यहां मौजूद थे। थाना प्रभारी शंखधर द्विवेदी भी अपने दल के साथ भोर से ही पहुंचे हुए थे। एक ओर इनकी जिम्मेदारी शव तलाशने की थी तो दूसरी ओर तमाशबीनों को भी नियंत्रित करना था। एसडीआरएफ के गोताखोर और स्थानीय गोताखाेर नदी में उतरे हुए थे। स्थानीय गोताखोरो में तिघरा के देवेश प्रताप सिंह और स्थानीय मल्लाह नदी में उतरे थे। काफी मशक्कत के बाद इन्हें चिराग का शव मिला तो उसे लेकर ऊपर पहुंचे। शव को देखने भीड़ जुट गई। आनन फानन में यहां से शव पोस्ट मार्टम के लिए जिला अस्पताल ले जाया गया। जहां पीएम उपरांत शव परिजनों को दे दिया गया है।
pratima4
घटना स्थल पर पहुंचे पूर्व विधायक शंकरलाल तिवारी थाना प्रभारी शंखधर द्विवेदी से जानकारी लेते हुए

Hindi News / Satna / टी शर्ट फंसने से प्रतिमा के साथ नदी में डूबा युवक, मौत

ट्रेंडिंग वीडियो