scriptमुख्यमंत्री जी हमे कब मिलेगी समस्याओं से मुक्ति | raisen, when will we get freedom from problems | Patrika News
रायसेन

मुख्यमंत्री जी हमे कब मिलेगी समस्याओं से मुक्ति

शहर की जनता परेशान, बदहाल सड़कें, पानी को तरस रहे लोग। अब तो खोलों वादों की पोटली।

रायसेनOct 11, 2022 / 08:51 pm

praveen shrivastava

मुख्यमंत्री जी हमे कब मिलेगी समस्याओं से मुक्ति

मुख्यमंत्री जी हमे कब मिलेगी समस्याओं से मुक्ति

रायसेन. आज मुख्यमंत्री रायसेन में राज्य स्तरीय कार्यक्रम में प्रदेशभर के हितग्राहियों को संबल योजना का लाभ देंगे। हजारों हितग्राहियों को एक क्लिक के जरिए करोड़ों रुपए देंगे। सरकार की उपलब्धियों का ढोल पीटेंगे और जनता ताली बजाएगी, लेकिन जहां यह सब कुछ होगा, उस शहर के लोग घर से बाहर कदम रखते ही समस्याओं का सामना कर रहे हैं। दो बूंद पानी के लिए तरस रहे हैं, सड़कों पर चलने में डर लगता है। रात में सड़कें अंधेरे में डूबी रहती हैं। इन सब समस्याओं का निराकरण उस पोटली में बंद है जो मुख्यमंत्री ने निकाय चुनाव से पहले महामाया चौक पर वोट मांगते हुए जनता के सामने रखी थी। अभी तक न तो वो पोटली खुली और न ही नगर पालिका की आंखें खुलीं। शहर की जनता पहले की तरह ही परेशान है और विकास की उम्मीदें लगाए सरकार और नगर पालिका की तरफ देख रही है।
सड़क चौड़ीकरण का चर्चा संभवत: आज की सभा में भी होगा, लेकिन उसकी असलियत जनता देख रही है, भले ही जनप्रतिनिधि और अधिकारियों ने उस तरफ से आंखें फेर ली हों। बनते ही उखड़ी और गड्ढों में तब्दील सड़क पर मुख्यमंत्री के कार्यक्रम के लिए मरहम लगाई गई है। सड़क के उभरे हिस्सों को जेसीबी से खोदकर समतल कर दिया और गड्ढों में मिट्टी भर दी है। दोनो ओर चूना डालकर आज सड़क को चकाचक दिखाया जाएगा।
दो माह से शहर के लोग पानी को तरस रहे हैं। 33 करोड़ से अधिक की हलाली परियोजना नगर के लोगों के लिए सुविधा की जगह मुसीबत बन गई है। दस दिन बाद मंगलवार को ही शहर को हलाली से पानी मिला है। इससे पहले दो माह में बमुश्किल 25 दिन ही हलाली से पानी मिला होगा। शहर की जनता अधिकतर दिन टेंकरों पर या निजी नलकूपों पर ही निर्भर रहती है। हालांकि यह परियोजना नपा के कर्मचारियों के लिए दुधारू साबित हो रही है।
शहर की कई गलियां, सड़कें लंबे समय से अंधेरे में हैं। स्ट्रीट लाइट बंद होने से गलियों, सड़कों पर अंधेरा रहता है। जिसका फायदा चोर उठा रहे हैं। आए दिन कॉलोनियों में चोरी की घटनाएं हो रही हैं। जिससे जनता तो दहशत में है ही पुलिस भी हलाकान है। एक दो चोरियों का खुलासा होता है और दो चार नई घटनाएं हो जाती हैं। सोशल मीडिया पर अंधेरी गलियों की शिकायतें वायरल होती हैं, लेकिन उन्हे देखने और सुनने वाला कोई नहीं है।
नगर में 58 अवैध कॉलोनियां हैं, जिनको वैध करने की प्रक्रिया शुरू नहीं हुई है। इन अवैध कॉलोनियों के रहवासी मूलभूत सुविधाओं को तरस रहे हैं। कॉलोनियों में सड़कें नहीं हैं, बिजली की समुचित व्यवस्था नहीं है। पानी के स्थाई इंतजाम नहीं हैं। साथ ही सुरक्षा के कोई इंतजाम नहीं हैं, जिससे यहां लगभग हर दूसरे दिन चोरी की घटनाएं हो रही हैं। रहवासी पचासों बार प्रशासन से कॉलोनाइजरों की शिकायतें कर चुके हैं, लेकिन राजनीतिक संरक्षण के चलते कोई सुनवाई नहीं होती।
शहर में कहीं भी जल निकासी के इंतजाम नहीं हैं। मुख्य मार्ग और शहर के हृदय स्थल महामाया चौक के पास तेज बारिश होते ही घुटने तक पान भर जाता है। जिससे आवागमन बाधित होता है। दुकानदारों को नुकसान होता है। घंटों पानी भरा रहने से लोगों को खासी परेशानी होती है। सालों पुरानी इस समस्या का कोई हल नगर पालिका आज तक नहीं निकाल सकी। सड़क चौड़ीकरण में भी ठेकेदार इस समस्या का हल नहीं निकाल सका।
चुनाव से पहले ये प्रमुख वादे किए थे मुख्यमंत्री ने
– नगर की सभी अवैध कॉलोनियों को वैध कर मूलभूत सुविधाएं देंगे।
– पूरे शहर में स्वच्छ और नियमित पेयजल देंगे।
– शहर के दोनो प्रमुख मार्गों पर पार्किंग स्थलों का निर्माण करेंगे।
– सभी 18 वार्डों में सड़कों और नालियों का निर्माण करेंगे।
– सर्व सुविधायुक्त ऑडिटोरियम का निर्माण कराएंगे।
– स्वच्छता के लिए आधुनिक मशीनें उपलब्ध कराएंगे।
– शहर से जल निकासी के लिए नालों का निर्माण कराएंगे।
– सभी सड़कों पर प्रकाश की सुचारू व्यवस्था कराएंगे।
————

Hindi News / Raisen / मुख्यमंत्री जी हमे कब मिलेगी समस्याओं से मुक्ति

ट्रेंडिंग वीडियो