राहुल ने कहा, “उत्तर प्रदेश के लोगों ने कमाल कर दिया। बहुत सारे स्टेट ने कमाल किया, लेकिन यूपी ने संविधान पर खतरा समझकर कांग्रेस और इंडिया गठबंधन का समर्थन किया। मैं सब स्टेट को धन्यवाद कहना चाहता हूं, लेकिन यूपी के लोगों को विशेष धन्यवाद। और मैं एक बात बोल देता हूं, इसमें मेरी बहन प्रियंका गांधी का भी हाथ है।”
देश की गरीब जनता ने संविधान बचा लिया: राहुल
राहुल गांधी ने कहा कि गठबंधन जहां भी लड़ा, वहां एकता के साथ मुकाबला हुआ। उन्होंने मीडिया से बात करते हुए संविधान की कॉपी निकाली और कहा कि देश की गरीब जनता ने इसे बचा लिया है। उन्होंने कहा कि बहुत से लोग चुप थे, लेकिन देश के सबसे गरीब लोग इसे बचाने के लिए खड़े हो गए। उन्होंने कहा कि हम जाति जनगणना जैसे अपने वादों पर अड़े रहेंगे। राहुल गांधी से पहले मल्लिकार्जुन खरगे ने कहा कि चुनाव के जो नतीजे आए हैं, वह जनता की जीत है। लोकतंत्र की जीत है। हम पहले से यही कह रहे थे कि यह लड़ाई मोदी बनाम जनता है। 18वीं लोकसभा के चुनाव में आए नतीजों को हम पूरे मन से स्वीकार करते हैं। इस बार जनता ने किसी एक दल को पूर्म बहुमत नहीं दिया है। खासतौर पर भाजपा ने एक व्यक्ति और एक चेहरे के नाम पर वोट मांगा था। अब यह साफ हो गया है कि यह जनादेश मोदी जी के खिलाफ गया है। यह उनकी राजनीतिक और नैतिक हार है। उस व्यक्ति की यह हार है, जो अपने ही नाम पर वोट मांगते थे।
भाजपा के अहंकार की वजह से भी ऐसे नतीजे आए हैं
आप जानते हैं कि कांग्रेस पार्टी और हमारे INDIA ग्रुप के साथियों ने विपरीत हालातों में चुनाव लड़ा। हमारे खाते तक सीज कर दिए गए। उन्होंने कहा कि कांग्रेस के घोषणापत्र के बारे में राहुल गांधी ने जो झूठ फैलाया, उसे जनता ने पकड़ लिया। भाजपा नेतृत्व के अंहकार की वजह से भी ऐसे नतीजे आए हैं। उन्होंने धीरे-धीरे सारी संस्थाओं पर कब्जे की कोशिश की और फिर उनका इस्तेमाल विरोधी दलों के खिलाफ करने लगे।