मौसम विभाग के अनुसार शुक्रवार को सुबह से मौसम साफ रहेगा। धूप के साथ तेज हवा चलेगी। शनिवार और रविवार को बारिश के आसार है। सुबह से ही आमतौर पर बादल छाए रहेंगे। एक या दो बार बारिश या गरज के साथ बौंछारें पड़ेंगी। इससे तापमान में भी उतार चढ़ाव हो सकता है। तेज हवाएं ठंड का एहसास कराएंगी।
मेरठ में बुधवार दोपहर बाद शुरू हुई सर्दी के सीजन की पहली अच्छी बारिश गुरुवार सुबह तक मेरठ सहित वेस्ट यूपी को भिगोती रही। मात्र 24 घंटे में ही मेरठ में 19.6 मिमी बारिश ने कोहरे और प्रदूषण की चादर को धो दिया। दिन में बादल छाए रहे। देर शाम घने बादलों से कुछेक हिस्सों में बौछारें गिरी। आज मेरठ में सुबह के वक्त बेहद घने कोहरे के आसार हैं। हालांकि दुपहर तक कोहराछंटने और अच्छी धूप निकलने की उम्मीद है। दिन में मौसम पूरी तरह से शुष्क रहेगा।
पांच के बाद फिर कंपाएंगी बर्फीली हवाएं
मौसमी सिस्टम के आगे निकलने से आज पूरे क्षेत्र में बर्फीली हवाएं मैदानों को कंपाएंगी। 15-20 किमी प्रतिघंटे की बर्फीली हवाओं से दिन के तापमान में बड़ी गिरावट के आसार हैं। इससे ठंडी बढ़ेगी, लेकिन सर्द दिन की स्थितियां नहीं होगी। तीन एवं चार फरवरी को हवा की रफ्तार कम रहेगी, लेकिन पांच फरवरी से फिर बर्फीली हवाएं मैदानों को कंपाएंगी।
मौसम विभाग के अनुसार, गुरुवार को दिन का तापमान 18 और रात का 11.5 डिग्री सेल्सियस दर्ज हुआ। आज दिन का तापमान 15 डिग्री सेल्सियस तक जा सकता है। रात के तापमान में भी कमी आ सकती है, लेकिन तीन की रात से फिर तापमान बढ़ेगा।
बुधवार रात बारिश और फिर तेज हवा से प्रदूषण की स्थिति में कमी आई। औसत एक्यूआई 116 दर्ज हुआ। रात 12 बजे के बाद मेरठ में पीएम-10 एवं पीएम-2.5 के स्तर दस से नीचे तक पहुंच गए। यह स्थिति पहाड़ों में हवा की गुणवत्ता जैसी है।
पूर्वी यूपी में मौसम का मिजाज लगातार बदल रहा है। कड़ाके की सर्दी के बाद अब बादल छाए हैं। गुरुवार की शाम को हल्की बूंदाबांदी भी हुई। ठंडी हवाएं चलीं। हवा में नमी बढ़ गई। हालांकि बादलों की मौजूदगी के कारण रात के तापमान में इजाफा हो गया है। गुरुवार की सुबह आसमान में हल्के बादल छाए रहे। कोहरे की हल्की परत छाई रही। दिन चढ़ने के साथ कोहरा पूरी तरह छंट गया। दोपहर बाद फिर मौसम का मिजाज बदलने लगा।