scriptभरतपुर दौरे में सीएम भजनलाल ने कांग्रेस को इस कदर कोसा…! | Patrika News
समाचार

भरतपुर दौरे में सीएम भजनलाल ने कांग्रेस को इस कदर कोसा…!

भरतपुर दो दिवसीय दौरे पर आए मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा बोले
-कैलादेवी माता के दर्शन के बाद बस में बैठकर देखा शहर

भरतपुरOct 11, 2024 / 08:25 pm

Meghshyam Parashar


मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा शुक्रवार को दो दिवसीय दौरे पर भरतपुर पहुंचे। झील का बाड़ा कैला देवी माता के दर्शन के बाद वह भरतपुर पहुंचे और बस में बैठकर शहर का भ्रमण किया।
विश्वप्रिय शास्त्री पार्क में मीडिया से बात करते हुए सीएम भजनलाल शर्मा ने कांग्रेस सरकार पर तंज कसा कि पहले की कांग्रेस सरकार अपना-पराया देखती थी। अपनी पार्टी के लोग जहां होते थे, वहां काम होता था, लेकिन हम कहते हैं कि भाजपा की सरकार प्रदेश की आठ करोड़ जनता के लिए काम करती है। भाजपा के पास सबका साथ, सबका विकास, सबका विश्वास एवं सबका प्रयास वाली राजनीति का विजन है। सीएम ने कहा कि भरतपुर में काम की बहुत जरूरत है। बजट में जो घोषणा की थी, उसकी रूपरेखा देखने के लिए मैं यहां आया हूं। अधिकारी और जनप्रतिनिधियों ने विकास का रोडमैप बनाया है कि भरतपुर का विकास कैसे हो। मीटिंग में और भी अच्छे सुझाव लेकर उनको शामिल किया जाएगा। उन्होंने कहा कि राजस्थान में राइजिंग राजस्थान 9, 10 एवं 11 दिसम्बर को होना है। इसे पहले विकास से कोई भी संभाग एवं जिला अछूता नहीं रहे। शिक्षा, चिकित्सा एवं पर्यटन से लेकर हर क्षेत्र में भरतपुर में विकास होगा। यहां माइनिंग एवं सेंड स्टोन के क्षेत्र में भी खूब संभावनाएं हैं। राजस्थान के हर गांव, तहसील, उपखंड एवं जिलों में विकास की कल्पना हमारे मन में है। सीएम ने कहा कि हमने एक भी विधानसभा ऐसी नहीं छोड़ी, जहां विकास के लिए बजट नहीं दिया।
दो घंटे तक किया शहर का भ्रमण, आज सुनेंगे समस्या

मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा ने शुक्रवार को पूरे शहर का करीब दो घंटे तक निरीक्षण किया। सीएम शर्मा करीब 4 बजे सर्किट हाउस से रवाना हुए। इसके बाद वह विभिन्न स्थानों का निरीक्षण करते हुए शाम करीब 6 बजे विश्वप्रिय शास्त्री पार्क पहुंचे। यहां देर तक अधिकारियों के साथ मॉडल पर चर्चा की। मुख्यमंत्री शर्मा रात्रि विश्राम सर्किट हाउस में करेंगे। इसके बाद वह शनिवार सुबह 10 से 11 बजे तक सर्किट हाउस में जनसुनवाई करेंगे। इसके बाद सुबह 11 से दोपहर 1 बजे तक संभागीय स्तर के अधिकारियों की बैठक लेंगे। इसके बाद वह 1.15 बजे जयपुर को रवाना होंगे।

Hindi News / News Bulletin / भरतपुर दौरे में सीएम भजनलाल ने कांग्रेस को इस कदर कोसा…!

ट्रेंडिंग वीडियो