scriptनन्हीं बालिकाओं के भरत नाट्यम में मोहित हुए दर्शक | Patrika News
समाचार

नन्हीं बालिकाओं के भरत नाट्यम में मोहित हुए दर्शक

गीतों की रस वर्षा से सराबोर हुए दर्शक व श्रोता-
नव दुर्गा उत्सव समिति ने रंगारंग सांस्कृतिक कार्यक्रम का किया आयोजन

बालाघाटOct 18, 2024 / 12:43 pm

mukesh yadav

गीतों की रस वर्षा से सराबोर हुए दर्शक व श्रोता-

गीतों की रस वर्षा से सराबोर हुए दर्शक व श्रोता-

बालाघाट। नवदुर्गा उत्सव समिति सिविल क्लब बस स्टैंड वारासिवनी ने शरद पूर्णिमा के अवसर पर रंगारंग सांस्कृतिक कार्यक्रम रानी अवंतीबाई स्टेडियम में संपन्न करवाया। इस आयोजन में बालीवुड के सिंगरों ने देर रात्रि तक धार्मिक व लोकप्रिय नई-पुरानी फिल्मों के कर्णप्रिय गीतों से समां बांधा। उनके मधुर स्वरों में गाए गए गीतों से स्टेडियम में बैठे हजारों दर्शक व श्रोता मंत्रमुग्ध होकर गीतों का रसपान करते नजर आए।
विदित हो कि प्रतिवर्ष नवदुर्गा उत्सव समिति सिविल क्लब के अध्यक्ष संजय सिंह कछवाहा व समिति पदाधिकारी शरद पूर्णिमा के अवसर पर विशेष रंगारंग कार्यक्रम नागपुर के क्रिस्टल इवेंट के संचालक जोएब पटेल के माध्यम से बालीवुड के कलाकारों को बुलवा कर आयोजित किया जाता हैं। इस वर्ष भी बालीवुड के गायक अभिजीत कड़ु, साहिल सोलंकी, सुरभि कश्यप व ऐश्वर्या पंडित ने अपने शानदार गीतों, मुंबई के साज डांस ग्रुप के साथ ही वारासिवनी नगर की नृत्य दर्पण डांस एकेडमी की संचालिका व भरतनाट्यम कलाकार नृत्यांगना रितिका जैन व उनके ग्रुप की बाल कलाकारों ने अपने शानदार व मनमोहक नृत्य प्रदर्शन से हजारों दर्शकों का मन जीत लिया।
गणेश वंदना से कार्यक्रम की शुरूआत
कार्यक्रम का प्रारंभ साज डांस ग्रुप के कलाकारों ने गणेश वंदना से की। बालीवुड गायक साहिल सोलंकी ने नए व पुराने गीतों के मुखड़े गाकर दर्शकों को पुराने व नए गीतों की दुनिया की सैर कराई। गायिका सुरभि कश्यप ने बहुचर्चित गीत राम आएंगे तो, अंगना संजाएंगे, माही वे गीत गाकर दर्शकों का खूब मनोरंजन किया। रितिका जैन के साथ नन्हीं बालिकायें रिया क्षीरसागर, शिवि सोनकेसिरया, नितिज्ञा दमाहे, अनोखी रंगारे व मैथिली बिसेन ने शानदार भरत नाट्यम की प्रस्तुति देकर वाहवाही लूटी। गायिका ऐश्वर्या पंडित ने ढोल बाजे, क्योंकि तुम ही हो, साड़ी के फाल से कभी मैच किया, जैसे गीतों को गायकर दर्शकों को झूमने पर मजबूर किया।
जनप्रतिनिधियों की रही उपस्थिति
कार्यक्रम के मध्य में अतिथि सांसद भारती पारधी, विधायक विवेक पटेल, प्रदीप जायसवाल, राजेश पाठक, स्मिता जायसवाल, सेनि आईएएस श्याम सिंह कुमरे, सीसीएफ अरविंद प्रताप सिंह का आगमन हुआ। मंच पर पुष्पहार व पुष्प गुच्छ से समिति अध्यक्ष संजय सिंह कछवाहा व सदस्यों ने अभिनंदन किया। अतिथियों ने कार्यक्रम की खूब प्रशंसा की। समिति अध्यक्ष संजय सिंह कछवाहा ने सभी का आभार प्रदर्शन किया। अंत समय में उपहार कूपन योजना का ड्रा भी निकाला गया।

Hindi News / News Bulletin / नन्हीं बालिकाओं के भरत नाट्यम में मोहित हुए दर्शक

ट्रेंडिंग वीडियो