जानकारी के अनुसार करीब दो साल पहले एक सहायक उप निरीक्षक शहर के एक थाने में पदस्थ थे। उनको तांत्रिक के दरवार के बारे में पता चला और वे भी रातों-रात करोड़पति बनने का सपना देखने लगे। तांत्रिक ने एएसआई को अपने मायाजाल में फंसाया और गड़ा धन निकलवाने का दावा किया। साहब भी तांत्रिक और उसके बेटे की बातों में फंस गए, इसके बाद कभी पूजा तो कभी सोने-चांदी के जेवरों का चढ़ावा लेने के नाम पर एएसआई ने लगभग 22 लाख रुपए तांत्रिक पर लुटा दिए। इसके बाद न तो उन्हें गड़ा धन मिला और न ही अब वे तांत्रिक को दिए रुपए वापस लेने की दम जुटा पा रहे हैं।
– 54.06 लाख की ठगी आ चुकी सामने
गड़ा धन निकालने के लालच में आकर तांत्रिक मायाजाल में फंसे 8 लोग अब तक पुलिस से शिकायत कर चुके हैं। वहीं एएसआई चाहकर भी शिकायत नहीं कर पा रहे हैं। इन सभी 9 लोगों से तांत्रिक 54.06 लाख रुपए ऐंठ चुका है। लोगों ने शिकायत में पुलिस को तांत्रिक के साथ हुई चैट और कुछ वीडियो भी उपलब्ध कराए हैं, जिसमें पूजा-पाठ और लेनदेन की पुष्टि हो रहा है। इसके बाद भी पुलिस ने तांत्रिक के खिलाफ अब तक कोई एक्शन नहीं लिया है। वह लोगों को लूटकर दरवार में बैठकर मजे मार रहा है और लोग पुलिस अधिकारियों के चक्कर काट रहे हैं।
– फर्जीवाड़े की पुष्टि हो रही है
तांत्रिक के खिलाफ जिन लोगों ने अब तक शिकायतें की हैं उन सभी के बयान दर्ज कर लिए हैं। कुछ साक्ष्य भी पीडि़तों ने उपलब्ध कराए हैं। प्रथम दृष्टया तांत्रिक के फर्जीवाड़े की पुष्टि हो रही है। कुछ बिंदुओं पर पड़ताल कर रहे हैं, जल्द ही आगे की कार्रवाई की जाएगी। नीलम चौधरी, सीएसपी, मकरोनिया